विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Feb 23, 2023 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

Gorakhpur: दो दिन से लापता युवक का खाली मकान में मिला शव, घरवालों ने लगाया हत्या का आरोप

By Jagran NewsEdited By: Pragati Chand
Published: Thu, 23 Feb 2023 12:28 PM (IST)

चचेरे भाई के शादी समारोह में शामिल होने के लिए घर आया युवक दो दिन से लापता था। इसके पहले ...और पढ़ें

मृत अवनीश निषाद की फाइल फोटो। सौ. स्वजन
मृत अवनीश निषाद की फाइल फोटो। सौ. स्वजन

गोरखपुर, जागरण संवाददाता। दो दिन से लापता युवक का शव सिंघड़िया में रेलवे लाइन किनारे स्थित खाली मकान में मिला। युवक के गायब होने से दो दिन पहले विदेश भेजने वाली एजेंसी के संचालक ने पोस्टर फाड़ने का आरोप लगाते हुए युवक को पीटा था। स्वजन का आरोप है कि संचालक ने अपने साथियों संग मिलकर हत्या की है। पुलिस आरोप की जांच कर रही है।

यह है पूरा मामला

सिंघड़िया निवासी 19 वर्षीय अवनीश निषाद नागपुर में रहकर पेंटिंग का काम करता था। चाचा के लड़के की शादी में शामिल होने के लिए वह 11 फरवरी को घर आया था। 16 फरवरी को मोहल्ले में स्थित विदेश भेजने वाली एजेंसी के संचालक ने पोस्टर फाड़ने का आरोप लगाते हुए अवनीश को पीट दिया था। इसकी सूचना उसने इंजीनियरिंग कॉलेज पुलिस चौकी पर दी थी।

आरोप है कि पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। 20 फरवरी की सुबह वह घर से निकला तब से लौटा नहीं। बुधवार की शाम घर से एक किलोमीटर दूर रेलवे लाइन किनारे स्थित खाली मकान में शव मिला। बगल में इंजेक्शन भी पड़ा था। फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर जांच की। अवनीश की मां रीता ने विदेश भेजने वाली एजेंसी के संचालक समेत तीन युवकों के विरुद्ध तहरीर दी है। पुलिस आरोप की जांच कर रही है।

चाचा के लड़के का बुधवार को था तिलक

बुधवार को अवनीश के चाचा के लड़के का तिलक था जिसमें वह शामिल नहीं हो सका। स्वजन के अनुसार मोहल्ले के लोगों ने बताया कि मंगलवार को वह घर के पास दिखा था। स्वजन का आरोप है कि अवनीश का मोबाइल फोन भी गायब है। घटनास्थल से एक पैर का चप्पल मिला है।

क्या कहते हैं पुलिस अधिकारी

एसपी सिटी कृष्ण कुमार बिश्नोई ने बताया कि घटनास्थल और आसपास के क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरे का फुटेज कैंट थाना पुलिस देख रही है। घटना से जुड़े सभी पहलु व स्वजन के आरोप की जांच चल रही है। पोस्टमार्टम के बाद साफ होगा कि युवक की मौत कैसे हुई। रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी।