यूपी चुनाव 2022 : 150 की टीम के साथ 'पंजा' उतरेगा डिजिटल मैदान में
UP Chunav 2022 कांग्रेसी रैली और जनसंपर्क के माध्यम से विधानसभा चुनाव लडऩे की तैयारी में थे। चुनाव आयोग के निर्देश के बाद कांग्रेसियों ने इंटरनेट मीडिया पर प्रचार के लिए आनन-फानन टीम बनानी शुरू की। पार्टी डिजिटल माध्यमों से चुनाव प्रचार की तेजी से तैयारी कर रही है।

गोरखपुर, जागरण संवाददाता। न्याय पंचायत स्तर पर दरी बिछाकर बैठक करने वाली कांग्रेस पार्टी अब डिजिटल के मैदान पर लड़ाई के लिए खुद को तैयार करने में जुटी है। डिजिटल माध्यमों से पक्ष में माहौल बनाने के लिए पार्टी ने 150 युवाओं की टीम बनाई है। यह टीम नौ विधानसभा क्षेत्रों में अलग-अलग चुनाव प्रचार की कमान संभालेगी। प्रचार कैसे शुरू करना है इसके लिए टीम को हाईकमान से निर्देश मिलने का इंतजार है।
कांग्रेस पार्टी ने न्याय पंचायत स्तर पर संगठन को मजबूत करने के लिए काफी कोशिश की है। खुद प्रदेश अध्यक्ष अजय लल्लू ने कई गांवों में बैठक की है। दो रात वह गांव में रुककर लोगों की नब्ज टटोल कर प्रदेश व केंद्र सरकार की नीतियों के बारे में भी जनता को बता चुके हैं।
रैलियों और जनसंपर्क की थी तैयारी
कांग्रेसी रैली और जनसंपर्क के माध्यम से विधानसभा चुनाव लडऩे की तैयारी में थे। चुनाव आयोग के निर्देश के बाद कांग्रेसियों ने इंटरनेट मीडिया पर प्रचार के लिए आनन-फानन टीम बनानी शुरू की। जिलाध्यक्ष निर्मला पासवान कहती हैं कि पार्टी डिजिटल माध्यमों से चुनाव प्रचार की तेजी से तैयारी कर रही है। हम पूरी तरह तैयार हैं।
जिलाध्यक्ष के ट्विटर पर मात्र 26 फालोवर
कांग्रेस भले ही डिजिटल माध्यमों से चुनाव प्रचार के लिए मैदान में उतरने की तैयारी कर रही हो, लेकिन पुराने आंकड़े कांग्रेसियों के इंटरनेट मीडिया पर सक्रियता की सच्ची कहानी बयां कर रहे हैं। कांग्रेस की जिलाध्यक्ष निर्मला पासवान का ट्विटर पर वर्ष 2017 से अकाउंट है। वह 95 लोगों को फालो करती हैं और सिर्फ 26 लोग ही उनके फालोवर हैं। निर्मला ट्विटर पर बहुत सक्रिय नहीं हैं।
छह दिन पहले उन्होंने एक स्कूल की कुछ लड़कियों के साथ बातचीत की फोटो शेयर की है। इसके साथ लड़की हूं लड़ सकती हूं का नारा लिखा है। फेसबुक पर निर्मला पासवान की फ्रेंडलिस्ट में पांच हजार लोग हैं। एक दिन पहले उन्होंने प्रियंका गांधी वाड्रा की प्रोफाइल फोटो शेयर की है। इसके अलावा उनकी पोस्ट में लड़की हूं लड़ सकती हूं का ही नारा ज्यादा है।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।