विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

गोरखपुर में सीएम योगी करेंगे 1663 करोड़ की परियोजनाओं का लोकार्पण-शिलान्यास, दीपावली से पहले मिलेगी सौगात

Published: Sat, 31 Oct 2026 07:49 AM (IST)

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ दीपावली से पहले गोरखपुर को 1663 करोड़ रुपये की 88 विकास परियोजनाओं की सौगात देंगे। इनमें चौरी ...और पढ़ें

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ। जागरण

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ। जागरण

HighLights

  1. मुख्यमंत्री योगी 1663 करोड़ की 88 परियोजनाओं का लोकार्पण-शिलान्यास करेंगे।

  2. चौरी चौरा आरओबी और गोड़धोइया नाला फेज-1 का लोकार्पण होगा।

  3. गोरखपुर सीवरेज योजना और नाले के समानांतर सड़क का शिलान्यास।

जागरण संवाददाता, गोरखपुर। दीपावली के पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जिले को 1663 करोड़ रुपये की परियोजनाओं का लोकार्पण व शिलान्यास करेंगे। इनमें सड़क, ओवरब्रिज, बाढ़ से बचाव, नगरीय जीवन सुगमता से जुड़ी 88 परियोजनाएं शामिल हैं। चौरी चौरा क्षेत्र को जाम से मुक्ति दिलाने वाले महत्वपूर्ण रेल ओवरब्रिज का लोकार्पण करने के साथ ही मुख्यमंत्री गोड़धोइया नाला के फेज एक का लोकार्पण और फेज दो व नाला के समानांतर सड़क निर्माण का शिलान्यास करेंगे। मुख्यमंत्री गोरखपुर सीवरेज योजना जोन ए तीन का भी शिलान्यास करेंगे।

एक नवंबर को मुख्यमंत्री सबसे पहले सुबह चौरी चौरा विधानसभा क्षेत्र में पहुंचेंगे। वह भोपा बाजार में 59.44 करोड़ रुपये की लागत से बनकर तैयार हुए रेल ओवरब्रिज (आरओबी) का उद्घाटन करेंगे। यहां 287.56 करोड़ रुपये की लागत वाली 84 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे। चौरी चौरा क्षेत्र में जिन परियोजनाओं की सौगात मिलने जा रही है, उनमें बाढ़ बचाव और रोड कनेक्टिविटी के कई कार्य शामिल हैं।

सबसे महत्वपूर्ण परियोजना रेल ओवरब्रिज की है। गोरखपुर-भटनी रेल खंड पर स्थित समपार संख्या 147बी पर वर्षों से स्थानीय नागरिकों, व्यापारियों और स्कूली बच्चों को भीषण जाम का सामना करना पड़ता था। ट्रेनों की आवाजाही के चलते दिनभर में कई बार फाटक बंद होने से यात्रियों को भारी असुविधा होती थी।

ओवरब्रिज पर ऐतिहासिक चौरी चौरा घटना की गौरवगाथा भी उकेरी गई है। इसमें योगदान देने वाले अमर बलिदानियों की स्मृति में ओवरब्रिज के स्तंभों और दीवारों पर आकर्षक म्यूरल आर्ट (भित्तिचित्र) सजाया गया है।

चौरी चौरा से वापस आकर मुख्यमंत्री 495.24 करोड़ रुपये की लागत से पूर्ण हो चुके गोड़धोइया नाला फेज एक का लोकार्पण करेंगे। 92.72 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले फेज दो, नाले के समानांतर 65.93 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली सड़क और 721.40 करोड़ रुपये की लागत वाली गोरखपुर सीवरेज योजना जोन ए तीन का शिलान्यास भी करेंगे।

यह हुआ है
गोड़धोइया नाला परियोजना के फेज एक के तहत 9.25 किलोमीटर लंबे नाले के लिए 7.75 किमी पक्का नाला का निर्माण किया गया है। इसके अतिरिक्त 17.50 किलोमीटर इंटरसेप्टिंग सीवर लाइन बिछाई गई है और सीवेज के शोधन के लिए 38 मिलियन लीटर प्रतिदिन क्षमता का सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) स्थापित किया गया है। इसके अलावा 61 एमएलडी क्षमता का एक मेन पंपिंग स्टेशन और 14 ब्रिज/कल्वर्ट का निर्माण कराया गया है।

पक्का नाला निर्माण, डायवर्जन, इंटरसेप्शन और ट्रीटमेंट से जुड़ी यह परियोजना शहर के उत्तरी छोर के 17 वार्डों में जल निकासी को बेहतर बनाने और सीवेज का वैज्ञानिक तरीके से शोधन करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। एसटीपी में शोधन के बाद पानी को रामगढ़ताल में प्रवाहित किया जा रहा है। सीवेज के शोधन से रामगढ़ताल की जल गुणवत्ता में भी लगातार सुधार हो रहा है।

यह होना है
गोड़धोइया नाला परियोजना के दूसरे फेज में 92.72 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। इसके तहत नाले के 1.50 किलोमीटर लंबे कच्चे हिस्से को आरसीसी निर्माण के माध्यम से पक्का कराया जाएगा। इसके अतिरिक्त, गोड़धोइया नाले के अंतिम छोर पर स्थित बिछिया रेलवे कालोनी में 38 एमएलडी क्षमता वाले एसटीपी तक पहुंचने के लिए फिलहाल एक ही संकरा रास्ता उपलब्ध है। यह रास्ता रेलवे कालोनी के भीतर आवासीय कालोनियों से होकर गुजरता है। भविष्य में रेलवे की ओर से अपनी कालोनियों के लिए चहारदीवारी कराए जाने की संभावना जताई जा रही है।

ऐसी स्थिति में एसटीपी तक पहुंचने का मौजूदा रास्ता बंद हो सकता है। इसे देखते हुए नाले के समानांतर एसटीपी तक पहुंचने के लिए 1.50 किलोमीटर लंबे मार्ग का प्रविधान किया जा रहा है। फेज दो के तहत 120 स्ट्रीट लाइट लगाने के साथ लैंडस्केपिंग का कार्य भी कराया जाएगा। दूसरे चरण के कार्यों के लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

गोड़धोइया नाला के समानांतर बनेगी सड़क
गोड़धइया नाला के समानांतर सर्विस रोड का निर्माण भी कराया जाएगा। मुख्यमंत्री इसका भी शिलान्यास करेंगे। 7.75 किमी लंबाई में सड़क के निर्माण पर 65.93 करोड़ रुपये की लागत आएगी। इस सड़क के बन जाने से नाले के किनारे बसे शहरवासियों को बेहतर कनेक्टिविटी मिलेगी। नाले के दोनों ओर 3.75 मीटर चौड़ाई में कैरेजवे निर्माण, सुंदरीकरण के लिए पौधरोपण, सुरक्षा हेतु क्रैश बैरियर और प्रकाश के लिए स्ट्रीट लाइट लगाने का कार्य भी शामिल है।

यह भी पढ़ें- यूपी में पढ़े-लिखे मतदाताओं की बड़ी चूक, विधान परिषद चुनाव में 53 हजार से अधिक वोट निरस्त


बिछाई जाएगी 350 किमी लंबी सीवर लाइन
गोड़धोइया नाला के कैचमेंट क्षेत्र में सीवर प्रबंधन के लिए स्वीकृत गोरखपुर सीवरेज जोन ए तीन के तहत लगभग 350 किमी में सीवर लाइन बिछाई जाएगी। इस कार्य का शिलान्यास सीएम योगी एक नवंबर को करेंगे। अमृत 2.0 कार्यक्रम के अंतर्गत इस योजना को पूर्ण करने में 721.40 करोड़ रुपये की लागत आएगी। इस योजना में गोड़धोइया नाले से संबंधित 17 वार्डों में सीवर लाइन, 43604 सीवर गृह संयोजन व दो इंटरमीडिएट पंपिंग स्टेशन (37.50 एमएलडी एवं 27 एमएलडी) का निर्माण कराया जाएगा।

यह भी पढ़ें- गोरखपुर एम्स में पहली बार दूरबीन विधि से हायाटल हर्निया का सफल ऑपरेशन, मरीज को सीने में जलन और उल्टी से मिली राहत

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।