विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'चुनौती देने वालों को आमने-सामने लड़ने की हिम्मत नहीं', CM योगी का अखिलेश को अयोध्या से चुनाव लड़ने का चैलेंज

Published: Thu, 19 Nov 2026 06:18 PM (IST)

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर में 792 करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण/शिलान्यास किया। उन्होंने अखिलेश यादव को अयोध्या से चुनाव लड़ने की चुनौती दी।

कैंपियरगंज में विभिन्न परियोजनाओं के लोकार्पण समारोह को संबोधित करते सीएम योगी। फोटो- जागरण

कैंपियरगंज में विभिन्न परियोजनाओं के लोकार्पण समारोह को संबोधित करते सीएम योगी। फोटो- जागरण

HighLights

  1. गोरखपुर में पहले वानिकी एवं औद्यानिकी विश्वविद्यालय की आधारशिला रखी।

  2. सीएम योगी ने अखिलेश यादव को अयोध्या से चुनाव लड़ने की चुनौती दी।

  3. सपा पर गुंडागर्दी व अराजकता फैलाने का आरोप, कार्रवाई के निर्देश।

जागरण संवाददाता, गोरखपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को कैंपियरगंज वन क्षेत्र के भारीवैसी में प्रदेश के पहले वानिकी एवं औद्यानिकी विश्वविद्यालय की आधारशिला रखने के साथ ही 792 करोड़ रुपये से अधिक की कुल 55 विकास परियोजनाओं का शिलान्यास व लोकार्पण किया। अयोध्याधाम को लेकर बिना नाम लिए समाजवादी पार्टी पर हमला हुए।

सीएम योगी ने कहा कि रामभक्त हर समय प्रभु श्रीराम का स्मरण करता है, दुर्जनों के मुंह से अंतिम समय में राम नाम शब्द निकलता है।

सपा प्रमुख के प्रस्तावित अयोध्या दौरे के संबंध में कहा कि जिन्होंने रामभक्तों पर गोलियां चलाई थीं, जय श्रीराम बोलने पर लाठी-डंडे चलाए थे, जो लोग हिंदू आस्था के साथ खिलवाड़ करते थे, जिन्होंने अयोध्याधाम को अपमानित किया था, सुविधाओं से वंचित किया था, आज उनको भी राम नाम याद आ रहा है। मारीच के रूप में जो लोग आ रहे हैं, उनको समझने की आवश्यकता है।

अखिलेश की चुनौती पर सीएम योगी का पलटवार

सीएम योगी ने कुछ दिनों पूर्व सपा प्रमुख अखिलेश यादव की तरफ से अयोध्या से चुनाव लड़ने की दी गई चुनौती का उल्लेख करते हुए कहा कि अयोध्या तो हमारी आस्था की भूमि है, आप नामांकन करिए तो मैं भी नामांकन कर लेता हूं। एक बार आमने-सामने हो ही जाए, क्यों बेकार आप चिंता कर रहे हैं, क्यों परेशान हैं?

सीएम ने कहा उनकी हिम्मत नहीं है आमने-सामने लड़ने की। कमजोर व्यक्ति आमने-सामने नहीं लड़ता, पीछे से वार करता है। मुख्यमंत्री ने सपा और कांग्रेस को कठघरे में खड़ा करते हुए कहा कि जिन्होंने माफिया के बल पर उत्तर प्रदेश को रौंदा हो, तबाह किया हो, नौजवानों की नौकरी में सेंध लगाई हो, बेटी और व्यापारियों की सुरक्षा में सेंध लगाकर उन्हें असुरक्षित किया हो, अन्नदाता किसानों को भूखमरी के कगार पर पहुंचाने का पाप और प्रदेश के सामने पहचान का संकट खड़ा किया था, वे लोग आज कैसे उत्तर प्रदेश में मुंह दिखाने का काम कर रहे हैं।

सड़कों पर अराजकता करने वालों को ढूंढ निकालो- सीएम योगी

मुख्यमंत्री ने बुधवार को गोरखपुर में सपा प्रमुख अखिलेश यादव के रोड शो के दौरान एक बालक की काफिले के वाहन से कुचलकर हुई मौत को हत्या करार दिया। मृत बालक के परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि बेशर्मी की हद यह है कि घटना करने वाले ये माफिया पोषक, गुंडागर्दी और अराजकता के पोषक मौन रहे।

सीएम ने कहा कि संवेदना के एक भी शब्द इनके पास नहीं थे। जिन गुंडों ने सड़कों पर अराजकता फैलाई, उनके खिलाफ कार्रवाई करने के लिए प्रशासन से कहा है। उन गुंडों को ढूंढ निकालो। उनको सजा मिलनी चाहिए कि कई पीढ़ियां याद कर सकें।

गुंडागर्दी व अराजकता की पर्याय है समाजवादी पार्टी

मुख्यमंत्री ने कहा कि समाजवादी पार्टी गुंडागर्दी, अराजकता, दंगों और कर्फ्यू की पर्याय है। माफिया इनका सगा है और जनता को इन्होंने हमेशा दगा दिया है। जनता के साथ धोखा किया है, शोषण किया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि आखिर 12-13 वर्ष के उस मासूम की गलती क्या थी।

आक्रोश जताते हुए कहा कि जैसे कुत्ते की पूंछ कभी सीधी नहीं हो सकती, ये गुंडे और माफिया भी तब तक सीधे नहीं हो सकते जब तक कि इनको डंडे के बल पर सीधा नहीं किया जाए। इन्हें सीधा करने का काम हमारी सरकार कर रही है। सरकार ने इनकी गुंडागर्दी को ठीक किया है और उसी को ठीक करने के लिए एक बार फिर से उन पर लगाम कसने की तैयारी हम लोग कर रहे हैं।

यह भी पढ़ें- रोड शो में किशोर की मौत पर अखिलेश पर बरसे योगी, बोले- गुंडे-माफिया कभी सीधे नहीं हो सकते

यह भी पढ़ें- गोरखपुर में सीएम योगी ने किया प्रदेश के पहले वानिकी विश्वविद्यालय का भूमि पूजन, 491 करोड़ की लागत से होगा निर्माण

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।