विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Dec 19, 2024 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

UP News: CM योगी के शहर में अवैध निर्माण पर गरजा बुलडोजर, सड़क पर रोने लगीं महिलाएं; तस्वीरों में देखें पूरा हाल

Published: Thu, 19 Dec 2024 09:43 AM (IST)

गोरखपुर में सीएम योगी आदित्यनाथ के शहर में अवैध निर्माण पर बुलडोजर गरजा। बशारतपुर स्थित खरैया पोखरे की भूमि पर ...और पढ़ें

ख़रैया पोखरा पर अतिक्रमण हटाने के दौरान गिड़गिड़ाती महिला को रोकता नगर निगम की प्रवर्तन दल। जागरण
ख़रैया पोखरा पर अतिक्रमण हटाने के दौरान गिड़गिड़ाती महिला को रोकता नगर निगम की प्रवर्तन दल। जागरण

HighLights

  1. निगम ने पक्के मकानों की चहारदीवारी तोड़ी, कब्जा खाली करने को एक माह की मोहलत
  2. बुलडोजर के सामने आकर किया विरोध, पोखरे की 1.55 एकड़ भूमि पर 15 लोगों का कब्जा

जागरण संवाददाता, गोरखपुर। विरोध के बीच नगर निगम की टीम ने बुधवार को बशारतपुर स्थित खरैया पोखरे की भूमि पर कब्जा कर बनाए गए अवैध निर्माण को बुलडोजर और पोकलेन से ध्वस्त करा दिया। टीम ने आवासीय निर्माण की चहारदीवारी भी गिरा दी और संबंधित को एक माह के भीतर पोखरे की जमीन से हटने की चेतावनी दी है।

निगम प्रशासन इसके बाद पक्के निर्माण को भी ध्वस्त कराएगा। टीम के मौके पर पहुंचते ही हंगामा शुरू हो गया । कब्जा करने वाले बुलडोजर के सामने आ गए तो महिलाएं रोने लगीं। पुलिस और महिला कर्मियों की मदद से सभी को हटाकर निगम ने कार्रवाई शुरू की।

अपर नगर आयुक्त निरंकार सिंह के नेतृत्व में नगर निगम और सदर तहसील की राजस्व टीम ने करीब एक साल पूर्व पांच दिसंबर को पोखरे की पैमाइश कराई थी। उस दौरान ही पाया गया था कि अभिलेखों में तालाब का मूल रकबा 3.41 एकड़ है, जबकि मौके पर 1.55 एकड़ जमीन पर कब्जा हो गया है। कुल 15 लोगों ने अलग-अलग पोखरे की 25 वर्ग मीटर से लेकर 540 वर्ग मीटर तक की जमीन पर अवैध निर्माण करा रखा है।

ख़रैया पोखरा पर अतिक्रमण पर चलता नगर निगम का बुलडोजर। जागरण


इसे भी पढ़ें-बिरयानी लाने पर स्कूल से निकाले गए छात्र को हाई कोर्ट से राहत, दिए प्रवेश के निर्देश

इनमें ज्यादातर ने खाली प्लाट पर चहारदीवारी बनाकर तो छह लोगों ने पक्का मकान बनवा रखा है। दो लाेग ने टीन शेड डालकर कब्जा जमाया है। पैमाइश के बाद नगर निगम ने 14 दिसंबर 2023 को ही सभी को नोटिस जारी कर अवैध निर्माण हटाने की चेतावनी दी थी। लेकिन किसी ने इसे गंभीरता से नहीं लिया।

पिछले सप्ताह फिर पोखरे की जमीन पर कब्जे की शिकायत हुई जिसपर टीम ने मौके पर पहुंचकर उसे रोकवाया था। इसके निगम प्रशासन ने कब्जेदारों पर कार्रवाई का निर्णय किया। दो-तीन दिन से निगम की टीम लगातार मुनादी कराकर कब्जा खाली करने और न करने पर उसे ध्वस्त करने की चेतावनी दे रही थी।

ख़रैया पोखरा पर अतिक्रमण पर चलता नगर निगम का बुलडोजर। जागरण


बुधवार की सुबह 11.30 बजे के करीब अपर नगर आयुक्त निरंकार सिंह के नेतृत्व में नगर निगम, प्रशासन और पुलिस की संयुक्त टीम चार बुलडोजर और दो पोकलेन के साथ कार्रवाई के लिए मौके पर पहुंची। टीम ने पहले खाली प्लाट की चहारदीवारी गिराई।

इसके बाद जिन लोगों ने टिनशेड डालकर कब्जा किया था, बुलडोजर का रुख उनकी ओर किया। यह देख कुछ कब्जेदार बुलडोजर के सामने आ गए। यद्यपि, पुलिस ने सख्ती दिखाई तो वे हट गए। वहीं घरों के बाहर खड़ी होकर महिलाएं भी रोने लगी।

ख़रैया पोखरा पर अतिक्रमण हटाने के दौरान गिड़गिड़ाती महिला को रोकती नगर निगम प्रवर्तन दल। जागरण


उनका कहना था कि पूरा परिवार बेघर हो जाएगा। वे इस ठंड में कहां जाएंगे। इस पर महिला पुलिस कर्मियों की मदद से निगम प्रशासन ने इन्हें हटाया और अवैध निर्माण को ध्वस्त करने की कार्रवाई शुरू हो गई। टीन शेड वाले निर्माण ध्वस्त करने के बाद टीम ने पक्के घरों की चहारदीवारी ध्वस्त कराई और वहां रह रहे लोगों को एक माह में जमीन खाली करने की हिदायत दी। चेताया कि यदि उन्होंने कब्जा नहीं हटाया तो टीम हटाएगी।

इसे भी पढ़ें-महाकुंभ 2025 मुफ्त रेल यात्रा का दावा झूठा, बिना टिकट यात्रा पर होगी कार्रवाई

कोर्ट के स्टे के बाद भी निर्माण ध्वस्त करने का लगाया आरोप

कार्रवाई के दौरान कब्जेदारों ने नगर निगम पर मनमानी का आरोप लगाया। जेम्स हेराल्ड ने बताया कि उसने अपनी जमीन पर चहारदीवारी बनाकर टिनशेड डाला था, बिना नोटिस इसे तोड़ दिया गया। आरोप लगाया कि हाईकोर्ट के स्टे के बावजूद यह कार्रवाई हुई है। रवि यादव ने आरोप लगाया कि यह कार्रवाई नियम के विरुद्ध है। उन्होंने जमीन की रजिस्ट्री कराई है।

ख़रैया पोखरा पर अतिक्रमण हटाने के दौरान गिड़गिड़ाती महिला को रोकता नगर निगम की प्रवर्तन दल। जागरण


खरैया पोखरा का होगा सुंदरीकरण

खरैया पोखरे की जमीन कब्जामुक्त कराने के बाद नगर निगम इसका सुंदरीकरण कराएगा। निगम के मुताबिक इसे पर्यटन केंद्र के तौर पर विकसित किया जाएगा। पोखरे के पानी की सफाई के साथ ही इसके चारों ओर पाथ वे और आकर्षक लाइटें लगाई जाएंगी।

ख़रैया पोखरा पर अतिक्रमण हटाने के दौरान गिड़गिड़ाती महिला को रोकता नगर निगम की प्रवर्तन दल। जागरण


अपर नगर आयुक्त निरंकार सिंह ने कहा कि खरैया पोखरे की जमीन पर कब्जा कर अवैध निर्माण कराने वाले सभी लोगों को नोटिस जारी किया गया था। उन्हें कब्जा हटाने के लिए कई बार चेतावनी के साथ ही भरपूर मोहलत भी दी गई। इसके बाद भी जब लोगों ने अवैध कब्जा नहीं हटाया तो दो-तीन दिन से निरंतर वहां अनाउंसमेंट कराकर कब्जा खाली करने को चेताया जा रहा था।

ख़रैया पोखरा पर अतिक्रमण हटाने के दौरान बुलडोजर के सामने आए स्थानीय को रोकता नगर निगम प्रवर्तन दल। जागरण


कहा कि इसके बाद आज कार्रवाई की गई। आवासीय मकान में रह रहे लोगों को एक महीने के अंदर जगह खाली करने का मौका दिया गया है, इसके बाद उनके अवैध निर्माण भी तोड़े जाएंगे। पोखरा कब्जामुक्त होने के बाद उसका सुंदरीकरण कराया जाएगा।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।