Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    Presidents Visit Gorakhpur: राष्ट्रपति के रूट पर चल CM योगी ने लिया तैयारी का जायजा, बोले- भव्य अगवानी करेगा गोरखपुर

    Updated: Sun, 29 Jun 2025 10:36 AM (IST)

    मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखनाथ मंदिर से आयुष विश्वविद्यालय तक राष्ट्रपति के प्रस्तावित मार्ग का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि राष्ट्रपति के आगमन में कोई कमी न रहे। राष्ट्रपति 30 जून को गोरखपुर एम्स के दीक्षांत समारोह में और 1 जुलाई को आयुष विश्वविद्यालय के लोकार्पण कार्यक्रम में शामिल होंगी। मुख्यमंत्री ने जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक कर कार्यक्रम को यादगार बनाने के लिए कहा।

    Hero Image
    आयुष विश्विद्यालय में निरीक्षण करते मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ। जागरण

    जागरण संवाददाता, गोरखपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार की सुबह गोरखनाथ मंदिर से भटहट के पिपरी में स्थित आयुष विश्वविद्यालय तक सड़क मार्ग से यात्रा कर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु के प्रस्तावित रूट का निरीक्षण किया। लगातार दूसरे दिन भी आयुष विश्वविद्यालय का निरीक्षण कर उन्होंने कार्यक्रम के संबंध में अधिकारियों को कई जरूरी दिशा निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के पहले आयुष विश्वविद्यालय के लोकार्पण समारोह में शामिल होने आ रहीं राष्ट्रपति की भव्य अगवानी में कोई खामी न रहे।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    आयुष विश्वविद्यालय का लोकार्पण करने के बाद राष्ट्रपति सड़क मार्ग से गोरखनाथ मंदिर जाएंगी। लिहाजा मुख्यमंत्री ने गोरखनाथ मंदिर से आयुष विश्वविद्यालय तक राष्ट्रपति के रूट का जायजा लिया। इस यात्रा का उद्देश्य राष्ट्रपति के रूट का निरीक्षण-परीक्षण करना था।

    मुख्यमंत्री गोरखनाथ मंदिर से नकहा ओवरब्रिज, स्पोर्ट्स कालेज चौराहा, करीमनगर चौराहा, झुंगिया मोड़, मेडिकल कालेज रोड होते हुए आयुष विश्वविद्यालय आए। यहां उन्होंने अधिकारियों के साथ एक बार फिर तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने हिदायत दी कि राष्ट्रपति के कार्यक्रम को भव्य बनाने में कोई कसर बाकी नहीं रहनी चाहिए।

    30 जून और एक जुलाई को राष्ट्रपति के दो दिवसीय दौरे के कार्यक्रमों को लेकर मुख्यमंत्री लगातार नजर बनाए हुए हैं। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु 30 जून को एम्स गोरखपुर के प्रथम दीक्षांत समारोह में सम्मिलित होंगी। जबकि अगले दिन एक जुलाई को वह भटहट के पिपरी में बने राज्य के पहले महायोगी गुरु गोरखनाथ आयुष विश्वविद्यालय का लोकार्पण और सोनबरसा बालापार में महायोगी गोरखनाथ विश्वविद्यालय में अकादमिक भवन, आडिटोरियम, पंचकर्म केंद्र का लोकार्पण और गर्ल्स हास्टल का शिलान्यास करेंगी। आयुष विश्वविद्यालय का लोकार्पण करने के बाद राष्ट्रपति गोरखनाथ मंदिर जाएंगी। राष्ट्रपति, सभी कार्यक्रम स्थलों तक सड़क मार्ग से ही जाएंगी।

    आयुष विश्वविद्यालय में निरीक्षण के दौरान कुलपति, कई जनप्रतिनिधि, प्रशासन व पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी आदि मौजूद रहे।

    सीएम ने की जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक

    राष्ट्रपति के कार्यक्रमों को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार सुबह आयुष विश्वविद्यालय जाने से पूर्व गोरखनाथ मंदिर के सभाकक्ष में भाजपा के वरिष्ठ पदाधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक की। इस दौरान उन्होंने कहा कि सभी लोग पूरी जिम्मेदारी से राष्ट्रपति के कार्यक्रम को यादगार बनाने में जुट जाएं।

    बैठक में महापौर डा. मंगलेश श्रीवास्तव, भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष एवं एमएलसी डा. धर्मेंद्र सिंह, विधायक श्रीराम चौहान, राजेश त्रिपाठी, विपिन सिंह, महेंद्रपाल सिंह, डा. विमलेश पासवान, प्रदीप शुक्ल, सरवन निषाद, भाजपा के क्षेत्रीय अध्यक्ष सहजानंद राय, जिलाध्यक्ष जनार्दन तिवारी, निवर्तमान अध्यक्ष राजेश गुप्ता आदि उपस्थित रहे।

    पूरे रूट पर उपलब्धियों वाले लगेंगे होर्डिंग- बैनर

    राष्ट्रपति के कार्यक्रम स्थल तक जाने वाले सभी रूट पर सरकार की उपलब्धियों, योजनाओं से जुड़े होर्डिंग व बैनर लगाए जाएंगे। रविवार से इन्हें लगाने का सिलसिला शुरू हो जाएगा।