गोरखपुर में सीएम ग्रिड सड़कों की धीमी रफ्तार, उद्घाटन का करना होगा इंतजार
गोरखपुर में मुख्यमंत्री ग्रीन रोड इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट स्कीम (सीएम ग्रिड) के तहत बन रही स्मार्ट सड़कों का काम धीमी गति ...और पढ़ें

हरिओम नगर तिराहे से अंबेडकर चौक मार्ग पर खोदा गया नाला। जागरण
HighLights
गोरखपुर में सीएम ग्रिड सड़कों का निर्माण कार्य धीमा।
राप्तीनगर की सड़क दो महीने से उद्घाटन का इंतजार कर रही।
गोलघर क्षेत्र की सड़कों का काम भी निर्धारित समय से पीछे।
जागरण संवाददाता, गोरखपुर। शहर में यातायात को सुगम और हाईटेक बनाने के लिए मुख्यमंत्री ग्रीन रोड इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट स्कीम (सीएम ग्रिड) के तहत लगभग 340 करोड़ की लागत से सड़कों को 'स्मार्ट रोड' में बदला जा रहा है। लेकिन इस योजना की रफ्तार ही सवालों के घेरे में है।
गोरखपुर की पहली सीएम ग्रिड सड़क राप्तीनगर में बनकर तैयार हो चुकी है, लेकिन करीब दो महीने बाद भी इसका उद्घाटन नहीं हो सका है। हालांकि अभी कुछ उखड़ी टाइल्स और भूमिगत नालियों को दुरुस्त करने का काम हो रहा है।
उधर, गोलघर क्षेत्र में निर्माणाधीन सीएम ग्रिड सड़कों का काम भी निर्धारित समय से पीछे चल रहा है। इन सड़कों को नवंबर तक पूरा करने का लक्ष्य है, लेकिन मौजूदा स्थिति को देखते हुए अब जनवरी तक काम पूरा होने की बात कही जा रही है। कई नालों को आपस में जोड़ने का काम भी अधूरा है। इसके अलावा सड़क का निर्माण पूरा नहीं होने से यातायात प्रभावित है। निर्माण के कारण जगह-जगह आवाजाही में भी परेशानी हो रही है।
लोगों की सुविधा को देखते हुए कचहरी चौराहे का पास पुलिया बनाने का काम फिलहाल टाल दिया गया है। विजय चौराहा से हरिओमनगर चौराहा होते हुए आंबेडकर चौराहा की ओर से सीएम ग्रिड सड़क का निर्माण की गति भी काफी धीमी है। जिस योजना का उद्देश्य शहर को सुगम और व्यवस्थित यातायात देना है, उसमें लेटलतीफी लोगों की परेशानी बढ़ा रही है।
मुख्य अभियंता अमित शर्मा ने कहा कि राप्तीनगर सीएम ग्रिड सड़क का निर्माण पूरा हो चुका है। गोलघर क्षेत्र में भी कार्य प्रगति पर है। वर्षा बंद होने के बाद इन सड़कों के निर्माण में तेजी लाई गई है।
सीएम ग्रिड सड़कों की खासियत
- भूमिगत यूटिलिटी डक्ट, आधुनिक जलनिकासी, फुटपाथ, पार्किंग, स्ट्रीट लाइट, सीसीटीवी और ई-चार्जिंग की सुविधा।
सीएम ग्रिड सड़कों की स्थिति
- राप्तीनगर-शाहपुर: लंबाई करीब 1.88 किलोमीटर, लागत 44.88 करोड़। निर्माण पूरा।
निर्माणाधीन
- कचहरी से काली मंदिर मार्ग: लंबाई 842 मीटर, लागत 7.70 करोड़।
- शिवाय होटल से गणेश चौराहा, अग्रसेन तिराहा होते हुए विजय चौक: लंबाई 1,250 मीटर, लागत 12.36 करोड़।
- शास्त्री चौक से छात्रसंघ चौराहा, आंबेडकर चौक, ऐश्प्रा तिराहा, हरिओमनगर होते हुए टाउनहाल: लंबाई 2,370 मीटर, 21.27 करोड़।
- गणेश चौराहा से हरिओमनगर तिराहा: लंबाई 1,300 मीटर, चौड़ाई 18 से 25 मीटर।
प्रस्तावित/ स्वीकृत
- स्पोर्ट्स कालेज रोड से कैलाश शुक्ला के मकान तक: लंबाई 1,100 मीटर।
- गोलघर कचहरी चौक से बेतियाहाता चौराहा: लंबाई 775 मीटर।
- गोपलापुर क्षेत्र: रेड चिली रेस्टोरेंट से अमरावती टावर होते हुए शाही ग्लोबल हास्पिटल तथा अमरावती टावर से एसबीआइ बैंक, एनएच ब्रिज होते हुए एपेक्स हास्पिटल तक, लंबाई 2,033 मीटर।
- चरगावां वार्ड-08: एजुकेयर क्लोजेज से एसबीआइ बैंक एटीएम होते हुए यश आई क्लिनिक तक, लंबाई 730 मीटर।
- राप्तीनगर से मेडिकल कालेज रोड: प्रस्तावित लंबाई 500 मीटर।
- पांडेयहाता से राजघाट: वार्ड-32 में प्रस्तावित मार्ग, जो विरासत गलियारे को राजघाट से जोड़ेगा।
यह भी पढ़ें- गोरखपुर में CISF जवान की मौत: कैब चालक हिरासत में, पुलिस जांच में जुटी
