गोरखपुर में CISF जवान की मौत: कैब चालक हिरासत में, पुलिस जांच में जुटी
गोरखपुर में कालेसर जीरो प्वाइंट के पास मृत मिले CISF जवान कर्मवीर यादव की मौत के मामले में पुलिस ने ...और पढ़ें

सीआईएसएफ जवान कर्मवीर यादव। जागरण
HighLights
CISF जवान कर्मवीर यादव की संदिग्ध मौत की जांच तेज।
धनबाद से लाने वाले कैब चालक को पुलिस ने हिरासत में लिया।
सीसीटीवी फुटेज और कॉल डिटेल खंगाल रही है पुलिस।
जागरण संवाददाता, गोरखपुर। कालेसर जीरो प्वाइंट स्थित बोक्टा-बरवार बांध के किनारे मृत मिले सीआईएसएफ जवान कर्मवीर यादव (38) की मौत के मामले में पुलिस ने जांच तेज कर दी है। गीडा पुलिस ने धनबाद से जवान को गोरखपुर लाने वाले कैब चालक की पहचान कर उसे हिरासत में ले लिया है। उससे पूछताछ कर जवान की मौत से जुड़े घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।
जांच के दौरान पुलिस ने कालेसर और आसपास के विभिन्न स्थानों पर लगे सीसी कैमरों की फुटेज खंगाली। इसी क्रम में जवान को धनबाद से गोरखपुर लाने वाली कैब का पता चला। फुटेज में वाहन का पंजीकरण नंबर मिलने के बाद पुलिस ने वाहन मालिक और चालक के बारे में जानकारी जुटाई। इसके बाद टीम चालक तक पहुंची और उसे हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की।
पुलिस चालक से यह जानने का प्रयास कर रही है कि कर्मवीर धनबाद से गोरखपुर के लिए कब रवाना हुए थे। रास्ते में कैब किन-किन स्थानों पर रुकी और इस दौरान जवान के संपर्क में कौन लोग आए, इसकी भी जानकारी जुटाई जा रही है। पूछताछ में सामने आ रही जानकारी का अन्य साक्ष्यों से मिलान किया जा रहा है। पुलिस ने जवान के मोबाइल फोन की काल डिटेल रिकार्ड (सीडीआर) और घटनास्थल सहित रास्ते में लगे सीसी कैमरों की फुटेज की भी दोबारा जांच शुरू की है।
यह भी पढ़ें- गोरखपुर में प्रेमिका को गिफ्ट देने के लिए मोबाइल फोन छीना, 48 घंटे में गिरफ्तार
अंतिम बार महिला से हुई थी बातचीत, चल रही तलाश
पुलिस ने जवान के मोबाइल फोन की काल डिटेल खंगाली है। इसमें अंतिम बार एक महिला से बातचीत होने की जानकारी सामने आई है। अब पुलिस उक्त महिला की तलाश कर रही है। महिला के मिलने और पूछताछ के बाद जवान के अंतिम समय के घटनाक्रम की अहम जानकारी मिलने की उम्मीद है। इसके अलावा भी पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि जवान की किन लोगों से बातचीत हुई और उसकी आवाजाही किन स्थानों पर रही।
