विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

गोरखपुर में प्रेमिका को गिफ्ट देने के लिए मोबाइल फोन छीना, 48 घंटे में गिरफ्तार

Published: Fri, 09 Oct 2026 08:08 AM (IST)

गोरखपुर में रामगढ़ताल पुलिस ने प्रेमिका को महंगा तोहफा देने के लिए मोबाइल छीनने वाले दो आरोपियों को 48 घंटे ...और पढ़ें

रामगढ़ताल थाने के लॉकअप में आरोपित। जागरण

रामगढ़ताल थाने के लॉकअप में आरोपित। जागरण

HighLights

  1. रामगढ़ताल पुलिस ने 48 घंटे में दो आरोपी पकड़े।

  2. प्रेमिका को महंगा गिफ्ट देने के लिए मोबाइल छीना था।

  3. 35 सीसीटीवी फुटेज से आरोपियों की पहचान हुई।

जागरण संवाददाता, गोरखपुर। मोबाइल फोन छीनने के मामले में दो आरोपितों को घटना के 48 घंटे के भीतर रामगढ़ताल पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। उनके कब्जे से छिनैती का एंड्रायड फोन और वारदात में प्रयुक्त बाइक बरामद हुई है।

पूछताछ में आरोपितों ने पुलिस को बताया कि मोबाइल बेचकर प्रेमिका के लिए महंगा गिफ्ट खरीदने की योजना थी। उनका कहना था कि गिफ्ट मिलने पर प्रेमिका प्रभावित हो जाती, लेकिन इससे पहले ही पुलिस ने उन्हें पकड़ लिया।

पुलिस के अनुसार, छह अक्टूबर की सुबह करीब 11:30 बजे रामगढ़ताल क्षेत्र में एक व्यक्ति का मोबाइल फोन छीनकर बाइक सवार दो युवक फरार हो गए थे। सूचना पर डायल 112 और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने छिनैती की धारा में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। घटनास्थल और आसपास लगे सीसी कैमरों की फुटेज खंगालने के लिए टीम लगाई गई।

दो दिनों में पुलिस ने 35 कैमरों की फुटेज देखी, जिससे आरोपितों की पहचान हो गई। इसके बाद पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार किया। आरोपितों की पहचान रामगढ़ताल क्षेत्र के बड़गो निवासी मो. ताज और शाहिद के रूप में हुई। दोनों पुराने दोस्त हैं।

ताज आटो चलाता है, जबकि शाहिद कोई काम नहीं करता। पुलिस की जांच में सामने आया कि शाहिद के विरुद्ध वर्ष 2024 में युवती के अपहरण का मुकदमा दर्ज हुआ था। इस मामले में वह जेल भी जा चुका है।

यह भी पढ़ें- यात्रियों को भ्रम में डाल रहे इंटरसिटी के 'कोच बोर्ड', रेलवे की नई व्यवस्था से परेशानी

गिरफ्तारी बाद दोनों ने पुलिस से खुद को लुटेरा नहीं बताते हुए पहली बार गलती होने की बात कही और माफी मांगने लगे। थाने लाकर जब पुलिस ने उनसे सख्ती के साथ पूछताछ की तो एक ने बताया कि प्रेमिका को गिफ्ट देने के लिए उसने मोबाइल फोन छीना था। इस वारदात में उसने अपने साथी का सहयोग लिया। सीओ कैंट अरुण कुमार एस ने बताया कि आरोपितों से पूछताछ के बाद पुलिस ने उन्हें जेल भेज दिया है।

यह भी पढ़ें- सप्तक्रांति-बिहार संपर्क क्रांति सहित 19 ट्रेनों का बदला रूट, गोरखपुर-गोंडा मार्ग पर काम के चलते रेलवे का फैसला