यात्रियों को भ्रम में डाल रहे इंटरसिटी के 'कोच बोर्ड', रेलवे की नई व्यवस्था से परेशानी
गोरखपुर-लखनऊ इंटरसिटी एक्सप्रेस के कोच बोर्ड पर 'लखनऊ-गोरखपुर-पाटलिपुत्र' लिखे होने से यात्री भ्रमित हो रहे हैं। रेलवे प्रशासन एक ही ...और पढ़ें

गोरखपुर-लखनऊ की जगह लखनऊ-गोरखपुर-पाटलिपुत्र का लग रहा है बोर्ड। जागरण
HighLights
इंटरसिटी के कोच बोर्ड पर गलत जानकारी से यात्री परेशान।
एक ही रैक से कई ट्रेनें चलने के कारण बोर्ड नहीं बदला जाता।
गोरखधाम एक्सप्रेस में स्पष्ट बोर्ड से भ्रम की स्थिति नहीं।
जागरण संवाददाता, गोरखपुर। रेल यात्री देवेन्द्र कुमार सुबह 05:00 बजे जैसे ही रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर एक पर पहुंचे, लखनऊ जाने वाली इंटरसिटी एक्सप्रेस को न देखकर परेशान हो उठे। कई यात्री ट्रेन के प्लेटफार्म पर लगने का इंतजार कर रहे थे। 05:45 बजे छूटने वाली ट्रेन की रेक 05:20 बजे के आसपास प्लेटफार्म पर लगी।
ट्रेन की रेक पर लगे कोच बोर्ड को देखकर कुछ देर के लिए वे परेशान हो उठे। कोच बोर्ड पर गोरखपुर-लखनऊ इंटरसिटी की जगह लखनऊ-गोरखपुर-पाटलिपुत्र लिखा हुआ था। देवेंद्र ही नहीं अन्य यात्री भी भ्रमित हो गए। एक-दूसरे से पूछने लगे, लखनऊ वाली इंटरसिटी ही है न। कुछ स्टाल वालों से तो कुछ टिकट चेकिंग स्टाफ व वेंडरों से ट्रेन की जानकारी लेने लगे।
आश्वस्त होने के बाद निर्धारित बोगियों में चढ़ने लगे। बोगियों के दरवाजे खुले तो अंदर अंधेरा था। लाइट नहीं जली थी। यात्री अपना मोबाइल फोन जलाकर सीट खोजकर बैठने लगे। इसी अफरातफरी में ट्रेन के रवाना होने का समय हो गया। ट्रेन आवाज देते हुए एक मिनट की देर से लखनऊ के लिए रवाना हो गई।
यह समस्या अब रोज की हो गई है। 15031 नंबर की गोरखपुर-लखनऊ इंटरसिटी से लखनऊ तक की यात्रा करने वाले यात्री ट्रेन का कोच बोर्ड देखकर भ्रमित हो जा रहे हैं। वेंडरों व आसपास के यात्रियों से एक बार उन्हें पूछना पड़ता है कि यह ट्रेन लखनऊ ही जाएगी न। जानकार बताते हैं कि एक ही रेक से दो से तीन रूटों पर ट्रेनें चलती हैं।
रेलवे प्रशासन रेक का लिंक बनाकर एक से अधिक ट्रेनें चला रहा है। इंटरसिटी की रेक भी गोरखपुर-लखनऊ के अलावा गोरखपुर-पाटलिपुत्र के बीच चलती है। रेलवे प्रशासन ने भी 'लखनऊ-गोरखपुर-पाटलिपुत्र' का कोच बोर्ड रेक पर लगा दिया है। ताकि, कोच का बोर्ड बार-बार न बदलना पड़े।
एक ही कोच बोर्ड लगी रेक लखनऊ भी चलती है और वहीं पाटलिपुत्र भी। यही व्यवस्था गोरखधाम एक्सप्रेस आदि ट्रेनों में भी लागू है। गोरखधाम की रेक ही बठिंडा के अलावा गोरखपुर से कानपुर अनवरगंज तक चलने वाली चौरी चोरा एक्सप्रेस में भी लगती है।
यह भी पढ़ें- गोरखपुर-लखनऊ हाईवे पर रोडवेज बस ने डिप्टी रेंजर को रौंदा, अस्पताल ले जाते समय मौत
हालांकि, गोरखधाम के कोच बोर्ड पर गोरखधाम सुपरफास्ट एक्सप्रेस और चौरी चौरा एक्सप्रेस स्पष्ट शब्दों में लिखा हुआ है। जिससे यात्रियों में भ्रम की स्थिति उत्पन्न नहीं होती। जबकि, इंटरसिटी के यात्रियों में उहापोह की स्थिति बनी रहती है।
यह भी पढ़ें- गोरखपुर लिंक एक्सप्रेस-वे से जुड़ना हुआ दूभर, गड्ढों में तब्दील हुआ डिहवा-पिड़िया मार्ग; उठने लगे सवाल
