Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    चर्च व घरों में छाई खुशी, हुई विशेष प्रार्थना सभाएं

    गोरखपुर : प्रभु यीशु मसीह के बलिदान और उनके पुनर्जीवित होने की खुशी में मसीही समाज द्वारा मना

    By JagranEdited By: Updated: Mon, 02 Apr 2018 01:59 AM (IST)
    चर्च व घरों में छाई खुशी, हुई विशेष प्रार्थना सभाएं

    गोरखपुर : प्रभु यीशु मसीह के बलिदान और उनके पुनर्जीवित होने की खुशी में मसीही समाज द्वारा मनाए जाने वाले ईस्टर पर्व को लेकर रविवार को उल्लास का माहौल रहा। ईस्टर पर्व परंपरागत रूप से धूमधाम से मनाया गया। पूरा दिन पूजा में बीता। घरों व गिरजाघरों (चर्च) में खुशी छाई रही। गिरजाघरों में मुल्क व विश्व की शांति के लिए विशेष प्रार्थना सभाएं आयोजित की गई।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    गिरजाघरों में खुशियां छाई रहीं। मिस्सा बलिदान पूजा के बाद विश्वासियों में रोटी व दाखरस का प्रसाद बांटा गया। सेंट जोसफ महागिरजाघर सिविल लाइंस में पल्ली पुरोहित फादर सिबिचन मुख्य याजक थे, उन्होंने मिस्सा बलिदान पूजा की। पूजा में प्रवेश से पहले विश्वासियों ने अंत:करण शुद्धि के लिए पापों का प्रायश्चित किया और पापों के मोचन के लिए बारी-बारी से मुख्य याजक के कान में जाकर अपने-अपने पाप कहे। पूजा में प्रभु के शरीर का प्रतीक रोटी व उनके लहू का प्रतीक दाखरस रखा गया था। विशेष प्रार्थना हुई। फादर सिबिचन ने कहा कि आप लोग शांति व पवित्रता का जीवन बिताएं, पाप न करें। इसके बाद प्रसाद बांटा गया। सेंट एंथोनी चर्च में फादर राजेश ने मिस्सा बलिदान पूजा की। सेंट जान चर्च बशारतपुर में रेव्ह. संजय विंसेंट ने प्रार्थना कराई। इसके अलावा प्रमुख गिरजाघरों- क्राइस्ट चर्च शास्त्री चौक, सेंट मार्क चर्च पादरी बाजार, सेंटएंड्रयूज चर्च कौवाबाग, एचइएम चर्च खजाची बाजार, प्रेयर हाल राप्तीनगर, सेंट थामस चर्च धर्मपुर, सेंट मार्टिन चर्च व मसीही कलिसिया खरैया पोखरा में विशेष प्रार्थना सभा के साथ ही एक दूसरे को हैप्पी ईस्टर कहकर बधाइयां दी गई।

    ----------------

    झाकियों में झलका प्रभु यीशु का बलिदान

    गोरखपुर : सेंट जान जूनियर हाईस्कूल, बशारतपुर से रविवार को प्रभु यीशु मसीह से संबंधित विभिन्न झांकियों के साथ जुलूस निकाला गया। जुलूस में सभी चर्च व वर्ग के लोग शामिल हुए। प्रभु के बलिदान को दर्शाती झांकियां लोगों के आकर्षण का केंद्र थीं। जुलूस क्राइस्ट चर्च पहुंचकर समाप्त हुआ।

    जुलूस की शुरुआत रेव्ह. संजय विंसेंट सहित सभी चर्च के पुरोहितों द्वारा प्रार्थना से हुई। सभी पुरोहित बाइबल का अंश बोलते हुए झाकियों के साथ चल रहे थे। प्रभु यीशु मसीह के जीवन के घटनाक्रम तथा उनके पुनर्जीवित होने से संबंधित झाकिया पूरे रास्ते लोगों के आकर्षण का केंद्र रहीं। बच्चों ने 'प्रभु की प्रार्थना करते हुए तथा उन्हें पकड़ कर ले जाते हुए यहूदी प्रधान याजकों एवं पुरनियों की भीड़' को नुक्कड़ नाटक के जरिये प्रस्तुत किया। रेव्ह. डीआर लाल के नेतृत्व में महानगर के सभी चर्च के पुरोहितों के सहयोग से निकली जीवंत झांकियों में कलाकारों ने प्रभु यीशु मसीह द्वारा अपने कंधे पर क्रूस ले जाने का दृश्य भी जीवंत किया। प्रभु यीशु मसीह को क्रूस पर लटकाने का दृश्य देखकर विश्वासियों की आखें नम हो गई। पुनर्जीवित होने के बाद प्रभु यीशु मसीह द्वारा थोमा और अपने चेलों को पसली और छिदे हाथों को दिखाए जाने की घटना का जीवंत वर्णन भी श्रद्धा का केंद्र रहा।

    ----------------

    ये झाकिया रहीं आकर्षण का केंद्र

    -गतसमनी बाग में प्रभु यीशु प्रार्थना करते हुए एवं उन्हें पकड़ने हेतु यहूदी प्रधान याजकों एवं पुरनियों के भीड़ का दृश्य (मसीही कलीसिया, खरैया पोखरा)

    - पिलातुस न्याय आसन पर हाथ धोते हुए, रोमी सैनिक एवं सामने बैगनी वस्त्र में प्रभु यीशु और सामने उन्हें क्रूस देने की मांग करती भीड़। (सेंट जोजफ चर्च, सिविल लाइन)

    - यीशु मसीह कंधे पर क्रूस ले जाते हुए, साथ में रोमी सैनिक भाले- कोड़ों से उन्हें मारते हुए। (सेंटएंड्रयूज चर्च, कौवा बाग)

    - प्रभु यीशु मसीह के हाथ-पैरों में क्रूस पर रोमन सैनिकों द्वारा कील ठोंकते हुए। (सेंट थमस चर्च धर्मपुर)

    - प्रभु यीशु का क्रूस पर टंगे होने का दृश्य एवं साथ में रोमन सैनिक व चेला और माता मरियम के साथ दो महिलाएं। (सेंट जान चर्च बशारतपुर)

    - शील्ड कब्र पर रोमी सैनिकों के पहरे का दृश्य। (सेंट मार्टिन चर्च खरैया पोखरा)

    - प्रभु यीशु की खुली कब्र और वे जीवित बाहर निकलते हुए। (राप्तीनगर प्रेयर हाल)

    - खुली कब्र में और बाहर पत्थर पर स्वर्ग स्वर्गदूत, मरियम मगदलीनी और दूसरी मरियम प्रभु यीशु को ढूंढती हुई। (सेंट एंथनी चर्च, धर्मपुर)

    - जीवित होने के पश्चात चेलों के साथ प्रभु यीशु। अन्य चेलों के साथ थोमा को पसली और छिदे हाथ दिखाने का दृश्य। (माउंट कार्मल चर्च, पादरी बाजार)

    - प्रभु यीशु मसीह के जीवित होने के पश्चात स्वर्गारोहण का दृश्य। (सेंट मार्क चर्च, स्टर्नपुर, पादरी बाजार)

    ---------------

    ईस्टर मेला आज

    सोमवार को ईस्टर मंडे पर मेले का आयोजन सायं छह बजे से बशारतपुर स्थित सेंट जान स्कूल प्ले ग्राउंड पर किया जाएगा। यह जानकारी मसीही सेवक वीपी अलेक्जेंडर ने दी।