Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    UP News: गोरखपुर में मुख्यमंत्री योगी का ऐलान, 'रामगढ़ताल की तरह पर्यटन का केंद्र बनेगा चिलुआताल'

    Updated: Thu, 10 Jul 2025 08:02 AM (IST)

    मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि चिलुआताल को रामगढ़ताल की तरह विकसित किया जा रहा है। पौधारोपण वर्तमान को संजोने और भविष्य को बचाने का अभियान है। जलवायु परिवर्तन से दुनिया जूझ रही है इसलिए पौधरोपण जरूरी है। उत्तर प्रदेश में वनाच्छादन बढ़ा है और किसानों को कार्बन क्रेडिट योजना से लाभ हो रहा है। एक पेड़ मां के नाम अभियान से सभी को जुड़ना चाहिए।

    Hero Image
    बोले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ- कराया जा रहा ताल का सुंदरीकरण, आकर्षण का केंद्र बनेगा चिलुआताल। जागरण

    जागरण संवाददाता, गोरखपुर। खाद कारखाना परिसर में जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि चिलुआताल का सुंदरीकरण रामगढ़ताल की तर्ज पर कराया जा रहा है। कई योजनाएं यहां प्रस्तावित हैं। जल्द ही चिलुआताल भी रामगढ़ताल की तरह पर्यटन का बड़ा केंद्र बनेगा।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    पौधारोपण अभियान पर चर्चा करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि यह अभियान सिर्फ पौधे लगाने का ही कार्य नहीं है बल्कि यह वर्तमान को संजोने और भविष्य को बचाने का अभियान है। अपनी इस बात को विस्तार से समझाते हुए उन्होंने कहा कि आज पूरी दुनिया जलवायु परिवर्तन के भीषण संकट से जूझ रही है। इसके कारण अनेक चुनौतियां सामने आ रही हैं।

    मुख्यमंत्री ने अमेरिका के टेक्सास में हाल ही में हुई एक घटना का भी जिक्र किया, जहां अचानक आई बाढ़ में सैकड़ों बच्चे लापता हो गए। मुख्यमंत्री ने कहा कि अतिवृष्टि, अनावृष्टि, आकाशीय बिजली और गर्मी की समस्या चरम पर है। इस मौसम में कभी मूसलाधार बारिश हुआ करती थी आज भीषण गर्मी पड़ रही है। मौसम चक्र के इस बदलाव का असर फसलों पर भी पड़ रहा है। यह सब मानव के अनियोजित कार्य से हो रहा है। इस अनियोजित कार्य की कीमत विश्व मानवता भुगत रही है।

    मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन में देश और प्रदेश में वनाच्छादन बढ़ा है। 2017 तक प्रदेश में 5 सालों में सिर्फ 26 करोड़ पौधे लगे थे और उनका भी कहीं अता-पता नहीं था। जबकि, बीते 8 सालों में 204 करोड़ पौधे लगाए गए। राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय संस्थाओं के सर्वेक्षण में इनमें से 75 प्रतिशत पौधे जीवित भी हैं। देश के किसी एक राज्य में पौधरोपण करने में उत्तर प्रदेश की भूमिका अग्रणी है। इसी का परिणाम है कि 2017 के बाद प्रदेश में 5 लाख एकड़ क्षेत्र में पौधारोपण किया जा चुका है।

    धरती माता के प्रति कृतज्ञता ज्ञापित करने का अवसर

    मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘एक पेड़ मां के नाम’ थीम पर आयोजित पौधरोपण महाभियान धरती माता और जिस मां के नाम पर हम पौधे लगा रहे हैं, उनके प्रति कृतज्ञता ज्ञापित करने का एक महत्वपूर्ण अवसर भी है। उन्होंने सभी लोगों का आह्वान किया कि वे एक पेड़ मां के नाम पर अवश्य लगाएं। मुख्यमंत्री ने कहा कि नदियों के पुनरोद्धार के लिए उनके किनारे, एक्सप्रेसवे और सर्विस लेन के बीच, अमृत सरोवरों पर भी पौधरोपण किया जा रहा है।

    किसानों की आय बढ़ाने का भी सशक्त माध्यम बन रहा पौधारोपण

    मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि पौधरोपण महाभियान अन्नदाता किसानों के आय में वृद्धि करने का भी एक सशक्त माध्यम बन रहा है। इसके लिए उन्होंने कार्बन क्रेडिट योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि इसके अंतर्गत किसानों द्वारा पौधा लगाकर किए गए देखभाल के आधार पर 5 वर्ष बाद सर्वे होता है।

    पेड़ की प्रगति देखकर प्रति कार्बन क्रेडिट 6 डालर का भुगतान अन्नदाता किसानों को किया जाता है। उन्होंने बताया कि कार्बन क्रेडिट के लिए 25 हजार किसानों को 32 लाख रुपये से अधिक का भुगतान किया जा चुका है। इस बार 42 लाख रुपये की राशि वितरित की जा रही है।

    सीएम योगी के नेतृत्व में हुआ रिकार्ड पौधरोपण : स्वतंत्र देव

    गोरखपुर। कार्यक्रम के दौरान जनपद के प्रभारी व जलशक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मार्गदर्शन एवं नेतृत्व में 2017 के बाद प्रदेश में 5 लाख एकड़ भूमि पर रिकार्ड पौधरोपण किया जा चुका है। उन्होंने कहा कि बुंदेलखंड में पौधरोपण के कारण गर्मी में भी पानी की किल्लत नहीं होती। उन्होंने सभी से पौधरोपण करने और खेत के मेड़ पर पौधा जरूर लगाने का अनुरोध किया।

    गर्मी से बचाव का मंत्र है पेड़ लगाओ-पेड़ बचाओ : डा. अरुण

    इस अवसर पर वन, पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन विभाग के मंत्री डा. अरुण सक्सेना ने कहा कि इस बार गर्मी ज्यादा पड़ी। नौतपा के नौ दिन के अलावा महीने भर नौतपा जैसे ही हालात रहे। कई जिलों में 40 से 50 डिग्री तापमान रहा।

    गर्मी बढ़ने का कारण कार्बन डाइआक्साइड है। इससे बचाव का सबसे प्रभावी तरीका है पेड़ लगाओ, पेड़ बचाओ। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी और सीएम योगी के आह्वान पर हम सभी को ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान से जुड़कर अधिकाधिक पौधारोपण और लगाए गए पौधों का संरक्षण करना चाहिए।

    प्रकृति संरक्षण पर भी पीएम-सीएम का पूरा ध्यान: रविकिशन

    पौधरोपण कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का स्वागत करते हुए सांसद रविकिशन शुक्ल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश में विकास के साथ पर्यावरण और प्रकृति के संरक्षण पर भी पूरा ध्यान दिया जा रहा है। पीएम मोदी और सीएम योगी का पर्यवारण रक्षा का विजन अभिनंदनीय है।

    लाभार्थियों को सीएम योगी ने भेंट किया पौधा

    पौधरोपण कार्यक्रम के दौरान मंच पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जीरो पावर्टी स्कीम के तहत प्रधानमंत्री आवास योजना और मुख्यमंत्री आवास योजना के 10 लाभार्थियों सोनारी देवी, चंदा देवी, मानती, गुड्डी, राजप्रताप, चंद्रावती, राम चंदर, सोहरावती, जग बहादुर, गुलाबी देवी को पौधा भेंट कर इसके रोपण और संरक्षण का आह्वान किया।

    ये रहे मौजूद 

    इस अवसर पर वन, पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन विभाग के राज्य मंत्री डा. केपी मलिक, महापौर डा. मंगलेश श्रीवास्तव, एमएलसी एवं भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष डा. धर्मेंद्र सिंह, विधायक विपिन सिंह, महेंद्रपाल सिंह, डा. विमलेश पासवान, प्रदीप शुक्ल, प्रमुख सचिव वन एवं पर्यावरण अनिल कुमार, जिले के नोडल अधिकारी सुहास एलवाई, हिन्दुस्तान उर्वरक एवं रसायन लिमिटेड के प्रबंध निदेशक एसपी मोहंती, भाजपा के जिलाध्यक्ष जनार्दन तिवारी, पूर्व महानगर अध्यक्ष राजेश गुप्ता आदि उपस्थित रहे।

    comedy show banner
    comedy show banner