विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मातृ शक्ति और लोक आस्था का महापर्व, क्यों खास है छठ की परंपरा?

Published: Sun, 15 Nov 2026 02:27 PM (GMT+05:30)

यह लेख छठ पर्व को भारतीय संस्कृति की जीवंत परंपरा बताता है, जहाँ मातृशक्ति अपनी श्रद्धा और त्याग से पीढ़ियों ...और पढ़ें

राप्ती नदी किनारे राम घाट पर सेल्फी लेतीं युवतियां। संगम दूबे

राप्ती नदी किनारे राम घाट पर सेल्फी लेतीं युवतियां। संगम दूबे

HighLights

  1. मातृ शक्ति छठ पर्व की जीवंत परंपरा को संजोती हैं।

  2. यह पर्व सामाजिक समरसता और प्रकृति सम्मान सिखाता है।

  3. डूबते-उगते सूर्य की उपासना भारतीय दर्शन का प्रतीक है।

गजाधर द्विवेदी,  गोरखपुर। जब भारतीय संस्कृति की मातृसत्ता सोलह शृंगार कर, माथे से नाक तक सिंदूर सजाए, अपने आंचल में प्रसाद और सिर पर दउरा लेकर छठ घाटों की ओर निकलती हैं तो वह केवल किसी पर्व की शोभायात्रा नहीं होती। वह सदियों से चली आ रही सभ्यता का जीवंत दृश्य होता है।

उनके कदमों के साथ पीढ़ियों की परंपराएं चलती हैं, उनके गीतों में पुरखों की स्मृतियां गूंजती हैं और उनके दउरे में रखे फल केवल पूजा की सामग्री नहीं, बल्कि समूची प्रकृति के प्रति मनुष्य की कृतज्ञता के प्रतीक हैं। लगता है, जैसे भारतीय जीवन दर्शन अपने सबसे सुंदर स्वरूप में धरती पर उतर आया हो।

छठ के घाट पर घुटने भर पानी में खड़ी व्रती स्त्री को देखना अपने आप में एक अनुभूति है। अस्ताचलगामी सूर्य की किरणें जब उसकी सिपुली में रखे फलों और जल पर पड़ती हैं तो दृश्य में एक अलौकिक गरिमा पैदा हो जाती है। उसके चेहरे पर तपस्या है, आंखों में परिवार के मंगल की कामना और मन में अटूट विश्वास।

वह अपने लिए कुछ नहीं मांगती। उसकी प्रार्थना में संतान की दीर्घायु, परिवार का कल्याण, समाज की खुशहाली और संसार के सुख की कामना शामिल होती है। भारतीय चिंतन में स्त्री को सृजन और शक्ति का आधार मानने की परंपरा शायद इसी स्वरूप से निकली है। उसे देखकर मोह नहीं, श्रद्धा का भाव पैदा होता है।

छठ में केवल सूर्य की पूजा नहीं, अपने पुरखों की स्मृतियों का भी वंदन है। किसी व्रती के चेहरे को ध्यान से देखिए तो उसमें केवल आज की स्त्री नहीं दिखाई देती। उसमें अपनी दादी, परदादी, नानी और उन तमाम स्त्रियों की छवियां समाई होती हैं, जिन्होंने पीढ़ी-दर-पीढ़ी इस परंपरा को अपने संस्कारों से सींचा है।

उसके हाथों में पकड़ी सिपुली में जैसे समय की पूरी विरासत सिमटी होती है। वह अपने पूर्वजों से मिली आस्था को अगली पीढ़ी तक पहुंचाने का माध्यम बनती है। यही किसी जीवंत सभ्यता की सबसे बड़ी ताकत है कि वह केवल पुस्तकों और स्मारकों में नहीं, बल्कि अपने लोगों के आचरण और जीवन पद्धति में सुरक्षित रहती है।

82137775 (2)

सामाजिक समरसता का संदेश
छठ का एक बड़ा संदेश सामाजिक समरसता भी है। इस पर्व में राजा और रंक का अंतर मिट जाता है। सभी एक घाट पर खड़े होते हैं, एक सूर्य को अर्घ्य देते हैं और एक ही छठ मइया से मंगल की कामना करते हैं। यहां किसी की हैसियत नहीं पूछी जाती। कोई छोटा-बड़ा नहीं होता। धर्म और लोक आस्था मनुष्य को बांटने के बजाय एक-दूसरे के करीब लाते हैं। घाट तक जाने वाले रास्ते की सफाई करते पुरुष, पूजा की तैयारी में जुटे परिवार और उत्साह से भरे बच्चे इसी सामूहिकता के परिचायक हैं।

भारतीय जीवन दर्शन की उदारता
छठ का सबसे गहरा दार्शनिक पक्ष डूबते और उगते सूर्य की उपासना में छिपा है। दुनिया में सामान्यतः उगते सूर्य को प्रणाम करने की परंपरा है, लेकिन छठ पर्व हमें डूबते सूर्य के सामने भी उसी श्रद्धा से सिर झुकाना सिखाता है। यह भारतीय जीवन दर्शन की उदारता है। हम केवल उपलब्धियों और सफलता का सम्मान नहीं करते, बल्कि उस यात्रा, संघर्ष और योगदान के प्रति भी कृतज्ञ रहते हैं, जिसने हमें यहां तक पहुंचाया है। डूबते सूर्य को अर्घ्य देना अपने अतीत, अपने इतिहास और अपने पुरखों के प्रति आभार प्रकट करना है। कोई भी समाज अपने अतीत को विस्मृत करके अपनी पहचान सुरक्षित नहीं रख सकता।

दूसरी ओर, उगते सूर्य को अर्घ्य देना भविष्य के प्रति विश्वास का उद्घोष है। यह नई पीढ़ी के लिए बेहतर संसार बनाने का संकल्प है। जिस तरह सूर्य हर सुबह नई ऊर्जा और प्रकाश लेकर आता है, उसी तरह मनुष्य को भी अपने आने वाले कल को आशा, परिश्रम और संस्कारों से संवारना चाहिए। छठ पर्व हमें सिखाता है कि अतीत को सम्मान देना और भविष्य को सुंदर बनाना, दोनों एक साथ जरूरी हैं।

82137938 (1)

प्रकृति के प्रति सम्मान का भाव
इस पर्व में प्रकृति के प्रति भारतीय दृष्टिकोण भी पूरी गरिमा के साथ प्रकट होता है। सूर्य, जल, वायु, धरती और वनस्पति के बिना जीवन की कल्पना संभव नहीं। छठ में इन्हीं प्राकृतिक शक्तियों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की जाती है। फल, गन्ना, नारियल और अन्य कृषि उत्पादों से सजे दउरे में प्रकृति के प्रति मनुष्य का ऋण स्वीकार करने का भाव है।

यह पर्व याद दिलाता है कि मनुष्य प्रकृति का स्वामी नहीं, उसका एक हिस्सा है। आज जब जीवन तेजी से बदल रहा है और नई पीढ़ी अपनी जड़ों से दूर होती दिखाई देती है, तब छठ जैसी परंपराएं हमें अपनी सांस्कृतिक स्मृति से जोड़ती हैं। घाटों पर अपनी मां और दादी के साथ पूजा में शामिल होते बच्चे अनजाने ही संस्कारों की विरासत ग्रहण कर रहे होते हैं। वे केवल अर्घ्य देना नहीं सीखते, बल्कि धैर्य, अनुशासन, त्याग, सामूहिकता और प्रकृति के प्रति सम्मान का अर्थ भी समझते हैं।

यह भी पढ़ें- पूर्वांचल के मत्स्य पालकों के लिए खुशखबरी, गोरखपुर के छपिया में बनेगी पंगास और तिलापिया की आधुनिक हैचरी

निरंतरता का उत्सव
इसलिए छठ को केवल चार दिनों का धार्मिक अनुष्ठान मानना इसके व्यापक अर्थ को सीमित करना होगा। यह भारतीय सभ्यता की निरंतरता का उत्सव है। यह उस स्त्री के त्याग का सम्मान है, जो अपने आंचल में परिवार ही नहीं, पूरी संस्कृति को समेटे हुए है। यह उस समाज की तस्वीर है, जहां लोग एक-दूसरे के लिए रास्ते बुहारते हैं और सामूहिक आस्था में अपना सुख खोजते हैं।

कल्पना कीजिए, हजारों वर्ष बाद भी जब किसी नदी के तट पर कोई मां अपनी पुत्रवधू के साथ दउरा लेकर खड़ी होगी, जब बच्चे छठ के गीत गाएंगे और जब उगते सूर्य की पहली किरण किसी व्रती की सिपुली में उतरेगी, तब यह परंपरा फिर यही कह रही होगी कि समय बदला है, पीढ़ियां बदली हैं, लेकिन हमारी आस्था और जीवन के मूल मूल्य आज भी जीवित हैं।

यह भी पढ़ें- कुशीनगर से दिल्ली, मुंबई और छपरा के लिए चलेंगी स्पेशल ट्रेनें, छठ पूजा का सफर होगा आसान

 

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।