सबरंग: गोरखपुर में छठ महापर्व अस्ताचलगामी सूर्य की आराधना और सामाजिक समरसता का प्रतीक
छठ महापर्व में उगते सूर्य से पहले अस्ताचलगामी सूर्य की आराधना का विशेष महत्व है, जो जीवन के उतार-चढ़ाव को ...और पढ़ें

HighLights
अस्ताचलगामी सूर्य की आराधना छठ का अनूठा महत्व।
सामाजिक समरसता और पारिवारिक जुड़ाव का महापर्व।
ठेकुआ सहित छठ प्रसाद के औषधीय गुण।
प्रभात पाठक, गोरखपुर। आमतौर पर दुनिया उगते हुए सूर्य को प्रणाम करती है, लेकिन छठ ऐसा अनूठा महापर्व है, जहां अस्ताचलगामी सूर्य की आराधना को भी उतना ही महत्व दिया जाता है जितना उदीयमान सूर्य को। खास बात यह है कि पहले डूबते सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया जाता है और उसके बाद अगली सुबह उगते सूर्य की उपासना होती है। जीवन के उतार-चढ़ाव को समान भाव से स्वीकार करने और प्रकृति के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का यह संदेश छठ को दूसरे पर्वों से अलग पहचान देता है।
समय के साथ छठ केवल धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि सामाजिक और पारिवारिक जुड़ाव का बड़ा अवसर भी बन गया है। एकाकी परिवारों के दौर में यह पर्व बिछड़े नाते-रिश्तेदारों और परिचितों को एक साथ आने का मौका देता है। घरों से लेकर घाटों तक सामूहिक भागीदारी का दृश्य सामाजिक समरसता की मिसाल पेश करता है।
गोरखपुर में राप्ती नदी, सूरजकुंड धाम, गोरखनाथ मंदिर का ताल, सुमेर सागर पोखरा, राजघाट और रामगढ़ ताल सहित विभिन्न जलाशयों पर छठ की छटा देखते ही बनती है। इसके अलावा अपार्टमेंट और बहुमंजिली इमारतों की छतों पर भी व्रती सूर्यदेव को अर्घ्य अर्पित करते हैं।
इस पर्व की सबसे खूबसूरत विशेषता सामाजिक भेदभाव से ऊपर उठकर सामूहिक आस्था का प्रदर्शन है। घाटों पर अमीर-गरीब, ऊंच-नीच और जाति-धर्म की दीवारें स्वतः कमजोर पड़ जाती हैं। अर्घ्य देने और पूजा की तैयारियों में हर वर्ग के लोग एक-दूसरे का सहयोग करते नजर आते हैं। लोकआस्था का यह स्वरूप समाज में एकता और भाईचारे का संदेश देता है।
-1794650727328.webp)
छठ की परंपरा को पीढ़ी-दर-पीढ़ी आगे बढ़ाने में महिलाओं की भूमिका अहम है। परिवार में सास अपनी बहू को डाला छठ की पूजन डलिया सौंपकर इस परंपरा की जिम्मेदारी आगे बढ़ाती है। घर-परिवार और कामकाज की व्यस्तताओं के बीच भी महिलाएं व्रत के लिए समय निकालती हैं। शुद्धता, धैर्य, संयम और अनुशासन से जुड़ा यह अनुष्ठान उनके संकल्प और पारिवारिक आस्था का प्रतीक बन गया है।
छठ के मशहूर लोकगीत-कांच ही बांस के बहंगिया, बहंगी लचकत जाय...
ससुरा में मांगी ले अन्न धन लक्ष्मी हे छठी मइया...
केरवा जे फरेला घवद से, ओह पे सुग्गा मेड़राय...
छठी मइया दे द एगो ललना, बजवाइब बजना....
औषधीय गुणों से भरपूर है छठ मैया का प्रसाद
ठेकुआ: आटे, गुड़ और घी से बना ठेकुआ सेहत के लिए काफी फायदेमंद होता है। इसके सेवन से सर्दियों में होने वाली समस्याओं से बचा जा सकता है। आटे, गुड़ और घी से तैयार होने के कारण ठेकुआ प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने का काम करता हैं। यह सर्दी-जुकाम और ठंड से भी शरीर की रक्षा करता है।
चावल के लड्डू: आयुर्वेद के अनुसार, चावल तत्काल ऊर्जा प्राप्त करने, बुढ़ापे की प्रक्रिया को धीमा करने और ब्लड शुगर को नियंत्रित करने का काम करता है। इसके सेवन से पीलिया, बवासीर, उल्टी और दस्त जैसे कई रोगों को कम किया जा सकता है। चावल पचने में आसान होता है। यह पेट को ठंडा रखता है। इसलिए छठ के अवसर पर चावल से बने लड्डू को स्वास्थ्यवर्धक माना जाता है।
नारियल: छठ पूजा में नारियल का बड़ा महत्व है, क्योंकि नारियल को लक्ष्मी माता का स्वरूप माना जाता है। नारियल गर्मियों में नकसीर (नाक से खून आना) की समस्या को दूर करता है। इसके सेवन से स्कीन एलर्जी, मुंहासे दूर होते हैं। यह पेट के कीड़े मारने का काम करता है। साथ ही शरीर का प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने का भी काम करता है।
-1794650756603.webp)
चकोतरा: चकोतरा का स्वाद खाने में खट्टा-मीठा होता है। मान्यता अनुसार यह छठ मैया का प्रिय फल है। यह फल विटामिन-सी से भरपूर होता है, जिस कारण यह तमाम तरह के संक्रमण से शरीर को बचाता है। यह रोग प्रतिरोधक क्षमता यानी इम्यूनिटी को भी बेहतर करता है।
सुपारी: सुपारी को बेहद शुभ माना जाता है और छठ के साथ ही हर पूजा में इसका उपयोग होता है। आयुर्वेद में कई रोगों के उपचार के लिए सुपारी का उपयोग होता है। इसका उपयोग एनीमिया, पाचन, कब्ज, दांत संबंधित समस्याओं और दर्द से राहत पाने के लिए किया जाता है।
अदरक: अदरक खांसी, जुकाम और श्वास संबंधी रोगों के लिए रामबाण औषधि है। यह पेट की बीमारियों को ठीक करता है। यह जोड़ों के दर्द और गठिया में लाभ पहुंचाता है।
मूली: मूली में फालिक एसिड, विटामिन-सी और एंथोकाइनिन जैसे गुण पाए जाते हैं। ये डायबिटीज को ठीक करने में मदद करता है। मूली का तीखा रस सर्दी-जुकाम के प्रभाव को कम करता है।
कच्ची हल्दी: हल्दी औषधीय गुणों की खान है। हल्दी में एंटीआक्सीडेंट गुण होते हैं। आयुर्वेद में हल्दी को रक्त शोधन के लिए महत्वपूर्ण औषधि बताया गया है। हल्दी में तीखा व कसैला मिश्रण होता है, जिसके सेवन से रक्त शोधित होता है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।