गोरखपुर में छठ महापर्व: आस्था से जगमगाए घाट, आज डूबते सूर्य को अर्घ्य देंगे व्रती
गोरखपुर में छठ महापर्व की तैयारियां पूरी हो चुकी हैं, व्रतियों ने खरना के साथ 36 घंटे का निर्जल व्रत ...और पढ़ें

घर से घाट तक छठ मइया के गीतों से वातावरण भक्तिमय। जागरण
HighLights
खरना के साथ व्रतियों ने 36 घंटे का निर्जल व्रत प्रारंभ किया।
गोरखपुर के घाट रोशनी से सजे, छठ गीतों से भक्तिमय वातावरण।
आज शाम डूबते सूर्य को अर्घ्य, सोमवार सुबह होगा समापन।
जागरण संवाददाता, गोरखपुर। लोक आस्था और सूर्य उपासना का महापर्व छठ रविवार को श्रद्धा, भक्ति और पारंपरिक उल्लास के बीच मनाया जाएगा। व्रती महिलाएं और पुरुष नदी, तालाबों व सरोवरों के तट पर पहुंचकर अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य अर्पित करेंगे। इसके लिए शहर के प्रमुख घाटों पर तैयारी पूरी कर ली गई हैं। रोशनी से घाट सजाए गए हैं। पूजा वेदियों को आकर्षक रूप दिया गया है। घर से घाट तक छठ मइया के गीत गूंज रहे हैं और वातावरण भक्तिमय हो उठा है। श्रद्धालुओं की आस्था से घाट जगमगा रहे हैं।
छठ पर्व की तैयारी के बीच शनिवार को व्रतियों ने परंपरानुसार खरना किया। दिनभर उपवास रखने के बाद शाम को रसियाव-रोटी का प्रसाद ग्रहण कर 36 घंटे के निर्जल व्रत का संकल्प लिया। अब रविवार को दिनभर निराहार और निर्जल रहकर व्रती डूबते सूर्य को अर्घ्य देंगे। सोमवार की सुबह उदीयमान सूर्य को अर्घ्य अर्पित करने के साथ चार दिवसीय अनुष्ठान का समापन होगा।
राजघाट, शंकरघाट तकिया, डोमिनगढ़, रामगढ़ ताल, महेसरा ताल, गोरखनाथ मंदिर, मानसरोवर मंदिर, विष्णु मंदिर असुरन, खैरया पोखरा, शाहपुर और जगन्नाथपुर सहित विभिन्न स्थानों पर छठ पूजा की विशेष व्यवस्था की गई है। श्रद्धालुओं ने घाटों की सफाई कर पूजा स्थलों को सजाया और वेदियों को अंतिम रूप दिया। कई स्थानों पर अस्थायी तालाब भी तैयार किए गए हैं।
व्रतियों के घरों में भी पर्व को लेकर विशेष उत्साह है। पूजा सामग्री, फल, ठेकुआ और अन्य प्रसाद की तैयारी पूरी कर ली गई हैं। कई परिवारों में कोसी भरने की तैयारी है। छठ मइया के प्रति अटूट आस्था और परिवार की सुख-समृद्धि की कामना के साथ श्रद्धालु अब सूर्यदेव को अर्घ्य देने की प्रतीक्षा कर रहे हैं।
अर्घ्य का समय
- रविवार को अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य : शाम 5:24 बजे
- सोमवार को उदयकालीन सूर्य को अर्घ्य : सुबह 6:37 बजे
यह भी पढ़ें- गोरखपुर यूनिवर्सिटी के विद्यार्थियों सीएम योगी देंगे टैबलेट, वेबसाइट पर जारी हुई छात्रों की लिस्ट
इसलिए कहते हैं 'खरना'
पं. शरदचंद्र मिश्र ने बताया कि छठ पर्व के दूसरे दिन कार्तिक शुक्ल पक्ष की पंचमी तिथि को ''''खरना'''' के नाम से जाना जाता है। इस दिन खर करके (विलंब करके) व्रती भोजन करते हैं। इसलिए इसे खरना कहते हैं। सुबह से ही निर्जल व्रत रहते हैं। शाम को रसियाव-रोटी ग्रहण करने के बाद छठ व्रत शुरू हो जाता है, जो सप्तमी को उदयकालीन सूर्य को अर्घ्य देने के बाद पूर्ण होता है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।