कानपुर से चलकर अहिल्यापुर में खड़ी हो गई चौरी चौरा रिलीफ स्पेशल, 5 घंटे देरी से पहुंची ट्रेन
कानपुर में चौरी चौरा एक्सप्रेस के पटरी से उतरने के बाद यात्रियों के लिए चलाई गई रिलीफ स्पेशल ट्रेन (05003) ...और पढ़ें

HighLights
रिलीफ स्पेशल ट्रेन NTES पर अपडेट नहीं हुई।
ट्रेन पांच घंटे देरी से गोरखपुर पहुंची, यात्री परेशान।
यात्रियों ने हादसे के दौरान दहशत और असुविधा झेली।
जागरण संवाददाता, गोरखपुर। कानपुर सेंट्रल रेलवे स्टेशन पर दुर्घटनाग्रस्त चौरी चौरा एक्सप्रेस के यात्रियों के लिए रेलवे प्रशासन ने रिलीफ स्पेशल ट्रेन तो चला दी, लेकिन अपने अधिकृत आनलाइन सिस्टम नेशनल ट्रेन इंक्वायरी सिस्टम (ईएनटीएस) को अपडेट नहीं कर पाया। इसलिए यह पता ही नहीं चल रहा था कि रिलीफ ट्रेन कहां है, रास्ते के स्टेशनों से कब रवाना हुई, गोरखपुर कब पहुंचेगी।
लोग 05003 नंबर की रिलीफ स्पेशल ट्रेन की अपडेट जानकारी को लेकर परेशान रहे। ट्रेन करीब पांच घंटे की देर से सुबह 11:10 बजे के आसपास गोरखपुर पहुंची। थके-हारे और डरे-सहमे यात्री अपने घर भी पहुंच गए, लेकिन एनटीईएस अपडेट नहीं हुआ। खास बात यह रही कि एनटीईएस में ट्रेन अहिल्यापुर में ही खड़ी रह गई। हालांकि, 15004 नंबर की चौरी चौरा एक्सप्रेस कानुपर से तीन घंटे विलंब से चलकर भी एक घंटे ही लेट हुई। सुबह सात बजे के आसपास ट्रेन गोरखपुर पहुंच गई।
ट्रेनों के गोरखपुर पहुंचने पर यात्रियों ने राहत की सांस ली। बताने लगे, अचानक तेज झटकों से सांसें अटक गई थी। लगा कि कोई बड़ा विस्फोट हो गया। यात्री विजय कुमार ने बताया कि ट्रेन के छूटने के कुछ मिनटों में ही ट्रेन बेपटरी हो गई। गनीमत रही कि बोगियां झुककर खड़ी हो गई और पलटी नहीं।
ट्रेन के एक तरफ झुकने के साथ ही बोगी में भगदड़ मच गई। लोग उतरने के लिए गेट की तरफ भागने लगे। अफरातफरी मच गई। इस दौरान कई यात्री घायल भी हो गए। यात्री घंटों इधर-उधर भागते नजर आए। लोग सहायता की गुहार लगा रहे थे।
विकास कुमार का कहना था कि हमलोग एसी थर्ड में बैठे थे। एसी की ही बोगियां बेपटरी हुई थीं। एसी के यात्रियों के लिए रेलवे ने रिलीफ स्पेशल ट्रेन चलाया। लेकिन, स्पेशल ट्रेन में सिर्फ स्लीपर और जनरल के कोच लगे थे। एसी में टिकट होने के बाद भी स्लीपर में यात्रा करनी पड़ी। 15004 नंबर की चौरी चौरा एक्सप्रेस की एसी बोगियाें में भी गर्मी लग रही थी। एसी बोगियों का वातानुकूलन काम नहीं कर रहा था। शिकायत के बाद भी सुनवाई नहीं हुई।
यह भी पढ़ें- गोरखपुर में विवाहिता 25 लाख के जेवर नकदी और लैपटाप लेकर फरार, दूर के रिश्तेदार पर भगाने का आरोप
स्पेशल ट्रेन भी धीरे-धीरे चलते हुए विलंब से गोरखपुर पहुंची। अधिकारियों ने आश्वासन दिया है कि किराये का रिफंड हो जाएगा। कानपुर सेंट्रल रेलवे स्टेशन पर बुधवार शाम 5:05 बजे के आसपास चौरी चौरा एक्सप्रेस के चार कोच पटरी से उतर गए। ट्रेन कानपुर अनवरगंज स्टेशन से गोरखपुर जा रही थी। चारों एसी कोचों में अनवरगंज व कानपुर सेंट्रल से 298 यात्री सवार थे।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।