घर बैठे करें जनगणना 2027 की स्व-गणना, जानें पूरी प्रक्रिया और फायदे
जनगणना 2027 के लिए पहली बार आम नागरिक 16 से 30 नवंबर तक ऑनलाइन स्व-गणना कर सकेंगे, जिसमें मोबाइल या ...और पढ़ें
-1793526881096_m.webp)
यह तस्वीर AI द्वारा बनाई गई है।
HighLights
16 से 30 नवंबर तक ऑनलाइन स्व-गणना सुविधा।
मोबाइल या कंप्यूटर से 15-20 मिनट में विवरण दर्ज।
सफल सबमिशन पर मिलेगी विशेष एसई आईडी।
जागरण संवाददाता, गोरखपुर। जनगणना 2027 में पहली बार आम नागरिकों को अपनी जानकारी खुद आनलाइन दर्ज करने की सुविधा दी जा रही है। इसके तहत प्रदेश में 16 से 30 नवंबर तक स्व-गणना (सेल्फ एन्यूमरेशन) की प्रक्रिया चलेगी। यानी अब जनगणना कर्मी के घर पहुंचने का इंतजार किए बिना कोई भी व्यक्ति अपने मोबाइल या कंप्यूटर से परिवार का विवरण दर्ज कर सकेगा।
इसके लिए भारत सरकार ने अलग पोर्टल बनाया है। पूरी प्रक्रिया में लगभग 15 से 20 मिनट लगेंगे। सफलतापूर्वक जानकारी जमा करने पर एक विशेष स्व-गणना पहचान संख्या (एसई आइडी) मिलेगी। इसे बाद में घर आने वाले जनगणना कर्मी को दिखाना होगा।
ऐसे करें स्व-गणना, जानिए पूरी प्रक्रिया
इसके लिए सबसे पहले आधिकारिक पोर्टल (https://se.census.gov.in) पर जाना होगा। यहां उत्तर प्रदेश का चयन कर कैप्चा भरना होगा। इसके बाद परिवार के मुखिया का नाम और परिवार के किसी एक सदस्य का मोबाइल नंबर दर्ज करना होगा। एक परिवार के लिए एक ही मोबाइल नंबर इस्तेमाल किया जा सकेगा। ई-मेल देना वैकल्पिक होगा। इसके बाद अपनी पसंद की भाषा चुनकर मोबाइल पर आए ओटीपी से सत्यापन करना होगा।
ध्यान रहे कि परिवार के मुखिया का नाम और चुनी गई भाषा बाद में बदली नहीं जा सकेगी। अगले चरण में जिले का चयन कर गांव या शहर, मोहल्ले, कालोनी और आसपास के प्रमुख स्थान की जानकारी भरनी होगी। इसके बाद स्क्रीन पर नक्शा खुलेगा। इसमें लाल निशान को खिसकाकर अपने मकान की सही लोकेशन चिह्नित करनी होगी। लोकेशन सुरक्षित करने के बाद आगे की प्रक्रिया पूरी होगी।
क्या-क्या जानकारी भरनी होगी, कैसे होगा सत्यापन
मकान की लोकेशन दर्ज करने के बाद पोर्टल पर जनगणना का प्रश्नपत्र खुलेगा। इसमें परिवार से संबंधित निर्धारित सवालों के जवाब देने होंगे। प्रत्येक सवाल के नीचे दिए गए नोट्स और अक्सर पूछे जाने वाले प्रश्नों की मदद भी ली जा सकती है। सभी जानकारियां भरने के बाद प्रिव्यू में एक-एक विवरण जांचने और गलती सुधारने का विकल्प मिलेगा। चाहें तो जानकारी ड्राफ्ट के रूप में सुरक्षित रख सकते हैं। सब कुछ सही होने पर 'पुष्टि करें और सबमिट करें' विकल्प पर क्लिक करना होगा।
इसके बाद 11 अंकों की एसईआइडी मिलेगी, जिसकी शुरुआत अंग्रेजी के अक्षर एच से होगी। यह आइडी मोबाइल पर एसएमएस से भी आएगी। इसका स्क्रीनशाट लेकर सुरक्षित रखना जरूरी है। एक दिसंबर से चार जनवरी के बीच जब जनगणना कर्मी घर पहुंचेंगे तो उन्हें यह आइडी बतानी होगी। कर्मी अपने मोबाइल में आइडी का मिलान करेंगे। मिलान होने पर स्व-गणना से भरी गई जानकारी सत्यापित होकर जनगणना में शामिल हो जाएगी। यदि आइडी का मिलान नहीं होता है तो कर्मी दोबारा परिवार का विवरण दर्ज करेंगे।
यह भी पढ़ें- लॉरेंस बिश्नोई गिरोह का असलहा सप्लायर 'बिट्टू इंदौरी' गोरखपुर में गिरफ्तार, दो पिस्टल बरामद
स्वगणना अनिवार्य नहीं
स्व-गणना करना अनिवार्य नहीं है। यह घर-घर होने वाली जनगणना का विकल्प नहीं, बल्कि अतिरिक्त सुविधा है। आनलाइन जानकारी न भरने पर भी जनगणना कर्मी घर आकर विवरण दर्ज करेंगे। स्व-गणना में अंतिम सबमिशन के बाद सामान्य तौर पर बदलाव नहीं किया जा सकेगा। इसलिए सबमिट करने से पहले सभी जानकारियां अच्छी तरह जांच लें।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।