UP News: AC गाड़ियों में ले जाएं मुर्गा, निगम के फरमान से दुकानदार हलकान; बर्ड फ्लू से अलर्ट प्रशासन
नगर निगम के पशु कल्याण विभाग की ओर से दिए गए नोटिस में कहा गया है कि गोरखपुर नगर निगम की सीमा के अंतर्गत अवैध रूप से बिना स्वास्थ्य प्रमाणपत्र के मुर्गा व मुर्गी का परिवहन किया जा रहा है। जबकि बिना वैध स्वास्थ्य प्रमाणपत्र के मुर्गा मुर्गी का परिवहन करना पूरी तरह से अवैध है।

तस्वीर का इस्तेमाल प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए किया गया है। जागरण
जागरण संवाददाता, गोरखपुर। पाेल्ट्री फार्म संचालकों को अगर मुर्गा-मुर्गियों को कहीं लेकर जाना है तो उन्हें ऐसी गाड़ियों का इस्तेमाल करना होगा, जिनमें तापमान को नियंत्रित कर अधिकतम 25 डिग्री सेल्सियस तक रखा जा सके। यानी कि ये गाड़ियां एयर कंडीशनर होंगी, जिनमें अधिकतम तापमान को नियंत्रित कर 25 डिग्री सेल्सियस तक रखा जा सके। ऐसा नहीं करने वाले पाेल्ट्री फार्म संचालकों को नगर निगम के पशु कल्याण विभाग ने पशु परिवहन अधिनियम 1978 (संशोधित 2001) का हवाला देते हुए नोटिस जारी करना शुरू कर दिया है।
निगम के इस फरमान से पोल्ट्री फार्म संचालकों की परेशानी बढ़ गई है और उनके सामने असमंजस की स्थिति पैदा हो गई है। इसके अलावा निगम की ओर से जिस तरह की नोटिस जारी की गई है, उनको लेकर भी मुर्गा के थोक व खुदरा विक्रेता परेशान हैं।
नगर निगम के पशु कल्याण विभाग की ओर से दिए गए नोटिस में कहा गया है कि गोरखपुर नगर निगम की सीमा के अंतर्गत अवैध रूप से बिना स्वास्थ्य प्रमाणपत्र के मुर्गा व मुर्गी का परिवहन किया जा रहा है। जबकि बिना वैध स्वास्थ्य प्रमाणपत्र के मुर्गा मुर्गी का परिवहन करना पूरी तरह से अवैध है। इसके अलावा करीब 32 डिग्री सेल्सियस तापमान में पोल्ट्री मुर्गा व मुर्गी का परिवहन किया जा रहा है, जबकि गर्मी में 25 डिग्री सेल्सियस तापमान के ऊपर परिवहन करना अवैध है।
ऐसे में इतने ज्यादा तापमान में मुर्गा व मुर्गी को खुली गाड़ियों में ढोकर ले जाना पशु परिवहन अधिनियम 1978 (संशोधित 2001) का पूरी तरह से उल्लंघन है। इसके अलावा मुर्गा-मुर्गी को ले जाने के लिए जिस तरह की गाड़ियों का इस्तेमाल किया जा रहा है, वह भी पूरी तरह से नियम का उल्लंघन है।
नोटिस में कहा गया है कि मुर्गा-मुर्गियों को एक के ऊपर एक जाल में रखा गया है और जाल के धरातल खुले हुए हैं। मुर्गियों के ऊपर सूर्य का प्रकाश सीधे तौर पर पड़ रहा है। साथ ही मानक से ज्यादा मुर्गा-मुर्गियों को रखा गया है। इस तरह से पशु क्रूरता अधिनियम 1990 का उल्लंघन किया गया है।
नगर निगम के मुख्य पशु चिकित्सा एवं कल्याण अधिकारी डा. रोबिन चंद्रा ने कहा कि पशु परिवहन संबंधी नियमावली का उल्लंघन करने पर मुर्गा-मुर्गी को दुकानदारों तक भिजवाने वाले फर्म को नोटिस दिया गया है। उन सबको कोर्ट में अपना जवाब देना होगा।
मुर्गों की स्वास्थ्य जांच कराना अनिवार्य, व्यवस्था है ही नहीं
पक्षियों में बर्ड फ्लू समेत अन्य तरह की बीमारियां के मद्देनजर शहर में बिकने वाले सभी मुर्गा-मुर्गी की स्वास्थ्य संबंधी जांच अनिवार्य है। लेकिन शहर में इस तरह की जांच की कोई व्यवस्था नहीं है। नगर निगम और खाद्य सुरक्षा विभाग के द्वारा इस तरह की कोई जांच नहीं की जाती है। इसके बावजूद गाड़ियों में मुर्गा-मुर्गी ले जाने वाले पाल्टी फार्म संचालकों को नगर निगम के पशु कल्याण विभाग की ओर से नोटिस दिया जा रहा है।
पोल्ट्री फार्म संचालक मोहम्मद इरशाद ने कहा कि मुर्गा-मुर्गी के स्वास्थ्य संबंधी जांच संबंधी जो नोटिस दिया जा रहा है, उससे काफी परेशानी है। गोरखपुर में इस तरह की जांच की कोई व्यवस्था नहीं है।
ज्यादा तापमान में जीवित नहीं रह पाते मुर्गे
नगर निगम के मुख्य पशु चिकित्सा एवं कल्याण अधिकारी डा. रोबिन चंद्रा ने कहा कि 25 डिग्री से ज्यादा तापमान में मुर्गों को ले जाने पर उन्हें गर्मी का तनाव हो सकता है, जिससे उनकी सेहत पर बुरा असर पड़ सकता है। इससे उनकी मृत्यु दर भी बढ़ सकती है। मुर्गियों में गर्मी का तनाव तब होता है जब वे अपने शरीर के तापमान को नियंत्रित करने के लिए संघर्ष करती हैं। अधिक गर्मी के कारण मुर्गियों को सांस लेने में तकलीफ हो सकती है।
मुर्गा लदे वाहन को पकड़ने के दाैरान करीमनगर में हुआ हंगामा
नगर निगम के पशु कल्याण विभाग की ओर से गुरुवार को मेडिकल कालेज रोड पर करीम नगर फतेहपुर में मुर्गा लेकर जा रहे वाहन को पकड़ा गया। इस दौरान फर्म मालिक के द्वारा निगम की कार्रवाई का काफी विरोध किया गया। साथ ही निगम की टीम पर धन उगाही का आरोप भी लगाया गया। काफी हंगामे वाली स्थिति बनी रही।
- पोल्ट्री फार्म संचालक जिस हेचरी से मुर्गा मंगाते हैं, वहां से प्रमाणपत्र ले सकते हैं। हालांकि अभी इन मामलों में विशेष सख्ती नहीं की जाएगी। पहले सभी को मुर्गा-मुर्गी के खरीद विक्रय और परिवहन संबंधी प्रविधानों से लोगों को अवगत कराया जाएगा।
गौरव सिंह सोगरवाल, नगर आयुक्त
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।