विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Aug 25, 2022 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

वियतनामी पर्यटकों से गुलज़ार हुई बुद्धनगरी

By JagranEdited By:
Published: Thu, 25 Aug 2022 11:12 PM (IST)

75 सदस्यीय वियतनामी बौद्ध श्रद्धालुओं के दल ने बुद्धस्थली का दर्शन किया।

वियतनामी पर्यटकों से गुलज़ार हुई बुद्धनगरी
वियतनामी पर्यटकों से गुलज़ार हुई बुद्धनगरी

वियतनामी पर्यटकों से गुलज़ार हुई बुद्धनगरी

कुशीनगर: कोरोना काल के दो वर्ष बाद इस वर्ष का पर्यटक सीजन बेहतर होने की उम्मीद है। सीजन शुरू होने से एक माह पूर्व ही अंतरराष्ट्रीय पर्यटन स्थल कुशीनगर गुरुवार को वियतनामी ग्रुप के आगमन से गुलजार हो उठा। 75 सदस्यीय वियतनामी बौद्ध श्रद्धालुओं के दल ने बुद्धस्थली का दर्शन किया। वियतनामी गुरु मिस फाम थी येन के निर्देशन में दल ने महापरिनिर्वाण बुद्ध मंदिर में तथागत की लेटी प्रतिमा पर श्रद्धापूर्वक चीवर चढ़ाया। इसके बाद पर्यटकों ने विश्व शांति, रूस-यूक्रेन युद्ध की समाप्ति, वैश्विक महामारी कोरोना की समूल नाश के लिए भगवान बुद्ध से प्रार्थना की। श्रद्धालुओं ने रामाभार स्तूप का भी पूजन-वंदन किया। येन ने बताया कि वह अपने देश वापस जाकर लोगों को भारत आने के लिए प्रोत्साहित करेंगी। कोरोना का भय लगभग समाप्त हो रहा है। ग्रुप लीडर गौकरण सिंह ने बताया कि 21 अगस्त को भारत आया यह दल बौद्ध परिपथ के 11 दिवसीय भ्रमण पर है। श्रावस्ती व लुंबिनी का दर्शन कर दल बुधवार की रात कुशीनगर पहुंचा। यहां से दल वैशाली, बोधगया, राजगीर व नालंदा होते हुए 31 अगस्त को सारनाथ पहुंचेगा। वहां से स्वदेश के लिए रवाना हो जाएगा। सीजन से पूर्व विदेशी पर्यटकों के आगमन को पर्यटन व्यवसायी आगामी सीजन के लिए शुभ संकेत मान रहे हैं। श्रद्धालुओं के साथ भंते नंदका, भंते अशोक, भंते शीलवंशा, भंते धम्मरक्षिता, भिक्षुणी धम्म नैना आदि उपस्थित रहे।