विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

गोरखपुर के बीआरडी मेडिकल कॉलेज में रैगिंग का मामला गरमाया, 18 सीनियर छात्रों पर आरोप; जांच तेज

Published: Thu, 22 Oct 2026 07:58 AM (IST)

बीआरडी मेडिकल कॉलेज, गोरखपुर में 18 सीनियर छात्रों पर रैगिंग का आरोप लगा है, जिसके बाद कॉलेज प्रशासन ने जांच ...और पढ़ें

बीआरडी मेडिकल कॉलेज। जागरण

बीआरडी मेडिकल कॉलेज। जागरण

HighLights

  1. बीआरडी मेडिकल कॉलेज में 18 सीनियर छात्रों पर रैगिंग आरोप।

  2. एनएमसी की शिकायत पर कॉलेज प्रशासन ने जांच शुरू की।

  3. सीसीटीवी फुटेज से पहचान, दोषियों पर होगी कठोर कार्रवाई।

जागरण संवाददाता, गोरखपुर। बीआरडी मेडिकल कालेज में रैगिंग के आरोपों को लेकर प्रशासन ने जांच शुरू कर दी है। कालेज के 18 सीनियर छात्रों पर चेहरा ढककर जूनियर छात्रों के हास्टल में प्रवेश करने का आरोप लगा है। इनमें 2025 बैच के 16 छात्र और इंटर्नशिप कर रहे दो छात्र शामिल बताए जा रहे हैं।

मामले में राष्ट्रीय आयुर्विज्ञान आयोग (एनएमसी) में अज्ञात व्यक्ति की ओर से शिकायत किए जाने के बाद कालेज प्रशासन सक्रिय हो गया है। एंटी रैगिंग स्क्वायड सीसी टीवी फुटेज के आधार पर छात्रों की पहचान करने में जुटा है। कालेज प्रशासन के मुताबिक, अधिकांश छात्रों की पहचान हो चुकी है, जबकि दो की पहचान की प्रक्रिया बाकी है।

एमबीबीएस 2026 बैच में प्रवेश लेने वाले प्रथम वर्ष के छात्र राजेंद्र हास्टल में रहते हैं। इन छात्रों को कालेज में आए अभी करीब 25 दिन ही हुए हैं। हास्टल में सीनियर छात्रों का प्रवेश प्रतिबंधित है। आरोप है कि अक्टूबर में दो बार देर रात सीनियर छात्र हास्टल में पहुंचे। इसके लिए उन्होंने हास्टल की छत और पीछे स्थित मेस के आपातकालीन निकास द्वार का रास्ता इस्तेमाल किया।

हॉस्टल परिसर में लगे सीसी कैमरों की रिकार्डिंग में कुछ छात्र चेहरा ढंककर प्रवेश करते दिखाई दिए हैं। इसी आधार पर एंटी रैगिंग स्क्वायड उनकी पहचान करने में जुटा है। हालांकि, मामले में रैगिंग से जुड़ी घटनाओं की विस्तृत जानकारी जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

एनएमसी ने तलब की रिपोर्ट
मामले की शिकायत एनएमसी तक पहुंचने के बाद आयोग ने मेडिकल कालेज प्रशासन को जांच कर रिपोर्ट देने का निर्देश दिया है। इसके बाद कालेज प्रशासन ने प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए जांच की प्रक्रिया तेज कर दी है। एंटी रैगिंग स्क्वायड फुटेज और उपलब्ध जानकारियों के आधार पर संबंधित छात्रों की भूमिका की पड़ताल कर रहा है।

परिजनों को बुलाकर दी जाएगी सूचना
बुधवार को बीआरडी मेडिकल कालेज में एंटी रैगिंग सेल की बैठक हुई। अध्यक्षता प्राचार्य डा. धर्मेंद्र कुमार ने की। बैठक में तय किया गया कि मामले की जानकारी एनएमसी को देने के साथ ही संबंधित सीनियर छात्रों के स्वजन को भी सूचित किया जाएगा। स्वजन को कालेज बुलाकर नोटिस देने की तैयारी है। कालेज प्रशासन के अनुसार, एंटी रैगिंग सेल की अगली बैठक करीब एक सप्ताह बाद हो सकती है। इसमें जांच की प्रगति की समीक्षा कर आगे की कार्रवाई पर निर्णय लिया जा सकता है।

यह भी पढ़ें- गोरखपुर में तीन मौतों के बाद सड़क पर उतरा आक्रोश, मेडिकल कॉलेज हाईवे पर 100 मिनट हंगामा

प्राचार्य ने कहा, होगी कठोर कार्रवाई
बीआरडी मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डा. धर्मेंद्र कुमार ने बताया कि एनएमसी में शिकायत मिलने के बाद जांच कराई गई है। एंटी रैगिंग स्क्वायड की कार्रवाई में कुछ सीनियर छात्रों की पहचान हुई है। उनके स्वजन को मामले की जानकारी दी जा रही है। स्वजन को प्रकरण से अवगत कराने के बाद संबंधित छात्रों के खिलाफ एनएमसी के नियमों के अनुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।

यह भी पढ़ें- गोरखपुर में दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के दौरान बड़ा हादसा, करंट से दो सगे भाइयों समेत तीन की मौत