चार जून से घर-घर पहुंचने का अभियान शुरू करेगी भाजपा, 75 घंटे में समाज के हर वर्ग तक पहुंचेंगे कार्यकर्ता
BJP in Election Mode मोदी सरकार के आठ वर्ष पूरे होने पर भाजपा नया कार्यक्रम करने जा रही है। पहले चरण में आजादी के 75 वर्ष से जोड़ते 75 घंटे जनता के बीच रहकर सेवा आधारित गतिविधियों की योजना बनाई है।

गोरखपुर, डा. राकेश राय। केंद्र में मोदी सरकार के आठ वर्ष पूरे होने के साथ भाजपा ने मिशन मोड में लोकसभा चुनाव की तैयारी शुरू कर दी है। इसके पहले चरण में आजादी के 75 वर्ष से जोड़ते 75 घंटे जनता के बीच रहकर सेवा आधारित गतिविधियों की योजना बनाई है। 75 घंटे की गतिविधियों के लिए पार्टी नेतृत्व की ओर से 10 दिन निर्धारित किए गए हैं। प्रतिदिन आठ घंटे कार्य करने का लक्ष्य दिया गया है। गतिविधियों का आयोजन जिला, विधानसभा क्षेत्र और वार्ड स्तर किया जाना है। इन गतिविधियों के जरिए समाज के हर वर्ग तक पहुंचने की पार्टी की योजना है। यह कार्यक्रम चार जून से शुरू होकर 13 जून तक चलेगा।
जिला, विधानसभा और वार्ड स्तर पर हर दिन आठ घंटे करेंगे सेवा आधारित गतिविधियां
सेवा गतिविधियों की योजना समाज के हर वर्ग को ध्यान में रखकर बनाई गई। अलग-अलग वर्ग के लिए अलग-अलग दिन निर्धारित किया गया है। वर्गवार योजना के सकुशल क्रियान्वयन के लिए मूल संगठन, मोर्चों और प्रकोष्ठों की जिम्मेदारी तय की गई है। इसकी शुरुआत चार जून को किसानों को साधने से हो रही है। किसान मोर्चा इसके तहत विधानसभावार तालाब सफाई और पौधारोपण अभियान चलाएगा।
पांच जून को महिला मोर्चा की ओर से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों और आंगनबाड़ी केंद्रों पर स्वास्थ्य प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया जाएगा। शिविर में आने वाली महिलाओं को सैनेटरी पैड का वितरण किया जाएगा। छह जून को विधानसभा क्षेत्र स्तर पर अनुसूचित जाति मोर्चा के कार्यकर्ता महापुरुषों की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण के बाद स्वच्छता अभियान चलाएंगे।
मोदी सरकार के आठ वर्ष पूरे होने पर भाजपा ने सेवा का वर्गवार बनाया है कार्यक्रम
सात जून यही कार्य जिले स्तर पर अनुसूचित जनजाति मोर्चे द्वारा किया जाएगा। पिछड़ा मोर्चा के कार्यकर्ता आठ जून को प्राथमिक व उच्च प्राथमिक विद्यालयों में पौधारोपण कर स्वच्छता अभियान चलाएंगे। नौ जून को मूल संगठन के कार्यकर्ता राशन वितरण सुनिश्चित करने के लिए सस्ते गल्ले की दुकानों पर कार्यक्रम आयोजित करेंगे।
10 जून को स्थानीय निकाय टीम वार्ड स्तर पर शहरी गरीबों के लिए स्वास्थ्य प्रशिक्षण शिविर लगवाएगी। 11 जून को संगठन की ओर से जिले स्तर पर विभिन्न क्षेत्रों में उपलब्धि अर्जित करने वाले लोगों सम्मानित किया जाएगा। 12 जून को चिकित्सा प्रकोष्ठ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर स्वास्थ्यकर्मियों के सम्मान के लिए कार्यक्रम आयोजित करेगा।
अंतिम दिन 13 जून को संगठन के कार्यकर्ता योजनाओं के लाभार्थियों के घर-घर जाएंगे और उन्हें संपर्क कर पौधा भेंट करेंगे। सभी कार्यक्रमों से अधिक से अधिक लोगों को जोड़ने की पार्टी नेतृत्व ने कार्यकर्ताओं से अपील की है।
क्रियान्वयन के लिए बनी चार सदस्यीय टीम
10 दिन तक चलने वाले इस कार्यक्रम के लिए स्थानीय स्तर पर चार सदस्यीय टीम बना दी गई है। टीम में महानगर उपाध्यक्ष बृजेश मणि मिश्र, महानगर महामंत्री इंद्रमणि उपाध्याय, पूर्व महानगर मंत्री और कार्यालय प्रभारी शिवम पांडेय शामिल हैं। टीम ने योजना के क्रियान्वयन के लिए संबंधित इकाइयों के साथ मिलाकर कार्य शुरू कर दिया है।
केंद्र में मोदी सरकार के आठ वर्ष पूरे होने पर सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण के नाम पर 75 घंटे जनता के बीच रहकर विभिन्न कार्यक्रमों को संचालित करने की योजना पार्टी की ओर से बनाई गई। याेजना का क्रियान्वयन चार जून से शुरू होकर 10 दिन यानी 13 जून तक किया जाएगा। इसे लेकर तैयारी शुरू कर दी गई है। - डा. धर्मेंद्र सिंह, क्षेत्रीय अध्यक्ष, भाजपा गोरखपुर।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।