गोरखपुर में होर्डिंग से हुंकार तक, शक्ति प्रदर्शन कर भाजपा देगी सियासी संदेश
गोरखपुर में भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन की अगुवाई में 'लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ' पदयात्रा और जनसभा का आयोजन किया ...और पढ़ें
HighLights
राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन की अगुवाई में पदयात्रा।
एक लाख से अधिक लोगों की भागीदारी का लक्ष्य।
विधानसभा चुनाव से पहले कार्यकर्ताओं में जोश भरना।
जागरण संवाददाता, गोरखपुर। शहर की सड़कों पर सजे होर्डिंग, बैनर और सीमा पर बने तोरणद्वार बुधवार को होने वाले सियासी शक्ति प्रदर्शन की कहानी कह रहे हैं। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के स्वागत में गोरखपुर का संगठन जिस उत्साह और व्यापकता के साथ जुटा है, उससे साफ है कि पार्टी इस आयोजन को केवल पदयात्रा तक सीमित नहीं रखना चाहती। विधानसभा चुनाव की दहलीज की ओर बढ़ती राजनीति में ''लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ'' पदयात्रा के जरिये भाजपा कार्यकर्ताओं में जोश भरने के साथ विपक्ष को अपनी एकजुटता का संदेश भी देना चाहती है।
एयरपोर्ट से गोलघर तक स्वागत की तैयारियों के बहाने संगठन अपनी सक्रियता, जनाधार और राजनीतिक प्रभाव का प्रदर्शन करने की तैयारी में है।
राष्ट्रीय अध्यक्ष के आगमन को लेकर शहर को राजनीतिक उत्सव के रंग में रंगा गया है। एयरपोर्ट से सर्किट हाउस तक छह स्वागत स्थल बनाए गए हैं, जबकि महाराणा प्रताप इंटर कालेज से गोलघर तक पदयात्रा मार्ग पर 18 स्थानों पर स्वागत की तैयारी है। इन 24 स्थलों पर संगठन के अलग-अलग पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी दी गई है।
खास बात यह है कि स्वागत की इस मुहिम में केवल पार्टी के पदाधिकारी ही नहीं, बल्कि व्यापारी मंडल, दवा विक्रेता संघ और विभिन्न व्यापारिक संगठनों के प्रतिनिधि भी भागीदारी करेंगे। पार्टी इस व्यापक सहभागिता के जरिये राजनीतिक आयोजन को सामाजिक और व्यावसायिक वर्गों तक पहुंचाने की कोशिश में है।
पदयात्रा में एक लाख से अधिक लोगों की भागीदारी का लक्ष्य रखा गया है। इस लक्ष्य को लेकर महानगर से लेकर मंडल और बूथ स्तर तक कार्यकर्ताओं को सक्रिय किया गया है। भीड़ जुटाने से लेकर यातायात प्रबंधन और स्वागत की व्यवस्था तक जिम्मेदारियां बांटी गई हैं। अलग-अलग स्थानों पर कार्यकर्ताओं की तैनाती के पीछे उद्देश्य आयोजन को व्यवस्थित रखने के साथ हर मोर्चे पर संगठन की मौजूदगी दर्ज कराना है।
कार्यकर्ताओं में उत्साह का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि शहर के प्रमुख मार्गों को स्वागत के लिए तैयार किया गया है। पार्टी के लिए यह संख्या केवल भीड़ का आंकड़ा नहीं, बल्कि चुनावी तैयारी के बीच कार्यकर्ताओं की सक्रियता और जनसंपर्क क्षमता का संकेत भी होगी।
पदयात्रा के बाद एनेक्सी भवन में प्रबुद्ध वर्ग, जनप्रतिनिधियों और कोर कमेटी के साथ बैठकें प्रस्तावित हैं। पांच नवंबर को राष्ट्रीय अध्यक्ष गोरखनाथ मंदिर में दर्शन-पूजन के बाद पूर्व पदाधिकारियों, पूर्व जनप्रतिनिधियों और पार्टी पदाधिकारियों से संवाद करेंगे। महानगर अध्यक्ष रमेश प्रताप गुप्ता के अनुसार संगठन के पदाधिकारी और कार्यकर्ता समन्वय के साथ जुटे हैं। देर रात तक कार्यकर्ताओं के पदाधिकारी
मंच से सड़क तक एकजुटता का संदेश
बुधवार की दोपहर 12 बजे महाराणा प्रताप इंटर कालेज में राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन जनसभा को संबोधित करेंगे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी का भी संबोधन होगा। संगठन के वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी आयोजन को और महत्वपूर्ण बनाएगी।
यह भी पढ़ें- जागरण एजेंडा: गोरखपुर में जाम बढ़ा रहे 18 हजार ई-रिक्शा, बढ़ी दुर्घटना की आशंका
जनसभा के बाद शुरू होने वाली पदयात्रा गोलघर स्थित सरदार वल्लभभाई पटेल की प्रतिमा तक पहुंचेगी। इस तरह कार्यक्रम का संदेश केवल मंच से भाषण तक नहीं, बल्कि शहर की सड़कों पर कार्यकर्ताओं और समर्थकों की भागीदारी के माध्यम से भी सामने आएगा। मंच से सड़क तक पार्टी कार्यकर्ता एकजुटता का संदेश देने का प्रयास करेंगे।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।