UP Panchayat Election: संगठनात्मक संरचना तैयार, अब पुनरीक्षण और आरक्षण पर नजर
भाजपा ने अगले साल होने वाले पंचायत चुनावों के लिए गोरखपुर में कमर कस ली है। संगठनात्मक ढांचा तैयार किया गया है और कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारियां तय की गई हैं। पार्टी समर्थकों को जुटाने और मतदाता सूची को अपडेट करने पर जोर दिया जा रहा है। बूथ स्तर पर संयोजक नियुक्त किए गए हैं और उनका लक्ष्य अधिक से अधिक पंचायत प्रतिनिधियों को पार्टी समर्थक बनाना है।

जागण संवाददाता, गोरखपुर। अगले साल मार्च-अप्रैल में होने वाले त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव को लेकर भाजपा ने अभी से कमर कस ली है। चुनाव की दृष्टि से संगठनात्मक संरचना तैयार कर ली गई है। कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी भी तय कर ली गई है।
बीते दिनों प्रदेश महामंत्री संगठन धर्मपाल से मिले मार्गदर्शन के बाद चुनाव को लेकर पार्टी की गतिविधियों में भी तेजी आ गई है। चुनावी योजना को धरातल पर उतारने के लिए बैठकों का सिलसिला अनवरत चल रहा है। इसके जरिये चुनावी दृष्टि से कार्यकर्ताओं में जोश भरा जा रहा है। मतदाता पुनरीक्षण और आरक्षण सूची पर नजर रखने को कहा जा रहा है।
प्रदेश नेतृत्व से मिले मार्गदर्शन के आधार पर पंचायत चुनाव के लिए क्षेत्र से लेकर बूथ तक की संगठनात्मक संरचना तैयार की गई है। क्षेत्र, जिला व मंडल स्तर पर एक संयोजक व दो सह संयोजक की टीम तैयार की गई है।
ब्लाक, वार्ड और बूथ पर संयोजक बनाए गए हैं। सभी को सक्रिय कर दिया गया है। उन्हेंं गांव-गांव में पार्टी के समर्थकों को जुटाने के लिए कहा गया है। उनकी सूची तैयार करने पर जोर दिया गया है। पार्टी समर्थक प्रधानों व क्षेत्र व जिला पंचायत सदस्यों को एक बार फिर साधने पर जोर है। उनकी सूची तैयार की जा रही है।
सूची में उन्हें भी जगह दी जा रही है, जो बीते चुनाव में पार्टी समर्थक नहीं थे लेकिन इस बार खुल कर सामने आ रहे हैं। पार्टी का हिस्सा बनने की इच्छा जता रहे हैं।
पुरानी मतदाता सूची पर हो रहा काम
चूंकि अभी मतदाता सूची का पुनरीक्षण कार्य चल रहा है। इसलिए नेतृत्व की ओर से कार्यकर्ताओें को इसमें सक्रिय भूमिका निभाने का कहा जा रहा है। नेतृत्व के निर्देश पर कार्यकर्ता पुरानी मतदाता सूची पर काम कर रहे हैं।
उसमें शामिल उन मतदाताओंं को सूची से बाहर कराने की दिशा में कार्य कर रहे है, जो या तो अब दुनिया में नहीं है, या फिर संबंधित क्षेत्र में उनके मतदाता होने पर संदेह है। मतदाता सूची का हिस्सा बनाने के लिए उन युवाओं की सूची भी तैयार की जा रही है, जिन्होंने आयु के हिसाब से हाल ही में मतदाता होने की अर्हता पायी है। यानी 18 वर्ष की आयु पूरी की है। कार्यकर्ताओं का इस कार्य के दौरान नए परिसीमन का ध्यान देने को भी कहा गया है।
यह भी पढ़ें- Gold-Silver Price Today: त्योहार से पहले चमकी चांदी, शिखर पर सोना
पंचायत चुनाव को लेकर बूथ तक संयोजक बना दिए गए हैं। उनकी जिम्मेदारी भी तय कर दी गई है। मतदाता सूची पर हमारा विशेष जोर है। कार्यकर्ताओं ने मतदाता सूची पर कार्य करना शुरू कर दिया है। सूची में शामिल हर मतदाता पर हमारी नजर है। पूरी कोशिश है कि ज्यादा से ज्यादा पंचायत प्रतिनिधि पार्टी समर्थक हो, जिससे पार्टी की कल्याणकारी योजनाओं को हर पात्र व्यक्ति तक पहुंचाने का सिलसिला अनवरत जारी रहे।
राजेश गुप्ता, महानगर संयोजक, भाजपा गोरखपुर
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।