विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

भ्रम में न रहें, तिल के तेल में तिल हो यह जरूरी नहीं; लेबल देखकर ही खरीदें

Published: Wed, 14 Oct 2026 09:54 AM (IST)

पूजा-पाठ में इस्तेमाल होने वाले तिल के तेल में मिनरल और पाम आयल जैसी सस्ती सामग्री की मिलावट की आशंका ...और पढ़ें

पूजा के तिल तेल में मिलावट का खेल। सांकेतिक तस्वीर

पूजा के तिल तेल में मिलावट का खेल। सांकेतिक तस्वीर

HighLights

  1. पूजा के तिल तेल में मिनरल और पाम आयल की मिलावट।

  2. लेबल पर छोटी जानकारी से ग्राहक हो रहे हैं भ्रमित।

  3. अखाद्य तेल का सेवन स्वास्थ्य के लिए हो सकता है खतरनाक।

जागरण संवाददाता, गोरखपुर। पूजा-पाठ में इस्तेमाल होने वाला तिल का तेल खरीदते समय अगर आप यह मानकर चल रहे हैं कि उसमें तिल का ही तेल होगा तो सावधान हो जाइए। बाजार में तिल के तेल के नाम पर बिकने वाले कुछ उत्पादों में तिल के बजाय सस्ते मिनरल आयल, पाम आयल और रंग जैसे पदार्थों का इस्तेमाल किए जाने की आशंका है।

ऐसे उत्पादों की पैकिंग पर सामग्री का उल्लेख तो किया जाता है, लेकिन अक्षरों का आकार इतना छोटा होता है कि सामान्य ग्राहक की नजर उस पर नहीं पड़ती। ऐसे में नाम और पैकिंग के भ्रम में लोग तेल की वास्तविक प्रकृति जाने बिना उसे खरीद लेते हैं।

पूजा-पाठ में दीपक जलाने के लिए इस्तेमाल होने वाले तेल को कई लोग जानकारी के अभाव में खाने योग्य तेल समझ लेते हैं। जबकि पूजा के लिए तैयार किया गया हर तेल खाद्य उपयोग के योग्य हो, यह जरूरी नहीं है। मिनरल आयल या अन्य गैर-खाद्य पदार्थों से तैयार तेल को भोजन में इस्तेमाल करना स्वास्थ्य के लिए नुकसानदायक हो सकता है।

दरअसल मिनरल आयल एक पारदर्शी, गंधहीन और रंगहीन तरल पदार्थ है, जिसे कच्चे तेल (पेट्रोलियम) को साफ या रिफाइन करने की प्रक्रिया से बनाया जाता है। इसे तरल पैराफिन भी कहा जाता है और यह एक पेट्रोलियम उत्पाद है। इसका उपयोग औद्योगिक ल्यूब्रिकेंट, मोमबत्तियां बनाने और कास्मेटिक उत्पादों में नमी को बंद रखने वाले तत्व के रूप में किया जाता है।

लेबल पर छिपी जानकारी बढ़ा रही भ्रम
सहायक आयुक्त खाद्य सुधीर कुमार सिंह ने कहा कि बाजार में उपलब्ध कुछ उत्पादों की बोतलों पर मिनरल आयल, पाम आयल और अन्य इस्तेमाल किए गए पदार्थों का उल्लेख किया जाता है। इसके साथ ही कहीं-कहीं छोटे अक्षरों में यह चेतावनी भी लिखी रहती है कि तेल खाने योग्य नहीं है। ग्राहक अक्सर बोतल पर लिखे तिल के तेल के नाम और धार्मिक उपयोग से जुड़े उल्लेख को देखकर उत्पाद खरीद लेते हैं।

यह भी पढ़ें- गोरखपुर में मोरंग लदे ट्रालर ने नौवीं की छात्रा को रौंदा, मौके पर मौत

यदि बोतल पर तेल को खाने योग्य नहीं बताया गया है तो उसका इस्तेमाल भोजन बनाने, खाने या खाद्य पदार्थों में मिलाने के लिए नहीं करना चाहिए। उत्पाद की प्रकृति स्पष्ट नहीं होने पर विक्रेता से जानकारी लेने के साथ खाद्य विभाग से भी संपर्क किया जा सकता है।

यह भी पढ़ें- गोरखपुर के धुरियापार के उद्योगों के लिए बनेगा सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट, पर्यावरण संरक्षण को मिलेगी गति