विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बहराइच के भेड़िये गोरखपुर चिड़ियाघर में हुए एक, साथ रहने लगे नर-मादा, बाड़े में चलकर बना दिया था ‘आठ’

Published: Fri, 20 Nov 2026 12:38 PM (IST)

बहराइच से लाए गए नर और मादा भेड़िये अब गोरखपुर चिड़ियाघर में एक साथ रह रहे हैं। उनके सामान्य व्यवहार को देखते हुए चिड़ियाघर प्रशासन को उनके प्रजनन की उम्मीद है।

गोरखपुर चिड़ियाघर और नर भेड़िया। फाइल फोटो, जागरण

गोरखपुर चिड़ियाघर और नर भेड़िया। फाइल फोटो, जागरण

HighLights

  1. नर-मादा भेड़िये अब गोरखपुर चिड़ियाघर में एक साथ रह रहे।

  2. बहराइच से लाए गए भेड़ियों का व्यवहार सामान्य नजर आ रहा।

  3. चिड़ियाघर प्रशासन को इनके कुनबे में वृद्धि की उम्मीद जगी।

जागरण संवाददाता, गोरखपुर। बहराइच में आतंक का पर्याय बने भेड़ियों में शामिल नर और मादा अब चिड़ियाघर में एक ही बाड़े में रह रहे हैं। एक-दूसरे के साथ समय बिता रहे दोनों भेड़ियों का व्यवहार भी सामान्य नजर आ रहा है। चिड़ियाघर प्रशासन के लिए यह बदलाव राहत देने वाला है। माना जा रहा है कि अनुकूल माहौल मिलने के बाद इनके कुनबे में भी वृद्धि हो सकती है।

बहराइच से रेस्क्यू किए गए नर भेड़िये को 29 अगस्त 2024 को शहीद अशफाक उल्ला खां प्राणि उद्यान (चिड़ियाघर) लाया गया था। इसके बाद मादा भेड़िया को 10 सितंबर 2024 को यहां लाया गया। शुरुआत में दोनों को अलग-अलग बाड़ों में रखा गया था। नए वातावरण और मौसम के अनुकूल होने में इन्हें समय लगा।

शुरुआती दिनों में नर भेड़िया काफी बेचैन रहता था। वह अपने बाड़े में लगातार चक्कर लगाता था। उसकी चाल ऐसी होती थी कि बाड़े में चलते-चलते उसने अंग्रेजी के आठ (8) जैसी आकृति बना दी थी। उसकी इस गतिविधि को देखकर चिड़ियाघर के कर्मचारी भी हैरान रहते थे।

धीरे-धीरे दोनों भेड़िये यहां के वातावरण में अभ्यस्त हो गए। इसके बाद चिड़ियाघर प्रशासन ने उन्हें एक ही बाड़े में रखने का निर्णय लिया। अब दोनों साथ रह रहे हैं और उनके बीच किसी तरह के तनाव की स्थिति नहीं दिख रही है। दोनों का एक साथ रहना उनके व्यवहार और अनुकूलन के लिहाज से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

चिड़ियाघर के उप निदेशक डाॅ. योगेश प्रताप सिंह ने बताया कि दोनों के बीच इसी तरह तालमेल बना रहा तो भविष्य में इनके प्रजनन की संभावना भी बन सकती है। हालांकि, यह प्राकृतिक प्रक्रिया है और इसके लिए अनुकूल परिस्थितियों के साथ विशेषज्ञों की निगरानी भी जरूरी होती है।

यह भी पढ़ें- दिल्ली चिड़ियाघर में दिखा नया मेहमान, संडे बर्ड वॉक में पहली बार देखा गया खास चोंच वाला जलपक्षी

यह भी पढ़ें- ग्वालियर से देहरादून आया सफेद बाघ तेजस, कल से चिड़ियाघर में करें दीदार

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।