दिल्ली चिड़ियाघर में दिखा नया मेहमान, संडे बर्ड वॉक में पहली बार देखा गया खास चोंच वाला जलपक्षी
दिल्ली चिड़ियाघर की 21वीं संडे बर्ड वाक में नार्दर्न शोवलर नामक एक नई पक्षी प्रजाति दर्ज की गई, जिससे कुल ...और पढ़ें

दिल्ली के चिड़ियाघर में पहली बार इस पक्षी नार्दर्न शोवलर को देखा गया। फोटो: इंटरनेट
HighLights
21वीं संडे बर्ड वाक में नार्दर्न शोवलर नई प्रजाति दर्ज।
कुल 42 पक्षी प्रजातियाँ और 600 से अधिक पक्षी देखे गए।
जैव विविधता संरक्षण और नागरिक विज्ञान को बढ़ावा देना उद्देश्य।
जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। चिड़ियाघर में आयोजित 21वीं संडे बर्ड वॉक के दौरान पक्षियों की एक नई प्रजाति नार्दर्न शोवलर देखने को मिली है। इसके साथ ही यह प्रजाति चिड़ियाघर की आधिकारिक बर्ड चेकलिस्ट में शामिल हो गई है।
चिड़ियाघर की ओर से आयोजित बर्ड वॉक में प्रतिभागियों ने कुल 42 प्रजातियों के 600 से अधिक पक्षियों को देखा। इस गतिविधि का उद्देश्य आम लोगों को जैव विविधता के संरक्षण और पक्षियों की वैज्ञानिक निगरानी से जोड़ना है।
नार्दर्न शोवलर पहली बार सूची में शामिल
पक्षी विशेषज्ञ विनीत कुमार के मार्गदर्शन में प्रतिभागियों ने चिड़ियाघर परिसर में मौजूद विभिन्न पक्षियों की पहचान की और उनकी संख्या व प्रजातियों का रिकॉर्ड तैयार किया।
इस बार की बर्ड वॉक का सबसे महत्वपूर्ण आकर्षण नार्दर्न शोवलर का पहली बार चिड़ियाघर की पक्षी सूची में दर्ज होना रहा। यह एक जलपक्षी है, जिसे इसकी विशिष्ट चोंच के कारण आसानी से पहचाना जा सकता है।
विशेषज्ञों के अनुसार, किसी क्षेत्र में पक्षियों की प्रजातियों और उनकी संख्या का नियमित रिकॉर्ड तैयार करना वहां की जैव विविधता को समझने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
पक्षी पर्यावरण संतुलन में निभाते हैं अहम भूमिका
विनीत कुमार ने पक्षियों की पारिस्थितिकी, उनके व्यवहार और पर्यावरण संतुलन में उनकी भूमिका के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि पक्षी प्राकृतिक रूप से कीटों को नियंत्रित करने में मदद करते हैं।
साथ ही उनकी मौजूदगी और संख्या में होने वाले बदलाव से किसी क्षेत्र के पारिस्थितिकी तंत्र की स्थिति का भी पता चलता है।
नागरिक विज्ञान से जुटाया जाएगा महत्वपूर्ण डाटा
चिड़ियाघर प्रशासन के अनुसार, इस तरह की पहल के माध्यम से नागरिकों को जैव विविधता के दस्तावेजीकरण से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।
इससे न केवल लोगों में वन्यजीवों और पर्यावरण के प्रति जागरूकता बढ़ती है, बल्कि नागरिक विज्ञान (सिटिजन साइंस) के तहत आम लोगों की भागीदारी से पक्षियों की प्रजातियों से जुड़ा महत्वपूर्ण डाटा भी जुटाया जा सकता है।
यह भी पढ़ें- दिल्ली-NCR को जहरीली हवा से थोड़ी राहत, AQI सुधरने पर हटा GRAP-3; लेकिन GRAP-2 और 1 अभी भी लागू