ग्वालियर से देहरादून आया सफेद बाघ तेजस, कल से चिड़ियाघर में करें दीदार
देहरादून चिड़ियाघर में ग्वालियर से आया सफेद बाघ 'तेजस' अब दर्शकों के लिए उपलब्ध है। यह वन्यजीव आदान-प्रदान कार्यक्रम के तहत आया है और उत्तराखंड में पर्यटन को बढ़ावा देगा।

दून चिड़ियाघर। फाइल फोटो

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, देहरादून। दून चिड़ियाघर आने वाले वन्यजीव प्रेमियों के लिए गुरुवार से नया आकर्षण जुड़ने जा रहा है। चिड़ियाघर में लाया गया सफेद बाघ 'तेजस' अब आमजन के अवलोकन के लिए उपलब्ध होगा।
वन मंत्री इसके विशेष बाड़े का उद्घाटन करेंगे। करीब ढाई वर्ष का तेजस अपनी नीली आंखों और सफेद शरीर पर काली धारियों के कारण खास पहचान रखता है।
28 सितंबर को देहरादून लाया गया था ग्वालियर
तेजस को मध्य प्रदेश के ग्वालियर स्थित गांधी जूलाजिकल पार्क से 28 सितंबर को देहरादून लाया गया था। उत्तराखंड वन विभाग के प्रयासों के बाद केंद्रीय चिड़ियाघर प्राधिकरण (सीजेडए) ने वन्यजीव आदान-प्रदान कार्यक्रम के तहत इसे लाने की अनुमति दी थी।
इसके बदले देहरादून चिड़ियाघर के करीब पांच वर्षीय रायल बंगाल टाइगर भोला को ग्वालियर भेजा गया। तेजस ने ग्वालियर से देहरादून तक करीब 556 किलोमीटर का सफर विशेष रेस्क्यू वाहन से तय किया। उसके साथ पशु चिकित्सकों और वन विभाग के अधिकारियों समेत 13 सदस्यीय टीम मौजूद रही।
यात्रा में लगभग 12 से 14 घंटे लगे। देहरादून पहुंचने के बाद तेजस को क्वारंटाइन में रखा गया। इस दौरान उसके स्वास्थ्य, खानपान और नए वातावरण में व्यवहार की निगरानी की गई। अब औपचारिक उद्घाटन के बाद पर्यटक इसका दीदार कर सकेंगे।
उत्तराखंड में सफेद बाघ की मौजूदगी पहली बार किसी चिड़ियाघर में पर्यटकों के लिए नया आकर्षण बनेगी। इससे देहरादून चिड़ियाघर में वन्यजीव पर्यटन को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
यह भी पढ़ें- उत्तराखंड में आतंक मचाने वाला काला हिमालयन भालू देहरादून चिड़ियाघर में, सेब और अमरूद का ले रहा स्वाद