गोरखपुर में अखिलेश यादव का 20 किमी लंबा रोड शो, पूर्वांचल में सपा का शक्ति प्रदर्शन
अखिलेश यादव 18 नवंबर को गोरखपुर में 20 किमी का रोड शो करेंगे, जिसमें पूर्वी यूपी से कार्यकर्ता जुटेंगे।

सपा प्रमुख अखिलेश यादव की फाइल फोटो। जागरण आर्काइव
जागरण संवाददाता, गोरखपुर। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव इस बार गोरखपुर केवल एक कार्यक्रम में शामिल होने नहीं आ रहे, बल्कि सियासी ताकत का बड़ा संदेश देने की तैयारी में हैं। चौरी चौरा के देवकही में 18 नवंबर को होने वाले उनके कार्यक्रम का स्वरूप बदल दिया गया है। अब इसमें करीब 20 किलोमीटर का रोड शो भी जोड़ दिया गया है।
अखिलेश यादव गोरखपुर एयरपोर्ट से पीडीए रथ पर सवार होकर कार्यक्रम स्थल तक पहुंचेंगे। पार्टी की रणनीति इस आयोजन को पूर्वांचल में शक्ति प्रदर्शन के रूप में स्थापित करने की है। इसके जरिए भाजपा के मजबूत राजनीतिक क्षेत्र में समाजवादी पार्टी अपनी मौजूदगी और जनाधार का संदेश देना चाहती है।
अखिलेश यादव 18 नवंबर को दोपहर 12 बजे गोरखपुर एयरपोर्ट पहुंचेंगे। यहां से रोड शो शुरू होगा, जो करीब दो घंटे से अधिक समय में पूरा होगा। इसके लिए पीडीए रथ मंगलवार को गोरखपुर पहुंच जाएगा। रोड शो को देखते हुए पार्टी ने कार्यकर्ताओं की जुटान का दायरा भी बढ़ा दिया है।
पहले जिले की सभी नौ विधानसभा क्षेत्रों से कार्यकर्ताओं को बुलाने की तैयारी थी, लेकिन अब पूर्वी उत्तर प्रदेश के दूसरे जिलों से भी बड़ी संख्या में सपा कार्यकर्ताओं को गोरखपुर लाने की योजना है। कार्यक्रम में एक लाख से अधिक कार्यकर्ताओं और नेताओं को जुटाने का लक्ष्य रखा गया है। सपा मुखिया एयरपोर्ट से सीधे चौरी चौरा जाएंगे। शहर में आने का उनका कार्यक्रम नहीं है।
बंधू सिंह की विरासत के सहारे चौरी चौरा में सियासी संदेश
देवकही में अखिलेश यादव महान क्रांतिकारी अमर शहीद बाबू बंधू सिंह की प्रतिमा का अनावरण करेंगे। इसके बाद भाजपा के वरिष्ठ नेता रहे स्वर्गीय विनय कुमार सिंह उर्फ बिन्नू सिंह की दसवीं पुण्यतिथि पर आयोजित श्रद्धांजलि सभा में शामिल होंगे। पार्टी इस कार्यक्रम के जरिए क्षेत्र के लोगों से जुड़ने और राजनीतिक संदेश को व्यापक बनाने की कोशिश में है।
टप्पू की सपा में एंट्री से चौरीचौरा के समीकरण पर नजर
इस आयोजन का एक अहम राजनीतिक पहलू स्वर्गीय बिन्नू सिंह के भाई अजय कुमार सिंह उर्फ टप्पू की सपा में एंट्री भी है। अखिलेश यादव उन्हें पार्टी की सदस्यता दिलाएंगे। राजनीतिक हलकों में चर्चा है कि टप्पू चौरी चौरा विधानसभा क्षेत्र से सपा के संभावित प्रत्याशी हो सकते हैं। हालांकि पार्टी की ओर से अभी उम्मीदवारी की औपचारिक घोषणा नहीं हुई है।
ऐसे में इस कार्यक्रम को आगामी विधानसभा चुनाव के लिए चौरी चौरा में सपा की जमीन तैयार करने की कवायद के रूप में भी देखा जा रहा है। आयोजन की तैयारियों की कमान अजय सिंह टप्पू संभाल रहे हैं।
सपा के कई वरिष्ठ नेता कार्यक्रम को सफल बनाने में जुटे हैं। रोड शो और बड़ी कार्यकर्ता जुटान के जरिए अखिलेश यादव का यह दौरा पूर्वांचल की सियासत में नई हलचल पैदा करने की कोशिश माना जा रहा है।
यह भी पढ़ें- गोरखपुर में कांग्रेस ने सपा से मांगी चार सीटें, बासगांव विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेसियों के हौसले बुलंद
यह भी पढ़ें- गोरखपुर रेंज में बड़ा फेरबदल: चुनाव से पहले चार जिलों के 67 पुलिस निरीक्षकों का तबादला
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।