विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

प्रदूषित हवा में सांस लेना पांच सिगरेट पीने जैसा, पीएम-2.5 के महीन कण फेफड़ों तक पहुंचकर बढ़ाते हैं खतरा

Published: Wed, 11 Nov 2026 07:15 AM (IST)

दीपावली के बाद हवा की गुणवत्ता खराब हुई है, जहां 24 घंटे सांस लेना लगभग पांच सिगरेट पीने के बराबर है।

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।

HighLights

  1. गोरखपुर की हवा में सांस लेना पांच सिगरेट पीने जैसा।

  2. पीएम-2.5 कण फेफड़ों तक पहुंचकर बढ़ाते हैं गंभीर बीमारियों का खतरा।

  3. बच्चों, बुजुर्गों और सांस के मरीजों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह।

राजीव रंजन, गोरखपुर। दीपावली पर आतिशबाजी के दौरान जलाए गए पटाखों का धुआं अब शहर की हवा में परेशानी बनकर घुला हुआ है। हालात ऐसे हैं कि गोरखपुर की प्रदूषित हवा में 24 घंटे सांस लेना लगभग पांच सिगरेट पीने के बराबर प्रदूषण के संपर्क में आने जैसा है।

बर्कले अर्थ के वैज्ञानिक आकलन के अनुसार, हवा में पीएम-2.5 की सांद्रता 22 माइक्रोग्राम प्रति घनमीटर होने पर 24 घंटे सांस लेना एक सिगरेट पीने के बराबर प्रदूषण के संपर्क में आने जैसा है।

शहर में 10 नवंबर को शहर का एक्यूआई 281 दर्ज किया गया था। यह हवा में प्रदूषक कणों की वास्तविक सांद्रता नहीं, बल्कि वायु गुणवत्ता सूचकांक है। भारतीय मानकों के अनुसार इसका अनुमानित सांद्रता स्तर करीब 109 माइक्रोग्राम प्रति घनमीटर बैठता है।

इस आधार पर 24 घंटे ऐसी हवा में सांस लेना लगभग पांच सिगरेट के धुएं के बराबर प्रदूषण के संपर्क में आने जैसा है। यह तुलना प्रदूषण के प्रभाव को समझाने का एक वैज्ञानिक अनुमान है, इसका अर्थ यह नहीं कि हवा में सचमुच सिगरेट का धुआं मौजूद है।

क्या है पीएम-2.5 और क्यों है खतरनाक?

पीएम-2.5 हवा में मौजूद ऐसे बेहद छोटे कण हैं, जिनका आकार 2.5 माइक्रोमीटर या उससे कम होता है। ये इतने बारीक होते हैं कि सांस के साथ फेफड़ों के अंदरूनी हिस्सों तक पहुंच सकते हैं। इनसे खांसी, सांस फूलने और सीने में परेशानी हो सकती है। लंबे समय तक इनके संपर्क में रहने से फेफड़ों और हृदय संबंधी बीमारियों का खतरा बढ़ सकता है।

पटाखे जलने पर निकलने वाला धुआं कई तरह के प्रदूषक कणों और गैसों का मिश्रण होता है। आतिशबाजी के दौरान ये कण तेजी से वातावरण में फैलते हैं। मौसम की स्थिति अनुकूल न होने पर ये हवा में लंबे समय तक बने रह सकते हैं। यही वजह है कि दीपावली की रात पटाखे जलने के बाद अगले दिन भी प्रदूषण का स्तर बढ़ा हुआ दर्ज किया गया।

एक्यूआई 201 से 300 के बीच होने पर हवा खराब श्रेणी में मानी जाती है। इस स्थिति में लंबे समय तक बाहर रहने से अधिकांश लोगों को सांस लेने में परेशानी हो सकती है। विशेष रूप से अस्थमा के मरीज, हृदय रोगी, बच्चे और बुजुर्ग अधिक प्रभावित हो सकते हैं।

प्रदूषण बढ़ने पर क्या करें (डाॅ. बीके सुमन के अनुसार)

  • सुबह और शाम खुले में दौड़ने व व्यायाम करने से बचें।
  • बच्चों और बुजुर्गों को अधिक समय तक बाहर न रहने दें।
  • बाहर निकलना जरूरी हो तो अच्छी गुणवत्ता वाला मास्क लगाएं।
  • सांस लेने में परेशानी होने पर चिकित्सकीय सलाह लें।
  • घर के भीतर धूल और धुएं के संपर्क को कम रखें।

पटाखों के धुएं में इस तरह के प्रदूषक तत्व निकलते हैं, जैसे सिगरेट के धुएं में होते हैं। निश्चित तौर पर दीपावली पर बड़ी मात्रा में पटाखे जलाने से वातावरण कई सिगरेट के धुएं के बराबर प्रदूषित होता है।

-प्रो. गोविंद पांडेय, पर्यावरणविद् एवं सेवानिवृत्त शिक्षक, एमएमयूटी

यह भी पढ़ें- गोरखपुर में दीपावली के बाद तीन गुना बढ़ा प्रदूषण, पीएम-2.5 के महीन कणों ने बढ़ाई चिंता

यह भी पढ़ें- वायु प्रदूषण के कारण बढ़ रहे निमोनिया के मामले, बच्चों और बुजुर्गों को खास सलाह; क्या हैं इसके लक्षण?

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।