वायु प्रदूषण के कारण बढ़ रहे निमोनिया के मामले, बच्चों और बुजुर्गों को खास सलाह; क्या हैं इसके लक्षण?
वायु प्रदूषण की वजह से निमोनिया के मामलों में बढ़ोतरी आई है। रेवाड़ी में इसकी वजह से बच्चे, युवा और बुजुर्ग सभी प्रभावित हो रहे हैं।
-1794316952753_m.webp)
प्रतीकात्मक तस्वीर, एआई जेनरेटेड
HighLights
वायु प्रदूषण रेवाड़ी में निमोनिया का मुख्य कारण बन रहा।
बच्चों, युवाओं, बुजुर्गों में बढ़ रहे निमोनिया के मरीज।
समय पर उपचार और सावधानी बरतने की विशेषज्ञ सलाह।
जागरण संवाददाता, रेवाड़ी। वायु प्रदूषण निमोनिया का प्रमुख कारक बन रहा है। नागरिक अस्पताल रेवाड़ी में विभिन्न विशेषज्ञों के पास निमोनिया संक्रमण के संभावित 15 से 20 मरीज उपचार के लिए पहुंच रहे हैं।
इनमें बच्चे ही नहीं, युवा और बुजुर्ग भी शामिल हैं। प्रदूषण से हृदय और फेफड़ों की समस्या से जूझ रहे मरीजों की दिक्कतें सर्दी में अधिक बढ़ जाती हैं।
विशेषज्ञों ने दी खास सलाह
इस मौसम में खांसी, सर्दी और बुखार के मामले बढ़ते हैं और मरीजों को सांस लेने में परेशानी हो सकती है। इसी प्रकार की स्थिति सामान्य सामुदायिक केंद्रों और निजी अस्पतालों में भी है। विशेषज्ञों ने छोटे बच्चों, बुजुर्गों और कमजोर रोग प्रतिरोधक क्षमता वाले लोगों को विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी है।
शुरुआती लक्षणों को न करें नजरअंदाज
नागरिक अस्पताल के प्रधान चिकित्सा अधिकारी एवं बाल रोग विशेषज्ञ डा. सुरेंद्र यादव का कहना है कि निमोनिया के शुरुआती लक्षणों को नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। समय पर उपचार शुरू करने से स्थिति को संभालने में मदद मिलती है।
निमोनिया फेफड़ों का संक्रमण है जो बैक्टीरिया, वायरस और कुछ मामलों में फंगस से हो सकता है। इससे शरीर को पर्याप्त आक्सीजन मिलने में परेशानी हो सकती है।
बुजुर्गों और बीमार लोगों की बढ़ सकती है मुसीबत
इस मौसम में फ्लू और सांस संबंधी अन्य वायरल संक्रमण फैलते हैं। इनमें से कुछ निमोनिया का कारण बन सकते हैं। बुजुर्गों और पहले से बीमार लोगों की संक्रमण से लड़ने की क्षमता कम हो सकती है।
सर्दी में लोग घरों और बंद कमरों में अधिक समय बिताते हैं, जिससे संक्रमण फैलने का जोखिम बढ़ता है। अस्थमा, डायबिटीज और हृदय या फेफड़ों की बीमारी से जूझ रहे लोगों को अतिरिक्त सावधानी बरतनी चाहिए।
क्या है निमोनिया के लक्षण?
निमोनिया के लक्षण हर व्यक्ति में अलग हो सकते हैं और शुरुआत में सामान्य सर्दी-जुकाम जैसे लग सकते हैं। लगातार खांसी, सूखी खांसी या गले और छाती से बलगम आना, बुखार, ठंड लगना और कंपकंपी इसके संकेत हैं। बुजुर्गों में कभी-कभी बुखार के बजाय शरीर का तापमान सामान्य से कम हो सकता है।
सांस फूलना, सामान्य गतिविधियों में सांस लेने में कठिनाई और खांसने या गहरी सांस लेने पर सीने में दर्द भी हो सकता है। मरीज को थकान, कमजोरी, सुस्ती, भूख कम लगना, उल्टी या मतली की शिकायत हो सकती है।
-1794317098400.webp)
बच्चों में दूध या खाना कम लेना भी संकेत हो सकता है। बच्चे तेजी से सांस लें, सांस लेते समय पसलियों के नीचे छाती धंसे, दूध या खाना पीने में परेशानी हो, असामान्य सुस्ती या चिड़चिड़ापन हो, अथवा बुखार-खांसी दिखे तो तुरंत चिकित्सक से परामर्श लेना चाहिए।
स्वास्थ्य विभाग 12 नवंबर से अगले साल 28 फरवरी तक निमोनिया के जोखिम को कम करने के लिए सामाजिक जागरूकता और कार्रवाई (सांस) कार्यक्रम चलाएगा। इसमें वायु प्रदूषण घटाने, खाना पकाने और कमरा गर्म रखने में बायोमास ईंधन के उपयोग के जोखिम, घर के आसपास कचरा न जलाने और घर में हवा की आवाजाही (वेंटिलेशन) के प्रति जागरूक किया जाएगा।
-डा. भंवर सिंह, उपसिविल सर्जन
यह भी पढ़ें- रेवाड़ी नगर परिषद क्लर्क हरकेश निलंबित, प्रॉपर्टी आईडी में गड़बड़ी का आरोप; एक कर्मचारी पर पहले ही गिर चुकी है गाज
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।