RSS नेता का झाड़ी में मिला शव, परिवार ने जताई हत्या की आशंका; शरीर पर कई जगहों पर दिखे चोट के निशान
गोंडा के धानेपुर में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के खंड बौद्धिक प्रमुख अविनाश कुमार मिश्र का शव उनके घर के पास झाड़ी में मिला। उनके गले पर निशान थे। परिवार ने भूमि विवाद के चलते गांव के ही कुछ लोगों पर हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस और फोरेंसिक टीम घटनास्थल पर जांच कर रही है और गांव में भारी पुलिस बल तैनात है।

संवाद सूत्र, धानेपुर (गोंडा)। ग्राम पंचायत ख्वाजाजोत के देवरहना के रहने वाले व राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ (आरएसएस) के खंड बौद्धिक प्रमुख अविनाश कुमार मिश्र का घर से करीब 20 मीटर दूर झाड़ी में शव मिला है। गर्दन पर काला निशान है।
स्वजन भूमि विवाद में गांव के ही लोगों पर हत्या किए जाने का आरोप लगा रहे हैं। पुलिस व फारेंसिक टीम साक्ष्य संकलन कर रही है। गांव में भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है।
ग्राम पंचायत ख्वाजाजोत के देवरहना के रहने वाले कमल मिश्र ने बताया कि उनके बेटे अविनाश कुमार मिश्र बुधवार की सुबह घर से बाजार जाने के लिए निकले थे। घर वापस बुलाने के लिए दोपहर में उनको फोन किया गया तो मोबाइल बंद मिला।
अनहोनी की आशंका पर खोजबीन शुरू की गई। बाजार में भी पता लगाया गया, लेकिन कुछ जानकारी नहीं मिल सकी। शाम करीब चार बजे बकरी चराने वाले कुछ लोगों ने अविनाश कुमार मिश्र का झाड़ी में शव पड़ा देखा। उन्होंने स्वजनों को सूचना दी।
पिता ने बताया कि मौके पर पहुंचे तो देखा कि बेटे का शव पड़ा है और हाथ, पैर समेत शरीर के दूसरे हिस्से पर चोट के निशान थे। मृतक पिता कमल मिश्र ने आरोप लगाया कि उनका गांव के कुछ लोगों से भूमि विवाद चल रहा है।
विपक्षियों ने ही उनके बेटे अविनाश की हत्या की है। क्षेत्राधिकारी राजेश सिंह, कोतवाल निर्भय नारायण सिंह ने जांच पड़ताल शुरू की है। साक्ष्य संकलन के लिए फारेंसिक टीम को भी बुलाया गया है।
एक वर्ष पहले हुई थी शादी
मृतक अविनाश कुमार मिश्र दो बहनों व दो भाइयों में सबसे छोटे थे। बड़े भाई अवधेश कुमार मिश्र अधिवक्ता हैं। बहनों की शादी हो चुकी है। मृतक की एक वर्ष पहले शादी हुई थी। ग्रामीणों ने बताया कि वह बचपन से आरएसएस से जुड़े थे और संघ का कार्य करते थे।
गांव पहुंच रहे आरएसएस व भाजपा पदाधिकारी
मौत की सूचना के बाद भारतीय जनता पार्टी व राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के पदाधिकारी व कार्यकर्ता गांव पहुंच रहे हैं। पुलिस व प्रशासन के अधिकारी भी गांव में लोगों से पूछताछ कर रहे हैं। आरएसएस पदाधिकारियों ने निष्पक्ष जांच की मांग की है।
ग्राम पंचायत ख्वाजाजोत के देवरहना के रहने वाले अविनाश कुमार मिश्र का घर से थोड़ी दूरी पर शव मिला है। जांच पड़ताल की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत का कारण स्पष्ट होगा।
- निर्भय नारायण सिंह, प्रभारी निरीक्षक धानेपुर
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।