टर्टल सर्वाइवल एलायंस की चारपाई से एंबुलेंस तक की यात्रा, 13 वर्ष में बचाई 45 डाल्फिन की जान
PM Modi Mann Ki Baat: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने रविवार को अपने मन की बात कार्यक्रम के 134 वें एपिसोड में डाल्फिन के सफल रेस्क्यू का जिक्र किया।

इटईमैदा के घिरवनडीह में रेस्क्यू के बाद एंबुलेंस में डाल्फिन का तापमान चेक करते टीएसए के सदस्य। सौ. भाष्कर दीक्षित
HighLights
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मन की बात में किया शानदार काम का उल्लेख
टीएसए ने मनकापुर में वर्ष 2013 में शुरू किया था डाल्फिन का रेस्क्यू
वरुण यादव, गोंडा। मनकापुर के टिकरी रेंज की सरयू नहर में वर्ष 2013 में एक डाल्फिन फंस गई थी। स्थानीय लोगों की सूचना पर वन विभाग ने टीएसए (टर्टल सर्वाइवल एलायंस) से डाल्फिन के सफल रेस्क्यू के लिए सहयोग मांगा।
टीएसए के निदेशक भाष्कर दीक्षित ने बताया कि तत्कालीन डीएफओ मनोज कुमार शुक्ल ने जब रेस्क्यू के लिए कहा तो वह सोच में पड़ गए, उस समय उनके पैर में प्लास्टर बंधा हुआ था। न तो कोई संसाधन था और न ही इससे पहले कभी टीएसए ने किसी डाल्फिन का रेस्क्यू किया था। कुछ देर सोचने के बाद उन्होंने संस्था के सदस्यों से बात की और इसके बाद घाघरा नदी के किनारे से मछुआरों को बुलाया गया और पिकअप व चारपाई की व्यवस्था की गई।
करीब पांच घंटे की कड़ी मेहनत के बाद डाल्फिन का सफल रेस्क्यू करके अयोध्या की सरयू नदी में उसे छोड़ा गया। दो-तीन वर्ष तक डाल्फिन के रेस्क्यू में चारपाई का उपयोग किया गया, इसके बाद स्ट्रेचर बनवाया गया। वह डाल्फिन के रेस्क्यू के लिए कई वर्ष से एंबुलेंस या संसाधनों की मांग कर रहे थे।
वर्ष 2025 में नमामि गंगे योजना के तहत हमारी मांग पर गौर किया गया और इसके बाद नेशनल मिशन फार क्लीन गंगा (एनएमसीजी) एंबुलेंस राजस्थान के जयपुर में बनवाई गई। 2026 में एंबुलेंस मिलने के बाद डाल्फिन का रेस्क्यू सुरक्षित व आसान हुआ है। 13 वर्ष की यात्रा चारपाई, स्ट्रेचर व एनएमसीजी एंबुलेंस तक तय की गई, इस अवधि में गोंडा समेत नौ जिलों में 45 डाल्फिन का सफल रेस्क्यू किया गया।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने रविवार को अपने मन की बात कार्यक्रम के 134 वें एपिसोड में डाल्फिन के सफल रेस्क्यू का जिक्र करते हुए जब अपने एक्स अकाउंट पर गोंडा वन प्रभाग के रेहराबाजार का वीडियो साझा किया तो पुरानी यादें ताजा हो गईं।
एंबुलेंस में क्या है खास
यह डाल्फिन एम्बुलेंस सिर्फ एक गाड़ी नहीं है। यह भारत की पहली ऐसी सुविधा है, जिसे जनवरी 2026 में लांच किया गया था और तब से आठ डाल्फिन को बचाया गया है और वापस नदी में छोड़ा गया है। इस एंबुलेंस में जरूरी बचाव और मेडिकल उपकरण लगे होते हैं, जिससे फंसी हुई या घायल डाल्फिन से जुड़ी इमरजेंसी में तुरंत मदद मिल सके। अंदर से यह एक मोबाइल आईसीयू है, जिसमें हर जरूरी टूल लगा है, जिससे किसी मुश्किल में एक भी पल बर्बाद न हो। एंबुलेंस घाघरा नदी के किनारे टीएसए के केंद्र में खड़ी रहती है। आवश्यकता पड़ने पर एंबुलेंस के साथ एक्सपर्ट व मछुआरों की टीम जाती है।
13 घंटे की कड़ी मेहनत के बाद रेस्क्यू
प्रधानमंत्री ने मन की बात कार्यक्रम में जिस डाल्फिन के रेस्क्यू की चर्चा की थी, उसे पूरा करने में 13 घंटे लगे थे। डीएफओ अनुराग प्रियदर्शी के मुताबिक दो मई को गोंडा वन प्रभाग के रेहराबाजार रेंज के तहत ग्रामसभा इटईमैदा के घिरवनडीह स्थित सरयू नहर खंड-चार में डाल्फिन देखने की सूचना मिली थी। उच्चाधिकारियों की अनुमति पर तीन मई को टीएस के निदेशक शैलेंद्र सिंह, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी बलरामपुर, उप प्रभागीय वनाधिकारी बलरामपुर के साथ डाल्फिन का रेस्क्यू किया गया। नर डाल्फिन का वजन 26.4 किलोग्राम व लंबाई लगभग 5.3 फीट थी। डाल्फिन को रेक्स्यू करने के बाद टीएसए के नेशनल मिशन फार क्लीन गंगा (एनएमसीजी) की विशेष एंबुलेंस से करीब 12 किलोमीटर दूर बलरामपुर जिले में नन्दौरी ग्राम के समीप राप्ती नदी में सुबह छह बजे सुरक्षित छोड़ दिया गया था।
क्या है टीएसए
टर्टल सर्वाइवल एलायंस (टीएसए) एक प्रमुख वैश्विक संरक्षण संगठन है, जो मीठे पानी के कछुओं और टर्टलों (कछुओं) को विलुप्त होने से बचाने के लिए समर्पित है। इसका मुख्य लक्ष्य एक ऐसा वातावरण तैयार करना है, जहां ये जीव प्राकृतिक रूप से अपने आवासों में पनप सकें। यह पर्यावरण संरक्षण के लिए डाल्फिन का रेस्क्यू भी करता है।
डाल्फिन के बारे में जानें
डाल्फिन एक अत्यधिक बुद्धिमान और सामाजिक जलीय स्तनधारी जीव (मछली नहीं) है। यह मुख्य रूप से समुद्रों में रहती है, लेकिन कुछ प्रजातियां नदियों और झीलों के मीठे पानी में भी पाई जाती हैं। डाल्फिन पानी के अंदर सांस नहीं ले सकतीं। सांस लेने के लिए उन्हें बार-बार पानी की सतह पर आना पड़ता है। ये मछलियों की तरह अंडे नहीं देतीं, बल्कि बच्चों को जन्म देती हैं और उन्हें दूध पिलाती हैं।
टीएसए के उल्लेखनीय कार्य
टीएसए ने किस वर्ष में कितनी डाल्फिन का किया रेस्क्यू
वर्ष - संख्या
2013 - एक
2015 - सात
2016 - चार
2017 - एक
2018 - एक
2019 - चार
2020 - नौ
2021 - एक
2022 - एक
2023 - दो
2024 - दो
2025 - आठ
2026 - चार
अब तक - 45
किस जिले में कितने डाल्फिन की बचाई गई जान
जनपद का नाम - संख्या
बाराबंकी - 20
लखनऊ - नौ
गोंडा - दो
अमेठी - तीन
बहराइच - चार
श्रावस्ती - दो
जौनपुर - एक
लखीमपुर खीरी - दो
रायबरेली - दो।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।