Gonda News : फर्जी कागज तैयार कर चीनी मिल को बेचा गन्ना, तत्कालीन तौल लिपिक समेत 15 पर केस दर्ज
गोंडा में बजाज चीनी मिल को फर्जी दस्तावेजों के सहारे 26502 क्विंटल गन्ना बेचने का मामला सामने आया है। पुलिस ने तत्कालीन तौल लिपिक समेत 15 आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। आरोप है कि वर्ष 2012-13 में सकलराज सिंह नामक तौल लिपिक ने अन्य लोगों के साथ मिलकर फर्जी अभिलेख तैयार किए।
जागरण संवाददाता, गोंडा। बजाज चीनी मिल को फर्जी अभिलेखों के सहारे 26 हजार 502 क्विंटल गन्ना बेचने का मामला सामने आया है। पुलिस ने तत्कालीन तौल लिपिक समेत 15 आरोपितों के विरुद्ध मुकदमा किया है।
बजाज हिंदुस्तान शुगर लिमिटेड कुंदरखी के प्रबंधक सुरक्षा कमलेश मणि तिवारी ने दी गई तहरीर में कहा कि वर्ष 2012-13 पेराई सत्र में बजाज हिन्दुस्तान शुगर लिमिटेड इकाई कुंदरुखी में तरबगंज के इस्माइलपुर निवासी सकलराज सिंह तौल लिपिक के पद पर कार्यरत थे, जिन्हें चीनी मिल ने कार्य मुक्त कर दिया गया था। उन्होंने अपने ग्राम के अपने सगे भाई पट्टीदार, सह खातेदारों व कुछ ग्रामवासी कृषकों को अपने साथ मिलाकर जालसाजी किए।
तैयार किए फर्जी दस्तावेज
फर्जी रूप से कलावती, माधुरी सिंह, रामखेलावन, सकलराज सिंह, संजय कुमार, संतोष कुमार, सरला सिंह, सरोज सिंह, त्रिलोकी सिंह, उमेश प्रताप सिंह, दिनेश प्रताप सिंह, राम सिंह, आनंद प्रताप, छोटे लाल और दिनेश कुमार सिंह के नाम से गन्ना आपूर्ति के अभिलेख तैयार किया।
26 हजार 502 क्विंटल गन्ने की आपूर्ति चीनी मिल को सहकारी गन्ना समिति लि. नवाबगंज के माध्यम से आपूर्ति होना, समिति के अभिलेखों व चीनी मिल के अभिलेखों में होना दिखाया गया है। गन्ना मूल्य के भुगतान की बार-बार मांग सकलराज सिंह कर रहे हैं।
तत्काल किया जाए भुगतान
शासन और प्रशासन के माध्यम से चीनी मिल पर दबाव दिया जा रहा है कि गन्ने मूल्य का भुगतान संबंधित कृषकों को तत्काल किया जाए। चीनी मिल ने वर्ष 2012-13 की पूर्ववर्ती तीन वर्ष के व पश्चातवर्ती तीन वर्ष के उपरोक्त किसानों के गन्ना आपूर्ति विवरण की जांच की जिसमें गन्ने की कोई आपूर्ति चीनी मिल को नहीं की गयी थी।
जांच में किसानों के पास आपूर्ति किए गए गन्ने के अनुसार भूमि की उपलब्धता होनी नहीं पाई गई है। कुछ व्यक्ति भूमि हीन की श्रेणी में हैं। प्रभारी निरीक्षक अरविंद यादव ने बताया कि आरोपितों के विरुद्ध मुकदमा किया गया है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।