Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    भाजपा जिलाध्यक्ष अमर किशोर कश्यप पार्टी से निष्कासित, वायरल हुआ था महिला संग आपत्तिजनक वीडियो

    Updated: Wed, 11 Jun 2025 12:36 PM (IST)

    गोंडा भाजपा कार्यालय में आपत्तिजनक वीडियो प्रसारित होने के मामले में जिलाध्यक्ष अमर किशोर कश्यप को पार्टी से निष्कासित कर दिया गया है। प्रदेश मुख्यालय के प्रभारी गोविंद नारायण शुक्ल ने जिलाध्यक्ष का जवाब असंतोषजनक बताते हुए इसे घोर अनुशासनहीनता माना है। दैनिक जागरण ने इस मामले का खुलासा किया था। महिला ने अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था।

    Hero Image
    भाजपा नेता अमर किशोर कश्यप । जागरण फाइल फोटो

    जासं, गोंडा । आखिरकार भाजपा ने कार्यालय में महिला के साथ आपत्तिजनक वीडियो प्रसारित होने के मामले में जिलाध्यक्ष अमर किशोर कश्यप को निष्कासित कर दिया है। प्रदेश मुख्यालय के प्रभारी व महामंत्री गोविंद नारायण शुक्ल ने कहा कि जिलाध्यक्ष का जवाब संतोषजनक नहीं है।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    उनका यह कृत्य घोर अनुशासनहीनता की परिधि में आता है। दैनिक जागरण ने उक्त प्रकरण का राजफाश 25 मई के अंक में किया था, इसके बाद लगातार प्रकरण से जुड़ी खबरें प्रमुखता से प्रकाशित की गईं।

    इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित वीडियो 12 अप्रैल 2025 में रात करीब साढ़े नौ बजे का बताया जा रहा है। वीडियो में जिलाध्यक्ष कार्यालय से बाहर जाते हैं और कुछ लोगों से बात करते हैं, इसके बाद वह अंदर आते हैं।

    दोबारा फिर बाहर जाते हैं और एक सफेद रंग की कार अंदर आती है, जिसमें से उतरकर वह फिर गेट पर खड़े लोगों से बात करने के लिए चले जाते हैं। थोड़ी देर बाद वह वापस आते हैं, इसके बाद कार से महिला नीचे उतरती है और कार्यालय में चली जाती है। महिला के पीछे-पीछे वह भी अंदर जाते हैं।

    सीढ़ियों के पास आपत्तिजनक स्थिति दिखाई देती है, इसके बाद दोनों ऊपर कमरे की तरफ चले जाते हैं। 24 मई को प्रसारित हुए वीडियो को लेकर दैनिक जागरण ने प्रमुखता से खबर प्रकाशित की थी। भाजपा मुख्यालय प्रभारी व प्रदेश महामंत्री गोविंद नारायण शुक्ल ने 25 मई को जिलाध्यक्ष को नोटिस जारी करके स्पष्टीकरण मांगा था।

    जिलाध्यक्ष ने 28 मई को स्पष्टीकरण दिया था। बुधवार को प्रदेश महामंत्री ने जिलाध्यक्ष अमर किशोर कश्यप को पार्टी से तत्काल प्रभाव से निष्कासित कर दिया है। उन्होंने कहा कि जिलाध्यक्ष का जवाब संतोषजनक नहीं है। उनका यह कृत्य घोर अनुशासनहीनता की परिधि में आता है।

    छपिया थाने में महिला ने कराया था मुकदमा

    इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित वीडियो में भाजपा जिलाध्यक्ष अमर किशोर कश्यप के साथ दिखने वाली महिला ने छपिया थाने में अज्ञात के खिलाफ मुकदमा कराया था। रिपोर्ट के मुताबिक महिला ने कहा 25 मई को इंटरनेट मीडिया पर मेरा वीडियो प्रसारित हो रहा है, जिसमें मैं जिलाध्यक्ष के साथ मौजूद हूं। उक्त वीडियो को कुछ अज्ञात व्यक्तियों द्वारा प्रसारित किया जा रहा है।

    वीडियो को गलत तरीके से प्रसारित करके भाजपा जिलाध्यक्ष, जो मेरे बड़े भाई समान हैं, उनको बदनाम किया जा रहा है। जो गलत है। वीडियो प्रसारित होने से मेरे सम्मान पर ठेस पहुंची है। प्रकरण की विवेचना मनकापुर कोतवाली में स्थानांतरित कर दी गई थी। पुलिस प्रकरण की विवेचना कर रही है।