Gonda News: खान अधिकारी के कार्यालय में ताला बंद, अनुपस्थित मिले 59 अधिकारी-कर्मचारी, स्पष्टीकरण तलब
गोंडा में देवीपाटन मंडल के आयुक्त के छापे में 59 अधिकारी और कर्मचारी अनुपस्थित पाए गए। जिला पंचायत राज अधिकारी भूमि संरक्षण अधिकारी जिला युवा कल्याण अधिकारी और अधिशासी अभियंता आरईएस जैसे अधिकारी अनुपस्थित थे। राज्य कर विभाग और जिला आबकारी अधिकारी के कार्यालयों में भी कई कर्मचारी नदारद थे। सभी अनुपस्थित अधिकारियों और कर्मचारियों को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है।

जागरण संवाददाता, गोंडा। आयुक्त देवीपाटन मंडल की छापेमारी में 59 अधिकारी/कर्मचारी अनुपस्थित पाए गए हैं। संबंधित को कारण बताओ नोटिस जारी करके स्पष्टीकरण तलब किया गया है। आयुक्त देवीपाटन मंडल शशिभूषण लाल सुशील ने सुबह दस बजे विकास भवन का औचक निरीक्षण किया।
जिला पंचायत राज अधिकारी, भूमि संरक्षण अधिकारी, जिला युवा कल्याण अधिकारी, अधिशासी अभियंता आरइएस अनुपस्थित मिले। राज्य कर विभाग में नौ अधिकारी अनुपस्थित मिले, इनमें राज्य कर अधिकारी सचल दल, सहायक आयुक्त प्रभारी सचल दल, उपायुक्त राज्य कर खंड एक, सहायक आयुक्त राज्य कर, उपायुक्त राज्य कर, राज्य कर अधिकारी, सहायक आयुक्त कार्यपालक राज्य कर विभाग शामिल हैं।
जिला आबकारी अधिकारी भी अनुपस्थित मिले। कलेक्ट्रेट परिसर स्थित खान अधिकारी के कार्यालय में ताला बंद मिला। आयुक्त ने अपने कार्यालय के अधिकारियों व कर्मचारियाें की भी उपस्थिति जांची।
छापेमारी में 17 अधिकारी व 42 कर्मचारी अनुपस्थित पाए गए। अधिकारियों व कर्मचारियों को कारण बताओ नोटिस जारी करके तीन दिवस में स्पष्टीकरण मांगा गया है।
निर्धारित अवधि में संतोषजनक जवाब न मिलने पर अनुशासनात्मक कार्रवाई की चेतावनी दी गई है। अपर आयुक्त देवीपाटन मंडल कमलेश चंद्र वाजपेयी उपस्थित रहे।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।