Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    पूर्व सांसद सत्यदेव सिंह का निधन, शोक की लहर

    By JagranEdited By:
    Updated: Thu, 17 Dec 2020 10:10 PM (IST)

    मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समेत भाजपा नेताओं ने जताया शोक कुछ दिन पूर्व उनकी पत्नी की हुई थी मौत

    Hero Image
    पूर्व सांसद सत्यदेव सिंह का निधन, शोक की लहर

    गोंडा : भारतीय जनता पार्टी के गोंडा व बलरामपुर के पूर्व सांसद सत्यदेव सिंह का हृदयगति रुकने से मेदांता हास्पिटल गुड़गांव में निधन हो गया। उनके निधन से शोक की लहर दौड़ गई। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ट्वीट करके सत्यदेव सिंह को श्रद्धांजलि दी। कहा कि पार्टी ने विचारधारा के एक समर्पित नेता को खोया है। प्रभु श्रीराम से दिवंगत आत्मा की शांति की कामना करता हूं।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    शहर के सरकुलर रोड निवासी पूर्व सांसद बीते दिनों कोरोना संक्रमण की चपेट में आ गए थे। इस पर उन्हें एसजीपीजीआई लखनऊ में भर्ती कराया गया था। हालत में सुधार न होने पर उन्हें एयर एंबुलेंस से मेदांता हास्पिटल गुड़गांव में शिफ्ट किया गया था। वहां पर वह कोरोना निगेटिव हो गए थे। वह मेदांता में प्राइवेट वार्ड में भर्ती थे। बुधवार की रात हार्टअटैक से उनकी मौत हो गई। कुछ दिन पहले ही उनकी पत्नी प‌रू्व जिला पंचायत अध्यक्ष सरोजरानी सिंह की मौत हो चुकी है।

    पूर्व सांसद सत्यदेव भाजपा युवा मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष के साथ-साथ प्रदेश उपाध्यक्ष समेत कई महत्वपूर्ण पदों पर रह चुके थे। वह पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की कोर कमेटी तक में शामिल रहे थे। राम मंदिर आन्दोलन में भी देवीपाटन मंडल से उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही। भाजपा के जिला मंत्री प्रदीप मिश्र ने बताया कि सत्यदेव सिंह 1977 में पहली बार गोंडा लोकसभा क्षेत्र से जनता पार्टी के टिकट पर सांसद चुने गए। इसके बाद 1991 और 1996 में भारतीय जनता पार्टी के सदस्य के रूप में बलरामपुर संसदीय सीट से लोकसभा के लिए चुने गए थे। वह 1980 से 1985 तक भारतीय जनता युवा मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष भी रहे। वर्तमान में लाल बहादुर शास्त्री कॉलेज में प्रबंध समिति के उपाध्यक्ष भी थे। भाजपा केंद्रीय अनुशासन समिति के सदस्य भी थे। वह लालकृष्ण आडवाणी, मुरली मनोहर जोशी, मनोज सिन्हा व आरएसएस के साथ ही भाजपा के शीर्ष नेताओं के करीबी थे। उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह, प्रदेश महामंत्री संगठन सुनील बंसल, क्षेत्रीय अध्यक्ष शेष नारायण मिश्र, सांसद बृजभूषण शरण सिंह, सांसद कीर्तिवर्धन सिंह, कैबिनेट मंत्री रमापति शास्त्री, विधायक बावन सिंह, कुंवर अजय प्रताप सिंह, प्रेम नारायण पांडेय, प्रतीक भूषण सिंह, विनय कुमार द्विवेदी, प्रभात वर्मा, तुलसीदास रायचंदानी, पीयूष मिश्रा ने भी शोक व्यक्त किया है। भाजपा के मीडिया प्रभारी विष्णु प्रताप शुक्ला ने बताया कि पूर्व सांसद का अंतिम संस्कार लखनऊ स्थित भैसा कुंड बैकुंठ धाम में किया गया। उधर सोशल मीडिया पर शोक संवेदना देने वालों का तांता रहा।