राष्ट्रीय मंच तक पहुंची सदियों पुरानी धोबिया नृत्य की धमक, जापानी धुन पर गूंजा गाजीपुर का 'चंपवा की कलियां निराली'
गाजीपुर का सदियों पुराना धोबिया लोकनृत्य, जीवनलाल के प्रयासों से राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंचों पर अपनी पहचान बना रहा है।

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल गूगल जेमिनी की मदद से बनाया गया है।
HighLights
जीवनलाल ने धोबिया नृत्य को राष्ट्रीय मंचों तक पहुंचाया।
'एक जिला-एक कला' योजना में शामिल होने की उम्मीद।
जापानी संगीतकार संग प्रस्तुति ने बटोरी अंतरराष्ट्रीय सुर्खियां।
जागरण संवाददाता, गाजीपुर। पतार गांव की पहचान रही धोबिया नृत्य कला अब देश के सांस्कृतिक मंचों पर अपनी छाप छोड़ रही है। वर्ष 1950 से पहले से चली आ रही इस लोकनृत्य परंपरा को आधुनिक मनोरंजन के दौर में भी जीवनलाल ने सहेज रखा है।
सात वर्ष की उम्र से इस कला की बारीकियां सीखने वाले जीवनलाल आज 15 सदस्यीय टीम के साथ इसकी विरासत को आगे बढ़ा रहे हैं। पखावज, झांझ, कसावज, दंडताल और रणशिंगा जैसे पारंपरिक वाद्य यंत्रों की थाप पर होने वाली प्रस्तुतियां कभी गांवों की शादियों और उत्सवों की जान हुआ करती थीं।
अब संस्कृति विभाग के माध्यम से अयोध्या, काशी सहित प्रदेश और राष्ट्रीय स्तर के लोक सांस्कृतिक आयोजनों में टीम को प्रस्तुति का अवसर मिल रहा है। इस प्राचीन लोककला को सरकार की एक जिला-एक कला योजना के तहत बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। इससे कलाकारों को मंच मिलने के साथ ही नई पीढ़ी को भी इस विरासत से जोड़ने का रास्ता खुल सकता है।
जीवनलाल बताते हैं कि उनके दादा स्व. रामजन्म वर्ष 1956 से पहले से धोबिया लोकनृत्य की परंपरा निभा रहे थे। वह मारिशस, जापान और अमेरिका सहित कई देशों में अपनी प्रस्तुति दे चुके थे। उस दौर में गांवों में शादी-विवाह और उत्सवों के दौरान इस नृत्य की विशेष मांग रहती थी।
पारंपरिक वाद्य यंत्रों की संगत और कलाकारों की सामूहिक प्रस्तुति लोगों को आकर्षित करती थी। जीवनलाल ने सात वर्ष की उम्र से दादा के साथ रहकर नृत्य की बारीकियां सीखीं और धीरे-धीरे इस विरासत को आगे बढ़ाने की जिम्मेदारी संभाल ली। अब तक एक सौ से अधिक विभिन्न पुरस्कार मिल चुके हैं।
गांवों से निकलकर राष्ट्रीय मंचों तक पहुंची कला
वर्ष 2005 में युवा कल्याण विभाग के माध्यम से आंध्र प्रदेश में आयोजित युवा महोत्सव के लिए उनका चयन हुआ। वर्ष 2007 में पुणे के शिवाजी स्टेडियम में प्रस्तुति देने का अवसर मिला। उत्तर मध्य क्षेत्र सांस्कृतिक केंद्र (एनसीजेडसीसी), प्रयागराज से जुड़े कार्यक्रमों में भी उन्होंने भागीदारी की।
लखनऊ के जवाहर भवन स्थित सांस्कृतिक विभाग में धोबिया नृत्य का पंजीकरण कराने के बाद उन्हें दूसरे प्रदेशों में भी प्रस्तुतियों के आमंत्रण मिलने लगे। जीवनलाल के पास इन उपलब्धियों से संबंधित प्रमाण पत्र भी हैं।
वर्ष 2008 में असम के गुवाहाटी और 2010 में टीकमगढ़ में आयोजित कार्यक्रमों में उन्होंने अपनी टीम के साथ प्रस्तुति दी। संगीत नाटक अकादमी के कार्यक्रम में मालिनी अवस्थी के साथ मंच साझा करने का अवसर मिला।
दिल्ली के प्रगति मैदान में अंतरराष्ट्रीय विश्व पुस्तक मेले और हरियाणा के सूरजकुंड अंतरराष्ट्रीय शिल्प मेले में भी गाजीपुर के इस लोकनृत्य का प्रदर्शन किया। अयोध्या के दीपोत्सव में प्रत्येक वर्ष उनकी टीम को प्रस्तुति के लिए आमंत्रित किया जाता है।
इन आयोजनों में संबंधित विभाग की ओर से कलाकारों के रहने और यात्रा की व्यवस्था के साथ पारिश्रमिक भी दिया जाता है। एक कार्यक्रम के लिए सरकार की बजट के अनुसार टीम को करीब 70 से 80 हजार रुपये तक मिलते हैं।
लोकगीतों में भी दिखा रहे भारतीय संस्कृति की झलक
अयोध्या में जापानी संगीतकार श्याओ कोमादा के साथ जापानी वाद्य यंत्र की धुन पर गाया उनका गीत ''चंपवा की कलियां निराली'' काफी चर्चित हुआ। इसमें भारतीय लोकधुन और जापानी संगीत का संगम देखने को मिला। 15 अगस्त को गाजीपुर में आयोजित कार्यक्रम में भी उन्होंने ''मोरा छतवा में बसेला प्राण हो'' सहित पारंपरिक लोकगीतों की प्रस्तुति दी।
उनकी टीम में गाजीपुर के कबूतरी, मरदह, रानीपुर, पलिया, मनिहारी और टाड़ी क्षेत्र के करीब 15 कलाकार शामिल हैं। जीवनलाल का कहना है कि पहले धोबिया नृत्य गांवों की शादियों और उत्सवों तक सीमित था, लेकिन सांस्कृतिक विभाग में पंजीकरण और विभिन्न राज्यों में प्रस्तुतियों से इसे व्यापक पहचान मिली है। अब उनकी चिंता इस विरासत को नई पीढ़ी तक पहुंचाने की है।
वह चाहते हैं कि गाजीपुर के धोबिया लोकनृत्य को एक जनपद-एक कला योजना में शामिल कर कलाकारों को संरक्षण, प्रशिक्षण और नियमित मंच उपलब्ध कराया जाए, जिससे दादा से मिली यह सांस्कृतिक धरोहर आने वाली पीढ़ियों तक सुरक्षित रह सके।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।