गाजीपुर में 308 पहियों वाले ट्रक की धीमी पड़ी रफ्तार, बिरनो टोल से पहले ही रुका, लेन पार करना चुनौती
गाजीपुर में 200 टन से अधिक वजनी बॉयलर ले जा रहा 308 पहियों वाला मल्टी-एक्सल ट्रक बिरनो टोल प्लाजा पर ...और पढ़ें

HighLights
308 पहियों वाला ट्रक गाजीपुर में धीमा पड़ा।
पूरे दिन में केवल 10 किमी की दूरी तय की।
बिरनो टोल प्लाजा पर रास्ता समतल किया जा रहा है।
जागरण संवाददाता, गाजीपुर। 200 टन से अधिक वजन और करीब 100 फीट लंबा विशाल औद्योगिक बॉयलर लदा 308 पहियों वाले विशेष मल्टी-एक्सल हाइड्रोलिक ट्रक रविवार को बिरनो पहुंचा। वाराणसी-गोरखपुर मार्ग पर बना ग्रीनफील्ड के फ्लाईओवर के नीचे से न निकल पाने के कारण ऊपर से पार कराया गया।
बिरनो के मिर्जापुर टोल प्लाजा पर दोपहिया वाहनों के लिए बने किनारे के लेन को तोड़कर मिट्टी डालकर समतल रास्ता बनाया गया है। सोमवार की सुबह टोल को पार कराया जाएगा।
रविवार को देवकठिया से मात्र दस किमी दूर चला ट्रक बिरनो टोल से पहले ही रुक गया। टोल प्लाजा पर सुबह से ही दो बैकहो लोडर मशीनें लगाकर रास्ता समतल करने का कार्य जारी रहा।
शनिवार को जनपद में सबसे अधिक करीब 50 किमी तक चला था, लेकिन दूसरे दिन मात्र दस किमी। इसके पीछे की वजह यह थी कि ट्रक को वाराणसी-गोरखपुर फोरलेन के ऊपर से गुजरने वाले ग्रीनफील्ड हाईवे के फ्लाईओवर से उतारा गया। इस कारण काफी समय लग गया।
बेल्जियम से समुद्र के रास्ते भारत आया वेसल या बॉयलर मशीन को बलरामपुर चीनी मिल और एथेनॉल प्लांट में ले जाने में अभी एक महीने का समय और लगेगा।
अत्यधिक भारी होने के कारण यह ट्रक रोजाना केवल बीस से तीस किलोमीटर ही चल पा रहा है। रास्ते में बड़े वाहनों और पुलों की वजह से कई स्थानों पर बिजली के तार और फुट ओवरब्रिज को अस्थायी रूप से हटाना या बदलना पड़ रहा है।
