मंजिल अभी करीब 300 KM दूर... बलरामपुर चीनी मिल पहुंचने में 308 पहियों वाले 'महाट्रक' को लगेगा पूरा एक महीना
गाजीपुर में 308 पहियों वाला विशेष हाइड्रोलिक ट्रक 200 टन वजनी औद्योगिक बॉयलर लेकर पहुंचा, जिसने शनिवार को 50 किलोमीटर की दूरी तय की।

308 पहियों वाला ट्रक
HighLights
308 पहियों वाला ट्रक 200 टन वजनी बॉयलर लेकर गाजीपुर पहुंचा।
गाजीपुर में ट्रक ने शनिवार को एक दिन में 50 किमी चला।
बलरामपुर पहुंचने में एक महीना और 300 किमी का सफर शेष।
जागरण संवाददाता, गाजीपुर। 200 टन वजनी औद्योगिक बॉयलर लेकर चल रहा 308 पहियों वाला विशेष मल्टी-एक्सल हाइड्रोलिक ट्रक गाजीपुर पहुंच गया है। यहां आकर इस भीमकाय ट्रक ने थोड़ी रफ्तार पकड़ी है। शनिवार को सबसे अधिक गाजीपुर में ये ट्रक एक दिन में 50 किलोमीटर तक चला। यह अब कैथी से चलकर देवकठियां के समीप रुका है।
रविवार को देवकठियां के समीप का फुट ओवर ब्रिज, ग्रीन फील्ड एक्सप्रेसवे के नीचे की सड़क व बिरनो के मिर्जापुर टोल को पार कराने के लिए अवरोध हटाए जाएंगे।
भीमकाय ट्रक को देख लोगों की थम गईं नजरें
गाजीपुर में जब यह विशालकाय ट्रक सड़क से गुजरा तो लोग इसे देखे बिना रह न सके। सड़क पर लोगों की भीड़ जमा हो गई और हर कोई इसकी तस्वीर लेने और वीडियो बनाने में लग गया।
बता दें कि, बेल्जियम से समुद्र के रास्ते भारत आया वेसल या बॉयलर मशीन को ले जाने के लिए 308 पहियों वाले विशाल ट्रक का इस्तेमाल किया जा रहा है। यह करीब दो सौ टन वजनी एक औद्योगिक बॉयलर है। इसे बलरामपुर चीनी मिल और एथेनॉल प्लांट ले जाया जा रहा है।
यह करीब 100 फीट फीट लंबा वाहन है। 15 मई को यह ओडिशा से चला है। अत्यधिक भारी होने के कारण यह ट्रक रोजाना केवल बीस से तीस किलोमीटर की गति से चल रहा है। रास्ते में बड़े वाहनों और पुलों की वजह से कई स्थानों पर बिजली के तार और फुट ओवरब्रिज को अस्थायी रूप से हटाना या बदलना पड़ रहा है। जनपद से करीब तीन सौ किमी दूर बलरामपुर पहुंचने में करीब एक महीना और लगने का अनुमान है।
