विंध्य एक्सप्रेसवे के लिए गाजीपुर में 55 किसानों की 5.32 हेक्टेयर भूमि का बैनामा, 23 गांवों में होना है अधिग्रहण
गाजीपुर में विंध्य-पूर्वांचल स्पर एक्सप्रेसवे परियोजना के लिए भूमि अधिग्रहण में तेजी आई है। अब तक 55 किसानों की 5.32 हेक्टेयर भूमि का बैनामा कराया जा चुका है।

उप निबंधन कार्यालय सेवराई में किसान को बैनामा की कॉपी देते एसडीएम सेवराई व तहसीलदार। फोटो जागरण
HighLights
विंध्य-पूर्वांचल स्पर एक्सप्रेसवे परियोजना के लिए भूमि अधिग्रहण तेज।
गाजीपुर में 55 किसानों की 5.32 हेक्टेयर भूमि का बैनामा।
सेवराई तहसील के 23 गांवों में कुल 252 हेक्टेयर भूमि अधिग्रहण।
जागरण संवाददाता, दिलदारनगर (गाजीपुर)। जनपद के हैदरिया में पूर्वांचल एक्सप्रेसवे से निकलने वाला विंध्य-पूर्वांचल स्पर एक्सप्रेसवे परियोजना के निर्माण को गति देने के लिए सेवराई तहसील क्षेत्र में भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया तेज हो गई है।
रविवार से शुरू हुए बैनामे के तहत गुरुवार तक 55 किसानों की कुल 5.3209 हेक्टेयर यानी करीब 21 बीघा भूमि का बैनामा कराया जा चुका है। इससे परियोजना के निर्माण की दिशा में जमीन उपलब्ध कराने की प्रक्रिया आगे बढ़ी है।
तहसीलदार सुशील कुमार सिंह ने बताया कि रविवार को उसिया मौजा के दो किसानों सलमा खातून पत्नी तसव्वर खान और फैल खान पुत्र हमीद खान की भूमि का बैनामा कराया गया था।
सेवराई तहसील के अंतर्गत कुल 23 गांवों को परियोजना के लिए चिह्नित किया गया है। इन गांवों के करीब नौ हजार किसानों की कुल 252.5724 हेक्टेयर भूमि का बैनामा कराया जाना है।
उन्होंने बताया कि शेष किसानों की सहमति से पारदर्शी तरीके से निर्धारित समय सीमा के भीतर बैनामे की प्रक्रिया पूरी कराने का प्रयास किया जा रहा है, ताकि एक्सप्रेसवे निर्माण में भूमि की उपलब्धता के कारण कोई बाधा न आए। बैनामा शुरू होने से क्षेत्र के किसानों और स्थानीय लोगों में परियोजना को लेकर उत्सुकता है।