इंडोनेशिया से पदक जीतकर लौटे हाकी खिलाड़ियों पर हुई पुष्प वर्षा
इंडोनेशिया के जकार्ता में हुई पुरुष एशिया कप हाकी में कांस्य पदक विजेता भारतीय टीम के तीन खिलाड़ियों का पुष्प वर्षा कर स्वागत किया गया।
जागरण संवाददाता, सैदपुर (गाजीपुर) : इंडोनेशिया के जकार्ता में हुई पुरुष एशिया कप हाकी में कांस्य पदक विजेता भारतीय टीम के तीन खिलाड़ियों का पुष्प वर्षा कर स्वागत किया गया। शुक्रवार को लौटे करमपुर स्टेडियम के तीन खिलाड़ियों व वर्ल्ड कुश्ती चैंपियनशिप स्पेन के लिए चयनित भीम यादव ने सफलता का श्रेय स्व. तेजबहादुर सिंह उर्फ तेजू भइया को दिया। सभी खिलाड़ियों ने कहा कि उनकी कमी तो हम पूरा नहीं कर सकते हैं लेकिन उनके सपनों को जरूर पूरा करेंगे।
बता दें कि एशिया कप में भारतीय टीम ने तृतीय स्थान हासिल कर कांस्य पदक जीता। टीम में करमपुर स्टेडियम के तीन खिलाड़ी उत्तम सिंह, राजकुमार पाल व पवन राजभर शामिल थे। उनके स्वागत की भव्य तैयारी की गई थी। उनके साथ वर्ल्ड कुश्ती चैंपियनशिप के लिए चयनित होने वाले पहलवान भीम यादव भी थे। सिधौना बाजार में स्टेडियम के संचालक अनिकेत सिंह व कोच इंद्रदेव राजभर के नेतृत्व में फूल-मालाओं से स्वागत किया गया।
सभी खिलाड़ी व पहलवान रथ पर सवार हुए और उनके पीछे स्टेडियम के सैकड़ों खिलाड़ी व ग्रामीण बाइक से चल रहे थे। तेजू भइया अमर रहे के नारे से पूरा क्षेत्र गूंज रहा था। रोड-शो सिधौना, रामपुर, गोपालपुर, शादीभादी, औड़िहार, सैदपुर, हसनपुर, जोगीवर बाबा स्थल, अमुवारा, उचौरी, पोखरामोड़, अनौनी होते हुए स्टेडियम में पहुंचा। स्टेडियम में पहुंचने के बाद खिलाड़ियों ने प्रबंधक पूर्व सांसद राधेमोहन सिंह के साथ स्व. तेजबहादुर सिंह के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित किया। हाकी खिलाड़ियों ने अपने मेडल उनकी फोटो के समक्ष समर्पित किया।
खिलाड़ी राजकुमार पाल ने कहा कि स्व. तेजू भइया ने हमें यहां तक पहुंचाया है। हम उनके सपनों को पूरा करेंगे। पवन राजभर ने कहा कि पहले ललित उपाध्याय व राजकुमार पाल खेलकर आते थे तो उनका स्वागत होता था, आज मेरा भी हुआ। मैं काफी गौरवान्वित महसूस कर रहा हूं। उत्तम सिंह ने कहा कि एशिया कप में मैच के दौरान हमारी निगाहें केवल गोल पर थी। हम अपनी टीम को स्वर्ण पदक नहीं दिला सके। इसका मलाल तो है लेकिन आगे और बेहतर तैयारी का संकल्प लेकर आए हैं।
उन्होंने कहा कि हमारी कामयाबी स्व. तेजबहादु सिंह को समर्पित है। कोच इंद्रदेव राजभर व सरदार सिंह से मिले प्रशिक्षण को सराहा। पूर्व सांसद राधेमोहन सिंह ने कहा कि तेजू भइया ने जो सपना देखा था वो आज साकार होता देख उनकी याद तो बहुत आती है लेकिन खुशी भी होती है कि उनके द्वारा तराशे गए खिलाड़ी आज अपना मुकाम हासिल कर रहे हैं। उम्मीद है कि आने वाले समय में और भी खिलाड़ी इस स्टेडियम से निकलकर टीम इंडिया का हिस्सा बनेंगे।
उत्तम सिंह को एशिया कप में राइजिग खिलाड़ी आफ द टूर्नामेंट चुने जाने पर हर्ष व्यक्त किया। करमपुर को इन खिलाड़ियों ने दुनियांभर में खेल गांव की पहचान दिलाई है। आशुतोष सिंह, डा. शुभम सिंह, अदालत यादव, प्रदीप सिंह, विजयशंकर सिंह, राजकुमार शर्मा, रजनीश सिंह गुदन आदि थे।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।