E-Bus रूट के यात्री शेड में बेंच गायब, पर विज्ञापनों से हो रही लाखों की कमाई; नोटिस की तैयारी में नगर निगम
गाजियाबाद में 100 इलेक्ट्रिक बसों के लिए बन रहे यात्री शेल्टरों में निजी कंपनी ने बैठने की व्यवस्था किए बिना ही विज्ञापन लगा दिए हैं।

अंबेडकर रोड पर बना बस शेल्टर। जागरण
जागरण संवाददाता, गाजियाबाद। शहर में सार्वजनिक परिवहन को बढ़ावा देने और प्रदूषण कम करने के लिए 100 नई इलेक्ट्रिक बसें चलाने की तैयारी है। इन बसों के निर्धारित रूट पर यात्रियों की सुविधा के लिए 69 यात्री शेड बनाए जाने हैं। इसके लिए नगर निगम ने निजी कंपनी को ठेका दिया है।
शर्त यह है कि कंपनी अपने खर्च पर यात्री शेड बनाएगी और वहां विज्ञापन लगाकर अपनी कमाई करेगी। लेकिन कंपनी ने यात्रियों की सुविधा को दरकिनार कर विज्ञापन से कमाई शुरू कर दी है। कई जगह यात्री शेड तो बना दिए गए हैं, लेकिन उनमें बैठने के लिए बेंच या कुर्सी तक नहीं लगाई गई है। इसके बावजूद यात्री शेड पर विज्ञापन लगा दिए गए हैं। नगर निगम का दावा है कि कंपनी को नोटिस जारी करने की तैयार की जा रही है।
69 यात्री शेड बनाने की योजना तैयार
नगर निगम की ओर से शहर में 69 यात्री शेड बनाने की योजना तैयार की गई है। इनमें से अब तक 20 से अधिक यात्री शेड बनाए जा चुके हैं। ई-बस का संचालन शुरू होने से पहले यात्री शेड बनाने का काम पूरा किया जाना है।
शुरुआत में कंपनी ने शहर के प्रमुख और अधिक आवाजाही वाले स्थानों पर यात्री शेड बनाए हैं। इन स्थानों पर यात्रियों की संख्या अधिक होने के साथ विज्ञापन देखने वालों की संख्या भी ज्यादा रहती है। ऐसे में कंपनी को विज्ञापन के जरिये अच्छी कमाई होने की उम्मीद है।
यही वजह है कि यात्री शेड बनाने के साथ ही उन पर विज्ञापन लगाने का काम भी शुरू कर दिया गया है। निगम की शर्तों के मुताबिक यात्री शेड पर विज्ञापन लगाने से पहले यात्रियों के बैठने की व्यवस्था करनी थी। इसके लिए बेंच या कुर्सियां लगाई जानी थीं।
महिलाओं और बुजुर्गों के आराम पर फोकस
बुजुर्गों, महिलाओं और अन्य यात्रियों को परेशानी न हो। इसके बाद ही यात्री शेड पर विज्ञापन लगाने की अनुमति थी। कंपनी ने इस व्यवस्था को पूरा किए बिना ही विज्ञापन लगा दिए। ऐसे में यात्री बसों का इंतजार करने के दौरान खड़े रहने को मजबूर हैं, जबकि कंपनी विज्ञापनों से कमाई कर रही है।
ई-बसों का संचालन पूरा होने से पहले यात्री शेड बनाए जाने हैं। इन शेड का उपयोग केवल ई-बस के साथ अन्य वाहनों में यात्रा करने वाले यात्री भी करेंगे। कंपनी को पहले यात्री शेडों में यात्रियों के बैठने की व्यवस्था करनी थी। इसके बाद ही विज्ञापन लगाना चाहिए था। कंपनी को नोटिस जारी किया जाएगा। -एनके चौधरी, मुख्य अभियंता, नगर निगम
यह भी पढ़ें- गाजियाबाद: 6 साल में 1107 ट्रांसप्लांट, पत्नी ने दी किडनी तो मां ने बचाई बेटे की जान; अंगदान में महिलाएं अव्वल
यह भी पढ़ें- आठ टीमों की निगरानी के बावजूद ग्रेप नियमों की अनदेखी, गाजियाबाद में AQI फिर 255 पार
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।