आठ टीमों की निगरानी के बावजूद ग्रेप नियमों की अनदेखी, गाजियाबाद में AQI फिर 255 पार
गाजियाबाद में प्रदूषण नियंत्रण के लिए पांच जोन में आठ टीमें तैनात होने के बावजूद ग्रेप नियमों का पालन नहीं हो रहा है, जिससे निर्माण सामग्री और फैक्ट्रियों से प्रदूषण जारी है।

साहिबाबाद औद्योगिक क्षेत्र साइट-4 में उड़ती धूल की तस्वीर। जागरण
HighLights
पांच जोन में आठ टीमें कर रही निगरानी।
ग्रेप नियमों का पालन नहीं हो रहा।
वेद विहार का एक्यूआई 355, रेड जोन में।
जागरण संवाददाता, साहिबाबाद। प्रदूषण रोकथाम के लिए जिले को पांच जोन में बांटकर आठ टीमें निगरानी कर रही हैं। बावजूद इसके ग्रेप के नियमों का पालन नहीं हो पा रहा है। जगह-जगह खुले में पड़ी निर्माण सामग्री, निर्माण साइट पर उड़ती धूल, सड़कों पर उड़ती धूल, फैक्ट्रियों से निकलता धुआं प्रदूषण बोर्ड की निगरानी की पोल खोल रहे हैं।
20 अक्टूबर से ग्रेप के प्रथम चरण की पाबंदियां लागू की गई थीं। इसके बाद दूसरे व तीसरे चरण की पाबंदियां भी लागू हुईं। बीते माह ग्रेप की पाबंदियों का पालन करने के लिए जिले को पांच जोन में बांटा गया था। ट्रांस हिंडन के ज्यादातर क्षेत्रों को जोन-एक और लोनी के क्षेत्रों को जोन-दो में शामिल किया गया।
मोदीनगर, मुरादनगर, दुहाई, मेरठ रोड व राजनगर एक्सटेंशन को जोन-तीन में शामिल किया गया। जीटी रोड पर पड़ने वाले सभी औद्योगिक क्षेत्रों को जोन-चार में शामिल हैं। कम प्रदूषित इलाकों में एक टीम और अधिक प्रदूषित इलाकों में दो-दो टीम गठित की गई थीं, जिन्हें प्रदूषण फैलाने वाले और ग्रेप के नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कार्रवाई करनी थी। आठ टीम गठित करने के बाद भी कोई खास असर दिखाई नहीं दे रहा है।
जोनवार इस तरह से क्षेत्रों को बांटा गया
- जोन-एक : साहिबाबाद, मोहननगर, कौशांबी, वैशाली, इंदिरापुरम, खोड़ा, राजेंद्र नगर, अर्थला।
- जोन-दो : लोनी, आर्य नगर, रूप नगर, ट्रानिका सिटी।
- जोन-तीन : मोदीनगर, मुरादनगर, दुहाई, मेरठ रोड, राजनगर एक्सटेंशन।
- जोन-चार : बीएस रोड, एसएस जीटी रोड, कवि नगर, पांडव नगर।
- जोन-पांच : सिद्धार्थ विहार, वेब सिटी, आदित्य सिटी, जयपुरिया सनराइज, डासना व हापुड़।
रेड जोन में रही वेद विहार की हवा, बाकी क्षेत्रों की खराब
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अनुसार, बुधवार के बाद बृहस्पतिवार को भी जिले का एक्यूआइ 255 दर्ज किया गया। वेद विहार का एक्यूआइ सबसे अधिक 355 रेड जोन में रहा। इसके अलावा डासना देहात, गोविंदपुरम, इंदिरापुरम, लोनी, न्यू तहसील लोनी, संजय नगर, वसुंधरा व वेव सिटी की की हवा खराब श्रेणी में रही।
बृहस्पतिवार को स्टेशनों का AQI
- डासना देहात- 264
- गोविंदपुरम- 279
- इंदिरापुरम- 217
- लोनी- 210
- न्यू तहसील लोनी- 250
- संजय नगर- 220
- वसुंधरा- 229
- वेद विहार- 355
- वेव सिटी- 274
बीते एक सप्ताह के एक्यूआइ की स्थिति
- 25 नवंबर 255
- 24 नवंबर 206
- 23 नवंबर 241
- 22 नवंबर 225
- 21 नवंबर 206
- 20 नवंबर 234
- 19 नवंबर 232
प्रत्येक जोन के लिए गठित की गईं टीमें अपने-अपने स्तर से निगरानी कर रही हैं। रोजाना शाम को रिपोर्ट भी ली जाती है। ग्रेप के नियमों का उल्लंघन करने वालों पर जुर्माना लगाया जाता है। -अंकित सिंह, क्षेत्रीय अधिकारी, यूपीपीसीबी।
यह भी पढ़ें- गाजियाबाद में ऑनलाइन स्वगणना में बचें हैं सिर्फ 4 दिन, ऐसे निपटाएं अपना जरूरी काम
यह भी पढ़ें- गाजियाबाद में तेज रफ्तार वाहन का कहर, 75 फीसद सड़क हादसों में मौत की वजह बनी ओवरस्पीडिंग
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।