गाजियाबाद में तेज रफ्तार वाहन का कहर, 75 फीसद सड़क हादसों में मौत की वजह बनी ओवरस्पीडिंग
गाजियाबाद में बीते साल 400 सड़क मौतों में से 175 हिट एंड रन के कारण हुईं, जो कुल मौतों का 44% है। तेज रफ्तार, गलत दिशा में वाहन चलाना और यातायात नियमों की अनदेखी भी इन हादसों की प्रमुख वजह बनी, जिससे 1097 दुर्घटनाओं में 849 लोग घायल हुए।

गाजियाबाद में तेज रफ्तार वाहन का कहर ( एआई जेनरेटेड इमेज )
HighLights
गाजियाबाद में 400 सड़क मौतों में 175 हिट एंड रन से हुईं।
तेज रफ्तार और यातायात नियमों की अनदेखी हादसों की मुख्य वजह।
शाम ढलने के बाद देर रात तक हादसे अधिक, पुलिस को चुनौती।
विनीत कुमार, गाजियाबाद। सड़क पर टक्कर मारकर भागने वाले वाहन चालकों की लापरवाही ने बीते साल सड़क हादसों की सबसे बड़ी वजह बनी।
जिले में सड़क हादसों में हुई कुल 400 मौतों में से 175 मौत यानि करीब 44 प्रतिशत मौतें हिट एंड रन की श्रेणी में दर्ज दुर्घटनाओं में हुईं। बीते साल सड़क हादसों को लेकर तैयार रिपोर्ट में हादसों के कारण और समय का आंकड़ा तैयार किया गया है।
पुलिस को भी करना पड़ता है कई चुनौतियों का सामना
बीते साल जनपद में 1097 सड़क हादसों में 400 लोगों की मौत और 849 लोग घायल हुए। सड़क हादसों में हिट एंड रन की घटनाओं में सबसे बड़ी समस्या टक्कर मारने वाले वाहन और चालक की पहचान करना है।
अंधेरे में होने वाले हादसों के बाद प्रत्यक्षदर्शियों की कमी और वाहनों की पहचान नहीं हो पाने से पुलिस के सामने भी चुनौती खड़ी होती है। हालांकि प्रमुख चौराहों और मार्गों पर लगे सीसीटीवी कैमरों से पुलिस को ऐसे मामलों की जांच में मदद मिल रही है।
शाम ढलने के बाद से देर रात तक सड़क हादसों का खतरा बढ़ जाता है। इस दौरान सड़कों पर तेज रफ्तार वाहन, भारी वाहनों की आवाजाही और कम दृश्यता दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ाते हैं।
तेज रफ्तार और गलत दिशा में वाहन चलाना भी बड़ी वजह
रात में कई मार्गों पर पर्याप्त रोशनी नहीं होने और यातायात निगरानी कमजोर पड़ने से भी स्थिति गंभीर होती है। ऐसे में वाहन चालकों की लापरवाही राहगीरों और अन्य वाहन सवारों की जान पर भारी पड़ती है।
सड़क हादसों के पीछे तेज रफ्तार और यातायात नियमों की अनदेखी भी प्रमुख कारण हैं। गलत दिशा में वाहन चलाना, नशे में गाड़ी चलाना और निर्धारित गति सीमा का पालन नहीं करना दुर्घटनाओं को बढ़ावा देता है।
सर्वाधिक सड़क हादसे
समय मौत
शाम 6-9 बजे 61
रात 9-12 बजे 75
रात 12-3 बजे 64
तड़के 3-6 बजे 22
सड़क हादसों के कारण
कारण मौत
हिट एंड रन 175
पीछे से टक्कर 85
आमने-सामने टक्कर 36
खड़े वाहन में टक्कर 12
यहां हुई सबसे ज्यादा मौत
मार्ग हादसे मौत
एक्सप्रेसवे 62 38
एनएच 159 66
स्टेट हाइवे 166 71
अन्य मार्ग 710 225
कुल 1097 400
नोट-सभी आंकड़े वर्ष 2025 में हुए सड़क दुर्घटनाओं के हैं।
सड़क हादसों पर अंकुश लगाने के लिए सभी स्तर से प्रयास किए जा रहे हैं। जनपद में शून्य मृत्यु गलियारा (जेडएफडी) के तहत सड़क हादसों की रोकथाम के लिए काम किया जा रहा है।--वरुण कुमार सिंह, एडीसीपी ट्रैफिक
यह भी पढ़ें- गाजियाबाद में ऑनलाइन स्वगणना में बचें हैं सिर्फ 4 दिन, ऐसे निपटाएं अपना जरूरी काम
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।