Ghaziabad Crime: पहले कमरे में बैठकर खूब पिलाई शराब, फिर साथी ने की कामगार नेतराम शर्मा की हत्या
कामगार नेतराम शर्मा की हत्या का पुलिस ने खुलासा किया है। 21 मार्च को प्रगति विहार स्थित मकान में नेतराम शर्मा का शव मिला था। पुलिस ने जांच के बाद उनके साथी सुधीर शर्मा को गिरफ्तार किया है। सुधीर ने नेतराम को अंग्रेजी और देसी शराब पिलाकर बेहोश कर दिया और कमरा बंद करके फरार हो गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

जागरण संवाददाता, साहिबाबाद। प्रगति विहार स्थित मकान में 21 मार्च को मिले कामगार नेतराम शर्मा की हत्या के मामले में पुलिस ने खुलासा कर उसके साथी को गिरफ्तार किया है। पुलिस का दावा है कि आरोपित का नेतराम से अक्सर विवाद होता था।
क्यों कमरा बंद कर भाग गया था आरोपित?
खुन्नस में आकर उसने नेतराम को देसी और अंग्रेजी शराब मिलाकर अधिक मात्रा में पिला दी। इसके बाद बेहोश होने पर वह उसे कमरे में बंद कर के भाग गया था।
.jpg)
हत्या मामले में क्या बोली पुलिस?
एसीपी इंदिरापुरम अभिषेक श्रीवास्तव ने बताया कि नेतराम का शव सड़ी-गली हालत में मिला था। फर्रुखाबाद के चंदपुर का रहने वाला नेतराम पेंट का काम करता था। पुलिस ने जब जांच शुरू की तो उसके साथी फर्रुखाबाद के ही कमालगंज स्थित उबरापुर निवासी सुधीर शर्मा का पता चला। परिस्थिति के आधार पर मिले साक्ष्यों के तहत हत्या का आरोपी मानकर सुधीर को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस पूछताछ में कबूला गुनाह
आरोपित ने पूछताछ में नेतराम को अधिक मात्रा में देसी और अंग्रेजी शराब मिलाकर पिलाने और बेहोश होने के बाद कमरे में बंद करके भागने की बात स्वीकार की है। एसीपी ने बताया कि काम के दौरान पहचान होने के बाद 10 मार्च को किराये के मकान में रहने लगे थे।
दोनों के बीच क्यों होता था झगड़ा?
नेतराम होटल से खाना मंगाकर खाता था और सुधीर कमरे में बनाता था। इस बात को लेकर दोनों में झगड़ा भी होता था। कई बार बात गाली-गलौज और हाथापाई तक पहुंच चुकी थी। पूछताछ में सुधीर ने बताया कि उसने नेतराम को जान से मारने की योजना बनाई थी। साथ ही इसके लिए दो तरह अंग्रेजी व देसी शराब को मिलाकर अधिक मात्रा में नेतराम को पिला दी।
सीसीटीवी कैमरों की फुटेज ने खोल दिया मामला
इसके बाद नेतराम बेहोशी की हालत में जमीन पर गिर गया। इसके बाद सुधीर उस पर कंबल डालकर कमरे में ताला डालकर भाग गया। उसे ताला डालते हुए पड़ोसी युवक ने भी देखा था।
कमरे से बदबू आने पर पड़ोसियों ने बुलाई पुलिस
जांच के दौरान पुलिस को सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी मिली। 21 मार्च को कमरे से बदबू आने पर मकान मालिक ने पुलिस को बुलाया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में शरीर पर चोटों के निशान नहीं आए हैं। इसकी वजह से बिसरा नमूना को सुरक्षित रख जांच के लिए लैब भेजा गया है।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।