गाजियाबाद के खोड़ा में दंपती में हुआ आपसी विवाद, पत्नी की कर दी हत्या
गाजियाबाद के खोड़ा थाना क्षेत्र में एक महिला की हत्या हो गई है। पुलिस ने शक के आधार पर महिला के पति को हिरासत में ले लिया है और मामले की जांच कर रही है। शुरुआती जांच में पता चला है कि पति-पत्नी के बीच विवाद था। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है ताकि मौत का सही कारण पता चल सके।

जागरण संवाददाता, साहिबाबाद। खोड़ा थाना क्षेत्र में शनिवार सुबह महिला की हत्या का मामला सामने आया है। पुलिस ने हत्या के आरोप में पति को हिरासत में लिया है। पुलिस का दावा है कि हत्या की वजह सामने नहीं आई है। पति से पूछताछ में दोनों में विवाद होने की जानकारी मिली है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
एसीपी इंदिरापुरम अभिषेक श्रीवास्तव ने बताया कि महिला संत कुमारी (37) और उनका पति अर्जुन चार बच्चों के साथ खोड़ा में किराये के मकान में रहते थे। अर्जुन घरों में पुताई का काम करता है जबकि संत दुलारी घरेलू सहायिका के तौर पर काम करती थी।
दोनों की शादी को 15 साल हो गए हैं। परिवार में दोनों के अलावा चार बच्चे प्रिंस (15), सुहानी (12), टिंकल (9) और रूबी (5) वर्ष हैं। अर्जुन मूलरूप से बदायूं के गांव बंजरिया, थाना बिसौली का रहने वाला है। शनिवार सुबह अस्पताल से सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची थी।
पुलिस ने मौके पर शव को देखा और पूछताछ की। शव पर चोट के निशान नहीं थे। स्वजन ने पुलिस को कोई जानकारी नहीं दी और महिला को लेकर सीधा अस्पताल आए थे।
एसीपी ने बताया कि शुरुआती पूछताछ में दंपती में विवाद सामने आया है। पूछताछ के दौरान ही हत्या का शक होने पर पति अर्जुन को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से हत्या की वजह साफ हो सकेगी।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।