Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    Ghaziabad BJP Candidate: कौन हैं संजीव शर्मा? जिन्हें 17 साल बाद भाजपा ने दिया इनाम; सपा की बढ़ेगी टेंशन

    Updated: Thu, 24 Oct 2024 01:09 PM (IST)

    भाजपा ने 24 अक्टूबर को उत्तर प्रदेश विधानसभा उपचुनाव के लिए सात उम्मीदवारों का एलान किया। गाजियाबाद शहर विधानसभा सीट पर Sanjeev Sharma को प्रत्याशी बनाया। संजीव शर्मा वर्ष 2007 में भाजपा से जुड़े थे। भाजपा द्वारा ब्राह्मण चेहरे पर दांव लगाने के बाद अब सपा के सामने उम्मीदवार उतारने को लेकर टेंशन बढ़ गई है। सपा जल्द ही जातीय समीकरण साधते हुए अपने प्रत्याशी का एलान कर सकती है।

    Hero Image
    गाजियाबाद शहर विधानसभा सीट से भाजपा प्रत्याशी संजीव शर्मा।

    अभिषेक सिंह, गाजियाबाद। Ghaziabad BJP Candidate : गाजियाबाद शहर विधानसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव में भाजपा की ओर से घोषित प्रत्याशी संजीव शर्मा (Sanjeev Sharma) वर्ष 2007 में भारतीय जनता पार्टी के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष मुरली मनोहर जोशी के नेतृत्व में पार्टी में शामिल हुए। गाजियाबाद महानगर में संगठन को मजबूत करने में उनकी अहम भूमिका रही, यही वजह रही कि पार्टी ने अब उनको बतौर प्रत्याशी चुनाव के मैदान में उतारा है।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    युवाओं को भाजपा से जोड़ा

    भाजपा में शामिल होने के बाद संजीव शर्मा भारतीय जनता युवा मोर्चा के महानगर अध्यक्ष पद पर तीन वर्ष तक कार्यरत रहे। इस दौरान पार्टी को मजबूत करने के लिए उन्होंने युवाओं को भाजपा से जोड़ा।

    उनके कार्य को देखते हुए पार्टी ने उन्हें सूचना एवं रोजगार प्रकोष्ठ का प्रदेश संयोजक का दायित्व सौंपा। वर्ष 2013 में भारतीय जनता पार्टी का महानगर महामंत्री बनाया, इस दौरान प्रचार प्रसार विभाग के क्षेत्रीय संयोजक का कार्यभार संभाला।

    2022 के विधानसभा चुनाव में रही अहम भूमिका

    वर्ष 2019 में भारतीय जनता पार्टी के महानगर अध्यक्ष के रूप में उनको जिम्मेदारी सौंपी गई। संजीव के महानगर अध्यक्ष बनने के बाद 2022 के विधानसभा चुनाव में गाजियाबाद महानगर के अंतर्गत आने वाली गाजियाबाद शहर, साहिबाबाद और मुरादनगर विधानसभा क्षेत्र में तीनों विधायकों ने पहले से ज्यादा मतों से विजय प्राप्त की। इसके बाद ब्लॉक प्रमुख के चुनाव में दोनों ब्लॉक प्रमुख को जीत मिली।

    नगर निगम के चुनाव में दिखाया जलवा

    जिला पंचायत अध्यक्ष के पद पर भी भाजपा ने कब्जा जमाया। नगर निगम के चुनाव में पार्टी ने महापौर के साथ-साथ 67 पार्षदों के साथ रिकॉर्ड जीत हासिल की। वर्ष 2024 के लोकसभा चुनाव में गाजियाबाद से सांसद प्रत्याशी अतुल गर्ग ने जीत हासिल की। चुनाव में लगातार भाजपा प्रत्याशियों की जीत को लेकर संगठन को मजबूत करने में संजीव शर्मा की अहम भूमिका रही।

    अतुल गर्ग की फाइल फोटो।

    उप चुनाव: बसपा के परमानंद गर्ग आज करेंगे नामांकन

    गाजियाबाद शहर सीट उपचुनाव के लिए बसपा प्रत्याशी परमानंद गर्ग आज नामांकन करेंगे। सपा छोड़कर बसपा का दामन थामने वाले परमानंद गर्ग को कई दिन पहले बसपा ने प्रत्याशी घोषित किया था। बसपा इस सीट पर चुनाव जीत चुकी है। इस सीट से वैश्य नेता के तौर पर सुरेश बंसल विधानसभा पहुंचे थे। कोविड के दौरान उनका निधन हो गया।

    2022 में हुए विधानसभा चुनाव में बसपा ने यहां से भाजपा नेता को अपने पाले में लाकर उम्मीदवार बनाया था। वैश्य वर्ग से ताल्लुक रखने वाले परमानंद गर्ग मजबूत दावेदार के रूप में देखे जा रहे हैं। पर्चा दाखिल करने जाते समय सभी कार्यकर्ता न्यू आर्य नगर फव्वारा चौक पर एकत्रित होंगे। जिसके बाद पीएन गर्ग नवयुग मार्केट स्थित बाबा साहब अंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण करने के बाद पर्चा भरने कलेक्ट्रेट पहुंचेंगे।

    ये भी पढ़ें-

    UP By-Election: भाजपा ने ब्राह्मण चेहरे पर लगाया दांव, गाजियाबाद सीट पर संजीव शर्मा को दिया टिकट