Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck

    गाजियाबाद में रहे CM योगी, कई सड़कों पर जाम से जूझे लोग; पुलिस ने बेरिकेडिंग कर बंद किए थे कई रास्ते

    Updated: Thu, 03 Apr 2025 08:34 AM (IST)

    मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के गाजियाबाद दौरे के दौरान ट्रैफिक व्यवस्था चरमरा गई। सरस्वती विद्या मंदिर में आयोजित संघ और भाजपा की बैठक में शामिल होने के लिए सीएम के काफिले के चलते कई सड़कों पर जाम लग गया। दोपहर में स्कूलों की छुट्टी के कारण बच्चे भी जाम में फंस गए। अस्पताल जाने वाले लोगों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा।

    Hero Image
    सीएम योगी के आगमन पर आरडीसी आरओबी पर लगा जाम। फोटो- जागरण

    जागरण संवाददाता, गाजिायबाद। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बुधवार को नेहरू नगर स्थित सरस्वती विद्या मंदिर में आयोजित संघ और भाजपा की समन्वय बैठक में भाग लेने के चलते ट्रैफिक पुलिस की अव्यवस्था से वाहन चालक परेशान रहे।

    दोपहर में मुख्यमंत्री का काफिला नहीं निकला, लेकिन पुलिस ने पूरे रूट को करीब आधा घंटे तक बंद कर दिया। इससे शहर की कई सड़कों पर जाम लग गया।

    आरओबी की एक लेन बंद करने से लगा भीषण जाम

    दोपहर में स्कूलों की छुट्टी के कारण बच्चे भी जाम में फंसे रहे। मुख्यमंत्री के आगमन को देखते हुए कड़ी निगरानी के बीच बुलंदशहर औद्योगिक क्षेत्र को संजय नगर से जोड़ने वाले महाराणा प्रताप मार्ग पर कई जगह बैरिकेडिंग की गई थी।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    पुलिस नासिरपुर रेलवे फाटक पर भी तैनात रही। नासिरपुर फाटक से होली चाइल्ड चौराहे की तरफ जाने वाले आरओबी की एक लेन को भी बंद कर दिया गया है।

    नेहरू नगर स्थित सरस्वती विद्या मंदिर में आयोजित संघ और भाजपा की समन्वय बैठक में भाग लेने पहंचे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ। जागरण

    सुबह करीब साढ़े 11 बजे मुख्यमंत्री कार्यक्रम स्थल पर पहुंचे। पुलिस ने मुख्यमंत्री के आवाजाही वाले रूट पर कुछ देर के लिए यातायात रोका। वीआइपी मूवमेंट के दौरान भी यातायात रोका गया। दोपहर करीब पौने तीन बजे मुख्यमंत्री के बाहर निकलने की सूचना आने के बाद पुलिस ने पूरे रूट पर वाहनों को रोक दिया, लेकिन करीब आधा घंटे तक मुख्यमंत्री का काफिला निकला ही नहीं।

    इससे होली चाइल्ड चौराहा, नासिरपुर फाटक, संजय नगर मुख्य मार्ग, हापुड़ चुंगी, डायमंड कट, राजनगर एक्सटेंशन चौराहा, राजनगर एक्सटेंशन मुख्य मार्ग, नागद्वार पर वाहनों का जमावड़ा हो गया। सीएम के आने के बाद दोपहर करीब सवा तीन बजे वाहनों को आवाजाही करने दी गई।

    अस्पताल जाने में लोगों को हुई परेशानी

    मुख्यमंत्री के आने के बाद नेहरूनगर में यशोदा अस्पताल जाने वाली सड़क को रोक दिया गया। इस दौरान लोग पुलिस कर्मियों से मिन्नतें करते दिखे। कविनगर से आए लोकेश ने बताया कि अस्पताल में उनका डाक्टर से अप्वाइंटमेंट था, लेकिन रास्ते बंद होने की वजह से कार भी दूर खड़ी की है।

    नेहरू नगर स्थित सरस्वती विद्या मंदिर में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कार्यक्रम के दौरान यशोदा अस्पताल की ओर जाने वाले रास्ते को बंद किए जाने पर व्यवस्था में तैनात पुलिसकर्मियों से जाने देने की प्रार्थना करता व्यक्ति दीपक। फोटो- अनिल बराल

    अब पुलिसकर्मी डेढ़ किलोमीटर घूमकर गांधीनगर की तरफ से आने की बात बोल रहे हैं। अस्पताल में भर्ती मरीज से मिलने आए दीपक भी पुलिस से उलझते दिखे।

    प्रदेश अध्यक्ष का किया स्वागत

    नेहरू नगर में आयोजित बैठक में शामिल होने के लिए भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी भी गाजियाबाद पहुंचे। डायमंड फ्लाईओवर के पास क्षेत्रीय अध्यक्ष सतेंद्र सिसोदिया के नेतृत्व में महानगर अध्यक्ष मयंक गोयल, भाजपा नेता गुंजन शर्मा सहित अन्य भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने स्वागत किया।