Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    Ghaziabad Nikay Chunav: खोड़ा में मोहिनी ने पहले ही बनाई बढ़त, निर्दलयी प्रत्याशी ने BJP प्रत्याशी को हराया

    By Abhishek SinghEdited By: Geetarjun
    Updated: Sat, 13 May 2023 10:07 PM (IST)

    UP Nikay Chunav नगर पालिका परिषद खोड़ा मकनपुर में 10 प्रत्याशी चेयरमैन पद पर चुनाव लड़ रहे थे जिसमें निर्दलीय प्रत्याशी मोहिनी शर्मा को जीत हासिल हुई ...और पढ़ें

    Hero Image
    खोड़ा में मोहिनी ने पहले ही बनाई बढ़त, निर्दलयी प्रत्याशी ने BJP प्रत्याशी को हराया

    गाजियाबाद, जागरण संवाददाता। नगर पालिका परिषद खोड़ा मकनपुर में 10 प्रत्याशी चेयरमैन पद पर चुनाव लड़ रहे थे, जिसमें निर्दलीय प्रत्याशी मोहिनी शर्मा को जीत हासिल हुई है। उन्होंने भाजपा से चेयरमैन प्रत्याशी रीना भाटी को 5,769 मतों से हराया। शाम छह बजे जब आरओ रामजतन मिश्र ने उनको विजयी हाेने का प्रमाण पत्र दिया तो समर्थकों ने मोहिनी शर्मा जिंदाबाद के नारे लगाए।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    नगर पालिका परिषद खोड़ा मकनपुर की पहले चक्र की मतगणना में निर्दलीय प्रत्याशी मोहिनी शर्मा को 7,230, भाजपा प्रत्याशी रीना भाटी को 5,480 मत प्राप्त हुए, अन्य कोई भी प्रत्याशी एक हजार मत भी प्राप्त नहीं कर सका। मोहिनी शर्मा ने पहले चक्र में 1,750 वोट से रीना भाटी से बढ़त बनाई जो कि अगले चक्रों की गिनती के साथ लगातार बढ़ती गई।

    दूसरे, तीसरे, चौथे, पांचवें, छठे और सातवें चक्र तक मोहिनी शर्मा ने लगातार सभी प्रत्याशियों को शिकस्त दी। आठवें चक्र में रीना भाटी को 718 और मोहिनी शर्मा को 586 मत प्राप्त हुए। यही वो चक्र था, जिसमें रीना भाटी ने मोहिनी शर्मा को शिकस्त दी लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी और मोहिनी शर्मा को अंत में 5,769 वोटों से विजयी घोषित किया गया।

    नोटा से भी पिछड़े तीन प्रत्याशी

    नगर पालिका परिषद खोड़ा मकनपुर में 73,695 मतदाताओं ने मतदान किया था, इनमें से 4,548 मतों को रद किया गया। 69,147 मतों को विधिमान्य माना गया। इनमें से 501 मत नोटा को मिले, जबकि 10 में से तीन प्रत्याशी भाकपा की आशा देवी, सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी की सुनीता झा को 184 और निर्दलीय प्रत्याशी आरती देवी को 195 मत प्राप्त हुए हैं।

    साहिबाबाद के पूर्व विधायक अमरपाल की पत्नी हैं मोहिनी शर्मा

    मोहिनी शर्मा साहिबाबाद विधानसभा क्षेत्र से पूर्व में विधायक रहे अमरपाल शर्मा की पत्नी हैं। उन्होंने 2017 में भी चुनाव लड़ा था, लेकिन उस वक्त भाजपा प्रत्याशी रीना भाटी ने उनको हरा दिया था। अमरपाल शर्मा वर्तमान में सपा में हैं, सपा ने एक साल पहले हुए विधानसभा चुनाव में उनको प्रत्याशी बनाया था। विधानसभा चुनाव में भाजपा के सुनील शर्मा ने अमरपाल शर्मा को रिकार्ड मतों से शिकस्त दी थी।

    मतगणना के दौरान हंगामा

    खोड़ा में दूसरे चक्र की मतगणना के दौरान हंगामा भी देखने को मिला। मोहिनी शर्मा के समर्थक सतेंद्र सिंह ने 11 नंबर टेबल पर मतगणना के दौरान मगतणना कर रहे कर्मचारियों पर उन वोटों को भी भाजपा प्रत्याशी के पक्ष में शामिल करने का आरोप लगाया, जिसमें कमल के फूल पर मुहर नहीं लगी थी। हंगामे की सूचना पर अपर नगर मजिस्ट्रेट निखिल चक्रवर्ती मौके पर पहुंचे, उन्होंने निष्पक्ष मतगणना का आश्वासन देकर लोगों को शांत किया।

    नगर पालिका परिषद खोड़ा-मकनपुर के मतदाताओं का आभार प्रकट करती हूं कि उन्होंने मुझ पर विश्वास जताया है। मैंने उनसे चुनाव के दौरान जो वादे किए हैं, उनको पूरा करूंगी। खोड़ा में पेयजल की समस्या गंभीर है, उसका समाधान कराना मेरी प्राथमिकता होगा। - मोहिनी शर्मा।

    प्रत्याशी                     दल                मिले मत

    आशा देवी              भाकपा                131

    उर्मिला सिंह            कांग्रेस                 610

    तबस्सुम जहां    एआइएमआइएम         888

    मुन्नी देवी                 बसपा              4,746

    रीना देवी                भाजपा             27,273

    सीमा देवी                 आप                 726

    संगीता देवी                सपा                 851

    सुनीता झा      सुहेलदेव भा.स. पार्टी      184

    आरती देवी              निर्दलीय              195

    मोहिनी शर्मा            निर्दलीय          33,042

    नोटा - 502