छत पर पतंग उड़ाते समय किशोर की टूट गई जिंदगी की डोर, घर में पसरा मातम; इलाके के बच्चों में दहशत
गाजियाबाद के विजयनगर में एक दस वर्षीय बालक अरीब पतंग उड़ाते समय छत से गिर गया। गंभीर चोटों के कारण उसकी मृत्यु हो गई। वह अपने भाईयों के साथ पतंग उड़ा रहा था और पीछे हटते समय छत से नीचे गिर गया। इस घटना से पूरे इलाके में शोक की लहर है और बच्चों में दहशत का माहौल है। कई बच्चों ने पतंग न उड़ाने का संकल्प लिया।

जागरण संवाददाता,गाजियाबाद। दिन मंगलवार। स्थान विजयनगर स्थित लाल क्वार्टर डूडा कॉलोनी में चांद खान का घर। समय शाम के पांच बजे। चांद का दस वर्षीय बेटा अरीब भाई साहिल और रिहान के संग छत पर पतंग उड़ा रहा था। पहले पतंग को ऊंचाई पर ले जाने को अरीब ने खूब डोर छोड़ी, बाद में डोर को समेटते समय वह छत पर पीछे हटता चला गया।
इसी के चलते वह भूल गया कि छत पर बाउंड्री नहीं है और पीछे की ओर छत से नीचे गिर पड़ा। गिरते ही उसके दोनों भाई और दोस्तों के अलावा आसपास के लोगों ने शोर मचाते हुए स्वजन को बताया कि अरीब छत से गिर गया है। चांद तुरंत बेटे को जिला एमएमजी अस्पताल की इमरजेंसी में लेकर पहुंचे।
इमरजेंसी में चिकित्सकों ने अरीब को प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर कर दिया। चिकित्सकों के अनुसार अरीब के सिर में गंभीर चोट लगी हुई थी। रीढ़ की हड्डी में भी चोट थी। कान के पास रक्तस्राव हो रहा था।
स्वजन अरीब को दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में लेकर पहुंचे। बच्चे की हालत सुधरने की जगह बिगड़ती चली गई। जिला एमएमजी अस्पताल के सीएमएस को लिखे गये पत्र में चांद ने बताया कि बुधवार सुबह दस बजे अरीब की मृत्यु हो गई है।
चांद ने मंगलवार को इमरजेंसी में कराई गई एमएलसी की रिपोर्ट मांगी है। देर शाम को दिल्ली में पोस्टमार्टम के बाद अरीब का शव स्वजन को सौंपा गया। अरीब की मां रेशमा और भाई साहिल व रिहान का रो रोकर बुरा हाल है।
पड़ोस में रहने वाली अध्यापक भावना ने बताया कि छत पर तीनों भाई एक साथ पतंग उड़ा रहे थे। इस घटना के बाद पूरे क्षेत्र के बच्चों में दहशत का माहौल है। घरों में मातम छा गया है। अधिकांश बच्चों ने पतंग न उड़ाने का भी संकल्प लिया है। मृतक किशोर कक्षा तीन का छात्र था।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।